कश्मीर में आतंकियों की घटती संख्या के बीच हमले क्यों नहीं थम रहे?
कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला और किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं

कश्मीर में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन (फाइल फोटो)
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में 11 नवंबर की दोपहर सड़क किनारे बनी सुरक्षा जांच चौकी पर अचानक गोलीबारी शुरू हो गई. इससे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हो गए. हमलावर तुरंत ही आसपास के इलाके में गायब हो गए. इस हमले में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया.
यह हमला कुलगाम के अखरन इलाके में उस समय हुआ जब उपराज्यपाल मनोज सिन्हा वेशो साहित्य महोत्सव का उद्घाटन करने जिले में मौजूद थे. इससे पहले जुलाई में कुलगाम के केलम इलाके में आतंकियों ने दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी थी. यह जगह अखरन से ज्यादा दूर नहीं है.
इसी दिन खबरें आईं कि पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के दूसरी ओर जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) का कोई पता नहीं चल रहा है. यह पर्वत श्रृंखला कश्मीर को जम्मू से अलग करती है. 12 नवंबर को उनके गोलियों से छलनी शव दच्छन-मरवाह इलाके के सुदूर जंगलों में मिले. उनकी सर्विस राइफलें गायब थीं.
ये हमले एक ऐसे समय में लगभग एक साथ हुए जब कुछ समय से शांति बनी हुई थी. कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार ने 5 नवंबर को ही घोषणा की थी कि कश्मीर घाटी में अब सिर्फ एक स्थानीय आतंकी सक्रिय है.
इन घटनाओं ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति का नए सिरे से आकलन करने को मजबूर कर दिया है. क्या ये बचे-खुचे आतंकवाद की छिटपुट घटनाएं हैं? क्या पाकिस्तान में बैठे आतंकी संचालकों की ओर से ये सुनियोजित संकेत हैं? या फिर छोटे आतंकी मॉड्यूल अब भी अपनी मर्जी से हमले करने की क्षमता रखते हैं?
जांच जारी रहने और सुरक्षा बलों के कुलगाम हमले के आरोपियों की तलाश में अभियान फिर शुरू करने के बीच यह हमला आतंकियों की पुरानी हिट एंड रन (हमला कर भागने) की रणनीति जैसा था. इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित सुरक्षा चौकी को निशाना बनाकर कुछ देर तक ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई और फिर हमलावर तेजी से भाग निकले.
किश्तवाड़ में हमले का तरीका अलग नजर आता है. जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह से जुड़े दोनों SPO पुलिस शिविर और भारतीय सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थाई अभियान अड्डे के बीच आवाजाही कर रहे थे.
माना जा रहा है कि मुश्किल भौगोलिक इलाके में उन पर घात लगाकर हमला किया गया. पहले भी देखा गया है कि चिनाब घाटी में आतंकी जंगलों से घिरे ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-थलग पड़े या अपेक्षाकृत कमजोर ठिकानों को निशाना बनाते हैं. इन इलाकों में वास्तविक समय में निगरानी के साधन कम हैं और मोबाइल नेटवर्क भी कमजोर है.
किश्तवाड़ जिले के दच्छन-मरवाह और छत्रू इलाकों के ऊंचाई वाले हिस्सों और घने जंगलों में सीमा पार से आए प्रशिक्षित आतंकियों की मौजूदगी रही है. इन इलाकों में पहले भी सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच कई मुठभेड़ हो चुकी हैं.
इस साल जनवरी में सुरक्षा एजेंसियों ने छत्रू में विशेष अभियान शुरू किया था. आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया था और कई सैनिक घायल हुए थे. सुरक्षा बलों ने आतंकियों का पीछा किया. 4 फरवरी को एक आतंकी और 22 फरवरी को तीन अन्य आतंकी मारे गए.
दोनों घटनाओं में अंतर से संकेत मिलता है कि ये अलग-अलग स्थानीय आतंकी मॉड्यूल की करतूत हो सकती हैं. ऐसा नहीं लगता कि दोनों इलाकों में एक मजबूत और संगठित कमान के तहत काम हो रहा है. दक्षिण कश्मीर और चिनाब घाटी के बीच सक्रिय रसद संबंधी तालमेल के सबूत भी अब तक सीमित रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक किश्तवाड़ का हमला इलाके में सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) के नेटवर्क की ओर भी इशारा करता है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियों के लगातार दबाव के कारण ये नेटवर्क कमजोर हुए हैं. पहले भी सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी देने और आतंकियों की मदद करने के आरोप में बड़ी संख्या में OGW को गिरफ्तार किया है.
कुलगाम में हमले के जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. माना जा रहा है कि हमलावर भारी हथियारों से लैस थे और घटनास्थल के पास पेड़ों के घने झुरमुट से निकले थे.
यह हमला एक उभरते पैटर्न का हिस्सा लगता है. इसमें विदेशी आतंकियों के छोटे समूह स्थानीय मददगारों के सहारे लगातार आतंकवाद विरोधी अभियानों के बावजूद चुनिंदा ठिकानों पर हमले करने की क्षमता बनाए हुए हैं.
आईजीपी कुमार के इस आकलन के कुछ ही दिन बाद ये घटनाएं हुई हैं कि कश्मीर में केवल एक स्थानीय आतंकी सक्रिय है जिसे लगातार अपनी जगह बदलने वाले विदेशी आतंकियों का साथ मिलता है. इन ताजा घटनाओं से आतंकवाद को फिर से जिंदा करने की कोशिशों की आशंका बढ़ गई है.
