गोवा में कांग्रेस छोड़ BJP में आए नेता को मंत्री पद, विपक्ष क्यों जता रहा नाराजगी?
गोवा विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले BJP ने कांग्रेस छोड़कर आए संकल्प अमोनकर को कृषि मंत्री बनाया है

गोवा विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले BJP ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए कांग्रेस छोड़कर आए संकल्प अमोनकर को कृषि मंत्री बनाया है. अमोनकर डॉ. प्रमोद सावंत सरकार में 12वें मंत्री होंगे.
इस नियुक्ति से BJP के वरिष्ठ नेता रवि नाइक के निधन के बाद खाली हुआ मंत्री पद भर गया है. रवि नाइक के पास कृषि मंत्रालय था. वहीं विपक्ष का आरोप है कि BJP कांग्रेस के और नेताओं को पार्टी छोड़कर अपने साथ आने के लिए लुभा रही है.
अमोनकर को मंत्री बनाया जाना उन आठ कांग्रेस विधायकों से किए गए वादे को पूरा करने के तौर पर देखा जा रहा है जिन्होंने 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद BJP का दामन थाम लिया था.
इससे पहले नुवेम के विधायक एलेक्सियो सिक्वेरा को पर्यावरण मंत्री बनाया गया था. इसके लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री नीलेश काब्राल से इस्तीफा लिया गया था. अगस्त 2024 में सिक्वेरा ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया. उनकी जगह पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को मंत्री बनाया गया और उन्हें पीडब्ल्यूडी विभाग सौंपा गया. विधानसभा अध्यक्ष राजेश तवाडकर को गोविंद गावड़े की जगह जनजातीय विकास मंत्री बनाया गया था. गावड़े ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे.
कांग्रेस में आने से पहले अमोनकर का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े संघ परिवार से नाता रहा है. वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता थे. वहीं गोवा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
अमोनकर 2022 में मोरमुगांव सीट से विधायक चुने गए थे. उन्होंने BJP के पूर्व मंत्री मिलिंद नाइक को हराया था. मिलिंद नाइक इस सीट से तीन बार विधायक रह चुके थे. अमोनकर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से आते हैं और दूसरी पीढ़ी के राजनेता हैं. वे कारोबारी भी हैं.
सितंबर 2022 में कांग्रेस के 11 में से आठ विधायक BJP में शामिल हो गए थे. इनमें कामत, तत्कालीन विपक्ष के नेता माइकल लोबो और अमोनकर भी शामिल थे.
अमोनकर को गोवा बाल भवन में एक मानद पद दिया गया था लेकिन उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला. पिछले साल उन्हें गोवा लिमिटेड की सीवरेज और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया था.
अमोनकर मंत्रिमंडल में मोरमुगांव तालुका से दूसरे मंत्री होंगे. इस तालुका में विधानसभा की चार सीटें हैं और यहां कैथोलिक तथा मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है. इस क्षेत्र से दूसरे मंत्री माविन गोडिन्हो हैं.
अमोनकर पर मोरमुगांव बंदरगाह में धौंस जमाने के आरोप लगे हैं. एक कथित वीडियो में उन्हें खुद को "गुंडा" बताते हुए सुना गया था. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले एक स्टिंग ऑपरेशन में कथित तौर पर उन्हें पैसे के बदले पार्टी छोड़ने की पेशकश करते हुए दिखाया गया था. हालांकि उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
गोवा में आम आदमी पार्टी (AAP) के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक ने दावा किया है कि BJP ने अमोनकर को कैबिनेट मंत्री बनाकर कांग्रेस के दूसरे नेताओं को भी पार्टी छोड़ने का संकेत दिया है. उन्होंने कहा कि BJP ने संभावित दलबदलुओं को साफ संदेश दे दिया है कि पार्टी छोड़कर आने पर उन्हें बड़े पद और फायदे मिलेंगे.