करगिल की नदियों में अपनों को खोने वाले अब भी कर रहे शवों की वापसी का इंतजार!
लद्दाख में हादसों के शिकार लोगों के शव बहकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में पहुंच जाते हैं और वहां 'अज्ञात' के रूप में दफना दिए जाते हैं. ऐसे मामलों में मानवीय आधार पर शवों के आदान-प्रदान के लिए सीमा पर एक केंद्र बनाने की मांग तेज हो रही है

लेह-लद्दाख की कई नदियां पूर्व की ओर बहती हैं और पाकिस्तान में प्रवेश करती हैं (सांकेतिक फोटो)
लद्दाख के करगिल क्षेत्र में एक दर्दनाक त्रासदी बार-बार सामने आती है. यहां सड़क हादसों और नदियों-नालों में डूबने की घटनाओं के कई पीड़ितों का पता नहीं चल पाता. तेज बहाव में उनके शव बहकर नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में पहुंच जाते हैं.
स्थानीय स्वयंसेवी और सामुदायिक आपदा राहत समूह अल-महदी स्काउट्स ने ऐसे कम से कम 15 मामलों का डॉक्यूमेंटेशन किया है जिनमें पीड़ितों के शव नहीं मिल सके. इस समूह में मुख्य रूप से भारतीय सेना के पूर्व जवान शामिल हैं. वे सड़क हादसों और नदियों में डूबने जैसी घटनाओं में बचाव और राहत कार्यों में मदद करते हैं.
लेह और करगिल से निकलने वाली कई नदियां पश्चिम की ओर बहते हुए नियंत्रण रेखा पार करती हैं और अंत में पाकिस्तान में सिंधु नदी तंत्र से मिल जाती हैं. पानजेला ग्लेशियर से निकलने वाली सुरू नदी, सुरू घाटी से होकर करगिल शहर के पास से गुजरती है. आगे यह द्रास और शिंगो नदियों से मिलती है. इसके बाद यह करगिल के हुंडरमन गांव से होकर पाकिस्तान के कब्जे वाले बाल्टिस्तान में प्रवेश करती है. वहां इसे करगिल नदी के नाम से जाना जाता है.
रिमो ग्लेशियर से निकलने वाली श्योक नदी नुब्रा घाटी और गलवान समेत उत्तरी लद्दाख के पानी को अपने साथ लेकर आगे बढ़ती है. यह गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रवेश करती है और स्कर्दू के पास केरिस में सिंधु नदी से मिल जाती है. सीमा पार बहने वाली इन नदियों के कारण आशंका रहती है कि जिन शवों का पता नहीं चल पाता, वे बहकर गिलगित-बाल्टिस्तान पहुंच गए होंगे.
अल-महदी स्काउट्स के प्रभारी जावेद अली बताते हैं कि इस साल सोशल मीडिया पर आई खबरों के मुताबिक बाल्टिस्तान की नदियों से तीन से चार अज्ञात शव बरामद किए गए और वहीं दफना दिए गए. उनका मानना है कि इनमें से कई शव भारत में हुए हादसों के पीड़ितों के हो सकते हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
समूह की ओर से जुटाए गए कुछ खास मामले इस समस्या की गंभीरता दिखाते हैं. 2018 में हरदास के दो लड़के शिंगो नदी में गिर गए थे. उनके शव कभी नहीं मिले. 2022 में 25 साल की एक महिला काकसर के पास इसी नदी में फिसलकर गिर गई. उसका भी कोई पता नहीं चल सका. जून 2023 में चानिगुंड में आठ साल की एक बच्ची के शिंगो नदी में गिरने की खबर आई थी.
इसी साल काकसर के पास एक कार हादसे में दो लड़कों का पता नहीं चल सका. बाद में गाड़ी के कुछ हिस्से बरामद हुए जिससे संकेत मिला कि कार सड़क से नीचे गिर गई थी. हालांकि, किसी प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे की सही जगह की पुष्टि नहीं की. चानिगुंड से एक 30 वर्षीय व्यक्ति के भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की खबर आई थी.
इसके बाद भी ऐसी घटनाएं जारी रहीं. मार्च 2025 में द्रास के दो लड़के करगिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी द्रास नदी में गिर गई. दोनों के शव नहीं मिले हैं. अप्रैल 2025 में खरबू गांव का एक युवक लापता हो गया और उसका अब तक पता नहीं चला है. 15 मई को बडगाम का 18 वर्षीय युवक शिंगो नदी में डूब गया. उसका भी अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. 27 जून 2025 को द्रास की 22 वर्षीय एक युवती नदी में गिर गई. उसका शव भी नहीं मिल सका.
इस साल 23 जून को चार लोगों को ले जा रही एक कार हादसे का शिकार हो गई. द्रास नदी से दो शव बरामद किए गए जबकि एक व्यक्ति लापता रहा. करीब तीन महीने बाद सोशल मीडिया पर खबरें आईं कि उस लापता व्यक्ति का शव पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में मिला है. अल-महदी स्काउट्स के मुताबिक, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. जुलाई में 32 साल का एक व्यक्ति सुरू नदी में गिर गया. उसका भी अब तक पता नहीं चला है.
एक दुर्लभ मामले में नौ साल के जुलकरनैन अली के परिवार को अपनों के शव की वापसी का इंतजार खत्म होने पर राहत मिली. वह नियंत्रण रेखा से पहले आखिरी आबाद गांव हुंडरमन का रहने वाला था.