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी मोहम्मद लतीफ भट एक या दो विदेशी आतंकियों के साथ कुलगाम हमले में शामिल था. कश्मीर में सक्रिय स्थानीय आतंकियों में वही अब तक बचा हुआ है. पहले के हमलों में उसकी कथित भूमिका बताती है कि विदेशी आतंकियों की गतिविधियां जारी रखने में स्थानीय मददगार अब भी अहम हैं.
2019 के बाद सुरक्षा के मोर्चे पर हासिल उपलब्धियां अब भी काफी हद तक बरकरार हैं. इनमें स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती में भारी गिरावट, मुठभेड़ों की संख्या और तीव्रता में कमी तथा सुरक्षा बलों की बेहतर सुरक्षा शामिल है.
CRPF कश्मीर में सक्रिय रूप से तैनात है. हाल में उसने लगातार 12 महीनों तक अभियान के दौरान किसी जवान की मौत न होने की उपलब्धि हासिल की. करीब पांच दशक में ऐसा पहली बार हुआ है. यह उपलब्धि जम्मू-कश्मीर समेत अलग-अलग मोर्चों पर बेहतर उपकरणों, घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था और बेहतर योजना का नतीजा है.
ताजा हमलों पर अपनी राय रखते हुए उत्तरी कमान के पूर्व जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डी.एस. हुड्डा ने इंडिया टुडे से कहा कि आतंकी हमले आमतौर पर लंबे समय तक रेकी करने के बाद किए जाते हैं. आतंकी कमजोर ठिकानों को निशाना बनाने के लिए खास मौके तलाशते हैं. हालांकि उन्हें वे इस बारे में स्पष्ट नहीं है कि हाल की घटनाओं के बीच कोई तालमेल था या नहीं.
2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने और उसे केंद्रशासित प्रदेश बनाए जाने के समय कश्मीर में तैनात रहे लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) के.जे.एस. ढिल्लों ने कुलगाम हमले को पाकिस्तान की ओर से किया गया "हताशा भरा कदम" बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपने आंतरिक संकटों से ध्यान हटाने के लिए ऐसा कर रहा है.
मीडिया से बातचीत में ढिल्लों ने कहा कि इस्लामाबाद घरेलू मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने और घाटी में शांति कायम होने की प्रक्रिया के साथ-साथ आने वाले सर्दियों के पर्यटन सीजन को बाधित करने के लिए कश्मीर का मुद्दा उठाता है.
हुड्डा ने कहा कि आतंकियों के पहले के आत्मघाती हमलों की जगह अब घात लगाकर हमला करने और भागने की रणनीति ने ले ली है क्योंकि आतंकियों की संख्या कम हो गई है. उनके मुताबिक इस तरीके से आतंकियों के अपने नुकसान का खतरा कम रहता है. साथ ही वे कमजोर ठिकानों को निशाना बना सकते हैं. अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले में मारे गए पर्यटक भी ऐसे ही निशाने पर थे.
हालांकि हुड्डा भविष्य में बड़ी हस्तियों या अहम ठिकानों पर बड़े हमलों की आशंका से इनकार नहीं करते. उन्होंने कहा, "मैं बड़े हमलों की आशंका से बिल्कुल इनकार नहीं करता. कई आतंकी संगठन अब भी अपनी मौजूदगी साबित करना चाहते हैं और दिखाना चाहते हैं कि कश्मीर में आतंकवाद खत्म नहीं हुआ है."
जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक एस.पी. वैद्य के मुताबिक, ताजा हमला काफी समय के अंतराल के बाद हुआ है लेकिन कुलगाम के इसी इलाके में कुछ महीने पहले भी हिंसा हुई थी. उनके मुताबिक यह घटना दक्षिण कश्मीर में आतंकियों की "मौजूदगी और आवाजाही" का संकेत देती है. हालांकि उन्होंने कहा कि "इस इलाके का सुरक्षा तंत्र मजबूत है" और हमलावर जल्द ही "मार गिराए जाएंगे". वैद्य ने कहा कि कश्मीर में जमीनी हालात में काफी सुधार हुआ है और स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती घटी है.
दूसरी ओर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि "आतंकवाद से लोगों को डरना नहीं चाहिए". उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की जोरदार वकालत की. उनका कहना था कि गोलियों और सैन्य टकराव से राजनीतिक विवादों का हल नहीं निकल सकता.
इसमें कोई दोराय नहीं कि CRPF की चौकी पर हुए हमले ने कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया है. इससे साफ है कि स्थानीय युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती घटने का मतलब यह नहीं है कि खतरा पूरी तरह खत्म हो गया है.
हुड्डा कहते हैं, "मुझे नहीं लगता कि हमें यह उम्मीद करनी चाहिए कि अचानक सब कुछ शून्य हो जाएगा. कुछ संगठन और लोग नुकसान पहुंचाना चाहते हैं. हो सकता है कि उनकी संख्या बहुत कम हो लेकिन वे अब भी मौजूद हैं और अपनी मौजूदगी साबित करना चाहते हैं." हुड्डा इस बात पर भी जोर देते हैं कि 2019 के बाद हिंसा की घटनाओं में काफी कमी आई है. उन्होंने कहा, "हालात को व्यापक नजरिए और लंबी अवधि को ध्यान में रखकर देखना बेहतर होगा."
कुलगाम हमले का समय भी अहम है. सर्दियां शुरू होने के साथ यह याद रखना जरूरी है कि पारंपरिक रूप से इस मौसम में भारी बर्फबारी के कारण कश्मीर के ऊंचाई वाले जंगलों में आवाजाही मुश्किल होने से पहले आतंकी निचले इलाकों की ओर आ जाते हैं. मौसम के साथ होने वाली यह आवाजाही और छोटे-छोटे समूहों में आतंकियों की मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती है. उन्हें दुर्गम इलाकों में लगातार निगरानी रखनी होती है.