तीन बीच को 'ब्लू फ्लैग' दर्जा मिलने के बाद कैसे बदलेगा महाराष्ट्र का समुद्री पर्यटन?

गुहागर, लाडघर और श्रीवर्धन को ब्लू फ्लैग का दर्जा मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार इन समुद्र तटों पर विरासत, स्थानीय परंपराओं और पारिस्थितिक महत्व को शामिल करते हुए पर्यटन का एक बड़ा इकोसिस्टम तैयार करने की योजना बना रही है

पर्यावरण मानकों पर खरा उतरने के बाद मिलता है 'ब्लू फ्लैग' का दर्जा (सांकेतिक तस्वीर)

महाराष्ट्र की पर्यटन अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. राज्य के तीन समुद्र तटों को हाल ही में प्रतिष्ठित 'ब्लू फ्लैग' का दर्जा मिला है. यह अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन (इंटरनेशनल सर्टिफिकेशन) उन समुद्र तटों को दिया जाता है जो पर्यावरण, प्रबंधन और पानी की गुणवत्ता से जुड़े कड़े मानकों पर खरे उतरते हैं.

जिन समुद्र तटों को यह दर्जा मिला है उनमें रत्नागिरी जिले के गुहागर और लाडघर तथा रायगढ़ जिले का श्रीवर्धन शामिल हैं. ब्लू फ्लैग का दर्जा मिलने से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. इसकी वजह पानी की बेहतर गुणवत्ता के साथ वाटर स्पोर्ट्स, लाइफगार्ड, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा के दूसरे इंतजाम जैसी सुविधाएं हैं.

अब तक भारत के 22 समुद्र तटों को ब्लू फ्लैट का टैग मिल चुका है. केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने तटीय राज्यों से ऐसे और मॉडल पर्यटन स्थल विकसित करने को कहा है.

महाराष्ट्र की तटरेखा 720 किलोमीटर लंबी है, जो पालघर से सिंधुदुर्ग जिले तक फैली हुई है. महाराष्ट्र की पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे का कहना है कि यह सर्टिफिकेशन पर्यावरण संरक्षण, साफ-सफाई और टिकाऊ पर्यटन को लेकर राज्य की कोशिशों को पहचान देता है.

महाराष्ट्र के पर्यटन सचिव संजय यादव ने कहा कि ब्लू फ्लैग का दर्जा हासिल करने वाले ये राज्य के पहले तीन समुद्र तट हैं. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायतों को दिया.

अब तक भारत के 22 समुद्र तटों को ब्लू फ्लैट का टैग मिल चुका है (सांकेतिक तस्वीर)

यादव ने कहा, "हम इसके आसपास एक बड़ा इकोसिस्टम बनाने की कोशिश करेंगे. इसमें समुद्री किलों जैसे विरासत स्थल, स्थानीय परंपराएं और कोंकण का प्राकृतिक और पारिस्थितिक महत्व भी शामिल होगा."

उन्होंने कहा कि ब्लू फ्लैग का दर्जा मिलने से इन जगहों पर स्थानीय और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी. साथ ही राज्य के और समुद्र तटों को भी यह सर्टिफिकेशन दिलाने की कोशिश की जाएगी.

यादव ने समुद्र तटों पर क्रूज टूरिज्म और सर्फिंग व ग्लाइडिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की योजनाओं के बारे में भी बताया. इसके लिए महाराष्ट्र स्ट्रेंथन इंस्टीट्यूशनल कैपेबिलिटीज इन डिस्ट्रिक्ट्स फॉर इनेबलिंग ग्रोथ (MahaSTRIDE) को भी इससे जोड़ा जाएगा. यह विश्व बैंक की मदद से चलने वाली पहल है जिसमें महाराष्ट्र इंस्टीट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (MITRA) नोडल एजेंसी है.

फाउंडेशन फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (FEE) जिसका मुख्यालय कोपेनहेगन में है उसने ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन के लिए चार प्रमुख क्षेत्र और 33 मानक तय किए हैं. इस कार्यक्रम की शुरुआत 1985 में फ्रांस में हुई थी. यूरोप में इसे 1987 से लागू किया जा रहा है जबकि यूरोप के बाहर इसकी शुरुआत 2001 में हुई. उस साल दक्षिण अफ्रीका इस कार्यक्रम से जुड़ने वाला पहला देश बना था.

इंडिया टूरिज्म डेटा कंपेंडियम 2025 (ITDC 2025) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-25 के दौरान महाराष्ट्र में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में आने वाले और टिकट वाले स्मारकों को देखने के लिए 88.6 लाख घरेलू पर्यटक और 1.07 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे. साल 2024 में विदेशी पर्यटकों की यात्राओं की संख्या के मामले में महाराष्ट्र पहले और घरेलू पर्यटकों की यात्राओं की संख्या के मामले में छठे स्थान पर रहा.

महाराष्ट्र आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के मुताबिक राज्य में घरेलू और विदेशी पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं. सर्वेक्षण में कहा गया है, "राज्य पर्यटकों को कई तरह के अनुभव देता है. इनमें खूबसूरत हिल स्टेशन, सुंदर समुद्र तट, प्रकृति और वन्यजीव अभयारण्य, किले, प्राकृतिक गुफाएं, यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल स्थल, ऐतिहासिक स्मारक और संग्रहालय के साथ-साथ तीर्थ स्थल और पूजा स्थल भी शामिल हैं."

हालांकि, इससे जुड़े लोगों का कहना है कि पर्यटकों की आवाजाही में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो हवाई यात्रा के दौरान सिर्फ ट्रांजिट के लिए रुकते हैं. इससे पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर कम फायदा मिल पाता है.

क्रूज और नदी पर्यटन के साथ ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने वाली पर्यटन नीति के अलावा महाराष्ट्र सरकार ने कई क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नीतियां भी बनाई हैं. इनमें एडवेंचर टूरिज्म, एग्रो टूरिज्म, बीच शैक्स, कारवां टूरिज्म और वेकेशन होम से जुड़ी नीतियां शामिल हैं.

महाराष्ट्र में अजंता, एलोरा और एलीफेंटा की गुफाओं जैसे विश्व धरोहर स्थल हैं. इसके अलावा यहां 19वीं सदी की विक्टोरियन नियो-गॉथिक शैली की सार्वजनिक इमारतें, 20वीं सदी की आर्ट डेको शैली की इमारतें और मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस भी है. राज्य में तीन रामसर स्थल भी हैं. इनमें नासिक जिले का नांदूर मधमेश्वर, बुलढाणा जिले की लोनार झील और ठाणे क्रीक शामिल हैं.

2025 में यूनेस्को ने भारत के 'मराठा मिलिट्री लैंडस्केप' के 12 किलों को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया. इनमें से 11 किले महाराष्ट्र में हैं. ये रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, पन्हाला, शिवनेरी, लोहगढ़, साल्हेर, सिंधुदुर्ग, विजयदुर्ग, सुवर्णदुर्ग और खांदेरी हैं. 12वां स्थल तमिलनाडु का जिंजी किला है.

Read more!