मुंबई की सड़कें एक साल में कैसे होंगी गड्ढामुक्त, एकनाथ शिंदे ने बताया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई की सड़कों के कंक्रीटीकरण का काम एक साल में पूरा करने का दावा किया है

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि कंक्रीट की सड़कों का जाल बिछने से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक साल में गड्ढों से मुक्त हो जाएगी. उन्होंने बताया कि 2022 में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की 6,500 करोड़ रुपए की दो चरणों वाली सड़क कंक्रीटीकरण परियोजना को मंजूरी दी थी. शिंदे ने कहा कि इससे पहले मुंबई में हर साल 50 किलोमीटर से भी कम सड़कों का कंक्रीटीकरण होता था.
उपमुख्यमंत्री के मुताबिक, "इन सड़कों में से करीब 70 फीसदी का काम पूरा हो चुका है और बाकी 30 फीसदी काम एक साल में पूरा कर लिया जाएगा. आप एक साल बाद वहां जाएंगे तो आपको कोई गड्ढा नहीं मिलेगा."
शिंदे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बढ़ते मतभेदों की अटकलों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा, "जब मैं मुख्यमंत्री था, तब वे उपमुख्यमंत्री थे. आज वे मुख्यमंत्री हैं और मैं उपमुख्यमंत्री. हम एक टीम के रूप में काम करते हैं. हमारा एजेंडा विकास और महाराष्ट्र की प्रगति है." उन्होंने यह भी कहा कि सरकार में फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं.
शिंदे ने दावा किया, "पिछले चार साल के हमारे कार्यकाल की समीक्षा की जाए तो पता चलेगा कि मैंने और देवेंद्रजी (फडणवीस) ने किसानों की मदद के लिए पिछले 60 वर्षों में किए गए कामों से ज्यादा काम किया है."
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा किसानों का समर्थन किया है. मोदी ने किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपए देना शुरू किया. शिंदे ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों के लिए इसमें 6,000 रुपए सालाना की अतिरिक्त राशि भी जोड़ी थी.
शिंदे के मुताबिक, 2024 के विधानसभा चुनाव में महायुति की बड़ी जीत ने इस बहस को खत्म कर दिया कि दोनों में से कौन-सी पार्टी- उनकी शिवसेना या प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)- 'असली' शिवसेना होने का दावा कर सकती है.
राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने माना कि लोगों को विरोध करने का अधिकार है. हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल इन मंचों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, "इसमें राजनीति घुस आई है. ऐसा नहीं होना चाहिए." कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के शासनकाल में राष्ट्रमंडल खेलों, कोयला खदानों के आवंटन और 2जी स्पेक्ट्रम से जुड़े कथित घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने में नाकाम रहा है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "लोकतंत्र ने आपको किसी को बदनाम करने का अधिकार नहीं दिया है."
शिंदे ने कहा, "युवा देश का भविष्य हैं." उन्होंने दावा किया कि स्टार्टअप, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), बुनियादी ढांचे और उद्योगों के मामले में महाराष्ट्र अब भी देश में सबसे आगे है.
शिवसेना के दिवंगत प्रमुख बाल ठाकरे के उस आह्वान को याद करते हुए, जिसमें उन्होंने युवाओं से 'नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला' बनने को कहा था, शिंदे ने बताया कि राज्य सरकार ने युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किए हैं ताकि उन्हें रोजगार मिल सके.
राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के विकास पर भी ध्यान दे रही है. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को मुंबई से मेट्रो रेल के जरिए जोड़ा जा रहा है. इस क्षेत्र में तीसरी मुंबई (मुंबई 3.0) विकसित की जा रही है. वहीं, पालघर में ग्रीनफील्ड वधावन बंदरगाह के आसपास चौथी मुंबई (मुंबई 4.0) बसाई जाएगी. यहां हवाई अड्डे, लॉजिस्टिक्स पार्क और उद्योग विकसित किए जाएंगे, जिनसे रोजगार के अवसर पैदा होंगे.