पुलिस की बदसलूकी के बाद मोदी ने निशांत को लगाया गले, क्या है सियासी संकेत?

BJP के शीर्ष नेतृत्व की ओर से सार्वजनिक तौर पर दिया गया यह भरोसा बताता है कि बिहार की नई सत्ता व्यवस्था में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को कमजोर खिलाड़ी नहीं समझा जा सकता

पीएम मोदी के साथ निशांत कुमार

जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू में नीतीश कुमार के बाद के दौर में निशांत कुमार धीरे-धीरे लेकिन स्पष्ट रूप से पार्टी के सबसे अहम चेहरे के तौर पर उभर रहे हैं. नीतीश के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री को आगे बढ़ाना सिर्फ परिवार के भीतर राजनीतिक विरासत सौंपने का मामला नहीं है. 

यह इस बात से भी जुड़ा है कि क्या जेडीयू को ऐसा नेता मिल सकता है जो नीतीश की राजनीतिक संभाल सके, उनके बनाए सामाजिक गठबंधन को एकजुट रख सके और BJP के नेतृत्व वाली सरकार में पार्टी के लिए लंबे समय तक मजबूत जगह बना सके.

तीन दिनों के भीतर हुई दो घटनाओं से सत्ता में इस बदलाव की कुछ झलक मिली. पहली घटना में एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर निशांत को पीछे धकेल दिया. दूसरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक मंच पर उन्हें गले लगा लिया.

18 नवंबर को वैशाली के राजापाकर में निरीक्षण के दौरान निशांत को कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी ने रोक दिया और पीछे धकेल दिया. यह पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा टीम में तैनात था. निशांत मुख्यमंत्री के पास जाने की कोशिश कर रहे थे.

दोनों नेता 21 नवंबर को मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा ले रहे थे. इस घटना का वीडियो वायरल हो गया. बाद में पुलिस ने इसे मानवीय भूल बताया. हालांकि इससे राजनीतिक विवाद नहीं थमा. विपक्ष ने भी वीडियो को प्रसारित करने में देर नहीं की.

लेकिन निशांत की प्रतिक्रिया किसी नए-नवेले नेता जैसी नहीं, बल्कि काफी परिपक्व थी. उन्होंने अपना आपा नहीं खोया. न पुलिसकर्मी से बहस की और न ही इसे सार्वजनिक टकराव का मुद्दा बनाया. वे चुपचाप वहां से हट गए. BJP नेता के नेतृत्व वाली सरकार में अपनी जगह बना रहे एक नेता के लिए इस तरह का संयम अहम था. इससे राजनीतिक बहस का जवाब देने की जिम्मेदारी दूसरों पर छोड़ने का मौका भी मिला.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी निशांत कुमार को रोकते हुए

जेडीयू इस घटना से नाराज थी. पार्टी नेताओं ने पुलिस मुख्यालय से जांच कराने की मांग की. उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक दौरे में साथ मौजूद एक कैबिनेट मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार कैसे किया जा सकता है.

वहीं विपक्ष ने सम्राट चौधरी के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ने के नीतीश के फैसले का मजाक उड़ाया. उसका इशारा था कि पूर्व मुख्यमंत्री के इस त्याग के बावजूद नई सरकार में उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा है. इस घटना ने जेडीयू और BJP के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे लोगों को एक और मुद्दा दे दिया.

इसके बाद 21 नवंबर को तस्वीर बदल गई. वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के पुल 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन के दौरान मोदी ने मंच पर निशांत को गले लगाया. यह पल भले ही छोटा था लेकिन इसके राजनीतिक मायने कहीं बड़े थे. 

सुरक्षा विवाद के बाद इस घटना को राजनीतिक हलकों में BJP के शीर्ष नेतृत्व की ओर से सार्वजनिक भरोसे के तौर पर देखा गया. संदेश साफ था कि बिहार की नई सत्ता व्यवस्था में निशांत को कमजोर खिलाड़ी नहीं समझा जा सकता. साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में नीतीश का कद अब भी बड़ा है.

मोदी ने सार्वजनिक रूप से बिहार के लिए नीतीश के योगदान को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी और उनकी टीम पूर्व मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से राज्य की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है. नीतीश के योगदान को सम्मान देते हुए पुल का नाम भी नीतीश सेतु रखा गया है.

निशांत के लिए मोदी का गले लगाना सिर्फ एक तस्वीर तक सीमित नहीं है. इसके राजनीतिक मायने कहीं ज्यादा हैं. निशांत ने सक्रिय राजनीतिक में आने के लिए काफी वक्त लिया. वे 8 मार्च को औपचारिक रूप से जेडीयू में शामिल हुए थे. उनका राजनीति में प्रवेश तब हुआ जब उनके पिता राज्यसभा चले गए और बिहार में BJP के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नई सरकार बनी.

7 मई को निशांत को सम्राट चौधरी के विस्तारित मंत्रिमंडल में शामिल किया गया और स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई. 21 जून को जेडीयू की राज्य परिषद ने एक प्रस्ताव पारित कर संगठन में उन्हें बड़ी भूमिका देने की मांग की. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने निशांत को पार्टी का भविष्य बताया. 

सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में शामिल होने के दौरान शपथ लेते निशांत

इस तरह निशांत का राजनीतिक सफर असामान्य रूप से तेजी से आगे बढ़ा है. कुछ ही महीनों में वे राजनीति में नए चेहरे से कैबिनेट मंत्री और पार्टी के संभावित प्रमुख चेहरे बन गए.

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जेडीयू के मौजूदा नेतृत्व की सीमाओं के कारण निशांत का उभार इतना अहम हो गया है. बिहार में जेडीयू के दो उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी (69) और बिजेंद्र प्रसाद यादव (79) अनुभवी नेता और प्रशासक हैं. सरकार में उनका सम्मान भी है. यादव सुपौल से नौ बार विधायक रह चुके हैं जबकि चौधरी वरिष्ठ नेता और नीतीश के करीबी हैं.

लेकिन इन दोनों में से किसी का भी पूरे बिहार में वैसा प्रभाव नहीं है जैसा नीतीश ने दो दशक में बनाया है. दोनों उपमुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से उस व्यापक सामाजिक गठबंधन का प्रतिनिधित्व भी नहीं करते जिसे नीतीश ने काफी मेहनत से तैयार किया था. इस गठबंधन में कुर्मी, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, महिलाएं और दूसरे सामाजिक समूह शामिल हैं.

निशांत को आगे बढ़ाने का एक और अहम पहलू है. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि 2005 बैच के IAS अधिकारी हैं. वे IIT कानपुर के पूर्व छात्र हैं और बिहार कैडर के अनुभवी नौकरशाहों में गिने जाते हैं. नीतीश के भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल रवि मुख्यमंत्री सचिवालय में भी काम कर चुके हैं. इस साल जून में उन्हें स्वास्थ्य विभाग में भेजा गया था. उनकी मौजूदगी से ऐसे विभाग को काफी प्रशासनिक अनुभव मिलता है जो राजनीतिक रूप से भी अहम है और जिसके सामने संस्थागत स्तर पर कई चुनौतियां हैं.

निशांत के लिए ऐसे अनुभवी नौकरशाह का साथ काफी मददगार साबित हो सकता है जो सरकारी व्यवस्था को समझता है और उनके पिता के काम करने के तरीके से भी परिचित है. इससे उन्हें जमीन पर असर दिखाने वाले काम करने में मदद मिल सकती है. निशांत अस्पतालों के औचक निरीक्षण और स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं को दूर करने की कोशिशों से पहले ही अपनी छाप छोड़ चुके हैं.

यही जेडीयू के सामने बड़ी चुनौती है. बिहार विधानसभा में 85 विधायकों के साथ पार्टी अब भी एक बड़ी राजनीतिक ताकत है. लेकिन उसका भविष्य तेजी से निशांत पर निर्भर होता दिख रहा है. उन्हें यह साबित करना होगा कि वे आगे चलकर अपने पिता जैसा राज्यव्यापी जनाधार बना सकते हैं और उस गठबंधन को एकजुट रख सकते हैं, जिसने लंबे समय तक नीतीश को सत्ता में बनाए रखा. 

निशांत के पास एक ऐसी खासियत है जो पार्टी के किसी दूसरे नेता के पास नहीं है. वे नीतीश की राजनीतिक विरासत से सीधे जुड़े हैं. सवाल यह है कि क्या वे इस विरासत को अपने स्वतंत्र राजनीतिक जनाधार में बदल पाएंगे.

इसी वजह से सरकार में निशांत की भूमिका का महत्व बढ़ गया है. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उन्हें आगे चलकर जेडीयू का एकमात्र उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. इससे सरकार में उनकी पहचान और भूमिका दोनों बढ़ेंगी. साथ ही यह संकेत भी मिलेगा कि जेडीयू नई पीढ़ी के नेतृत्व के इर्द-गिर्द खुद को नए सिरे से संगठित कर रही है.

फिलहाल निशांत के सामने पार्टी और सरकार में अपनी जगह मजबूत करने की चुनौती है. उन्हें यह भी ध्यान रखना होगा कि ऐसा न लगे कि वे जल्दबाजी में अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभालना चाहते हैं. 

18 नवंबर की घटना ने सत्ता में बदलाव के दौर में गठबंधन की असहज स्थिति उजागर की. इसमें BJP मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम ने जेडीयू के एक मंत्री को पीछे धकेल दिया था. इसके तीन दिन बाद मोदी के गले लगाने की घटना ने पहचान और साथ लेकर चलने की एक अलग तस्वीर पेश की. इससे भले ही सत्ता में हिस्सेदारी या उत्तराधिकार से जुड़े सवाल हल न हुए हों, लेकिन सहयोगी दलों के बीच तनाव का फायदा उठाने की कोशिश करने वालों को एक संदेश जरूर गया है.

वहीं निशांत ने अपने व्यवहार से परिपक्वता दिखाई है. उन्होंने यह संकेत दिया कि बिहार की राजनीति में कभी-कभी सबसे असरदार जवाब टकराव करना नहीं, बल्कि संयम बनाए रखना होता है. विवाद को अपनी राह पर चलने देना और अगले राजनीतिक संकेत को खुद बोलने देना भी उतना ही अहम हो सकता है.

Read more!