जुलकरनैन 20 मार्च की दोपहर अपने छह साल के चचेरे भाई अली अकबर के साथ सुरू नदी के पास खेल रहा था. शिंगो नदी से मिलने वाली जगह पर पानी का बहाव बेहद तेज था. इसी दौरान दोनों बच्चे बर्फीले पानी में गिर गए. अगले दिन अकबर का शव हुंडरमन के पास मिल गया लेकिन जुलकरनैन बहकर बाल्टिस्तान पहुंच गया.
स्थानीय नेताओं, लद्दाख प्रशासन और भारत-पाकिस्तान के बीच कुछ स्तर पर हुए समन्वय के बाद जुलकरनैन का शव 5 मई को दफनाने के लिए वापस लाया गया. इसके लिए कुपवाड़ा में टीटवाल-केरन सीमा मार्ग का इस्तेमाल किया गया. 2019 से नागरिकों के लिए बंद इस मार्ग को शव की वापसी के लिए अस्थाई रूप से खोला गया था.
जुलकरनैन के पिता मोहम्मद हुसैन बताते हैं, "मैं अल्लाह का शुक्रगुजार हूं कि मेरे बेटे का शव मुझे वापस मिल गया और उसका अंतिम संस्कार यहीं हो सका. शायद किसी की दुआ कबूल हुई." उन्होंने बताया कि जब किसी अपने का शव सीमा पार मिलता है और उसे वापस नहीं लाया जा सकता तो वह बेहद मुश्किल दौर होता है. वे आगे यह भी कहते हैं, "उन लोगों से पूछिए जिन्होंने इस त्रासदी को झेला है. मैं बता नहीं सकता कि मेरे लिए वे करीब 40 दिन कैसे बीते."
हुसैन के मुताबिक, जुलकरनैन का शव हादसे वाली शाम ही नियंत्रण रेखा के पार गंगानी गांव में मिल गया था. यह हुंडरमन से नदी के बहाव की दिशा में महज 2.5 किलोमीटर दूर है. उन्होंने कहा, "अगर शव नियंत्रण रेखा के पार हमारे गांव से सटे ब्रुलमू से ही हमें सौंप दिया जाता, तो इसमें कुछ घंटे ही लगते. लेकिन शव को कब्र से निकालकर 5 मई को कुपवाड़ा में हमें सौंपे जाने के बाद भी उसे घर लाने में चार दिन लग गए." उन्होंने करगिल में मानवीय त्रासदियों से निपटने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच किसी औपचारिक व्यवस्था के अभाव की ओर भी ध्यान दिलाया.
जुलकरनैन के शव की वापसी को एक दुर्लभ मानवीय पहल के रूप में व्यापक सराहना मिली. करगिल के स्थानीय लोगों और राजनीतिक नेताओं ने इस सहयोग की प्रशंसा की. साथ ही, उन्होंने ऐसी व्यवस्था को स्थाई बनाने की जरूरत पर जोर दिया.
हुसैन कहते हैं, "अगर ऐसे खास मौकों पर मानवीय आधार पर करगिल की ओर से पाकिस्तान के साथ कोई सीमा मार्ग खोला जाता है तो उन परिवारों को बहुत मदद मिलेगी जिनके अपनों के शव नदी में बहकर दूसरी ओर पहुंच जाते हैं और वहीं दफना दिए जाते हैं."
स्थानीय लोग और सामाजिक-राजनीतिक संगठन लंबे समय से हुंडरमन के पास सीमा पर एक मार्ग या मानवीय आधार पर समन्वय केंद्र बनाने की मांग कर रहे हैं. इस संबंध में लद्दाख प्रशासन को औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा गया है.
लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल की सलाहकार परिषद के सदस्य नजीर मेहदी मोहम्मदी ने कहा, "यहां के लोगों की लंबे समय से मांग रही है कि भारत और पाकिस्तान हुंडरमन गांव के पास जीरो पॉइंट पर एक बैठक हॉल बनाएं. इससे दोनों ओर बंटे परिवारों को मिलने की सुविधा होगी. साथ ही यह सड़क हादसों में मारे गए लोगों के शवों के आदान-प्रदान जैसे खास मौकों पर भी काम आएगा." उन्होंने बताया कि वे केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस संबंध में ज्ञापन सौंप चुके हैं.
मेहदी मोहम्मदी के मुताबिक वे अगली सलाहकार परिषद की बैठक में यह मुद्दा उठाएंगे. उन्होंने बताया कि प्रशासन को शिंगो और सुरू नदियों पर जालीदार अवरोध लगाने का सुझाव भी दिया गया है. इसका मकसद हादसों में मारे गए लोगों के शवों को बहकर नियंत्रण रेखा पार जाने से रोकना है.
मेहदी मोहम्मदी करगिल के प्रभावशाली सामाजिक और धार्मिक संगठन अंजुमन जमीयत-उल-उलमा इसना अशरिया के अध्यक्ष भी हैं. यह संगठन मानवीय उद्देश्यों के लिए हुंडरमन गांव से गुजरने वाली करगिल-स्कर्दू सड़क को खोलने की मांग लगातार उठाता रहा है.
नदियां भारत और पाकिस्तान की सीमाओं को नहीं पहचानतीं. जब तक कोई व्यावहारिक व्यवस्था नहीं बनती करगिल के कई परिवार अपनों की वापसी का इंतजार करते रहेंगे. कई बार यह इंतजार अनिश्चितकाल तक चलता है. उनके अपने नदी में बहकर नियंत्रण रेखा पार चले जाते हैं और वहां 'अज्ञात' के रूप में दफना दिए जाते हैं.