डिंपल यादव की फ्रंटफुट पॉलिटिक्स : सपा गढ़ रही है अपना नया राष्ट्रीय चेहरा?

जंतर-मंतर की तस्वीरों से लेकर संसद के विरोध प्रदर्शन तक, डिंपल यादव की भूमिका लगातार बदली है. यह बदलाव केवल उनकी राजनीति नहीं, समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं का भी संकेत देता है

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान डिंपल यादव का मानवीय चेहरा सामने आया (Photo: screen grab)
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अफरा-तफरी से घायल छात्र-छात्राओं की मदद करतीं डिंपल यादव

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी था. दोपहर होते-होते माहौल तनावपूर्ण हो गया. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई, कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए.

इसी अफरातफरी के बीच मैनपुरी से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव भीड़ से निकलकर घायल छात्रों तक पहुंचीं. किसी छात्र की शर्ट के बटन खोलकर उसे सांस लेने में मदद करना, एक घायल छात्रा को पानी पिलाना और आसपास मौजूद लोगों से तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील करना, यह पूरा घटनाक्रम कैमरों में कैद हो गया.

कुछ ही देर में वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं. इन तस्वीरों ने न केवल विपक्षी दलों के समर्थकों का ध्यान खींचा बल्कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक केतकी सिंह ने भी खुले तौर पर डिंपल यादव की सराहना कर दी. इसके बाद यह घटनाक्रम केवल एक आंदोलन की खबर नहीं रहा, बल्कि डिंपल यादव की बदलती राजनीतिक भूमिका और समाजवादी पार्टी की रणनीति पर चर्चा का विषय बन गया.

लखनऊ में सपा मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टर ​

राजनीति में कई बार लंबे भाषणों से ज्यादा असर कुछ तस्वीरें छोड़ जाती हैं. जंतर-मंतर की यही तस्वीरें अब समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक पूंजी बनती दिखाई दे रही हैं. लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर लगे नए पोस्टरों में डिंपल यादव को घायल छात्रों के बीच दिखाया गया. दूसरे पोस्टरों में अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं के साथ हुई धक्का-मुक्की के दृश्य लगाए गए. इससे साफ संकेत गया कि समाजवादी पार्टी इस आंदोलन को केवल सरकार विरोधी अभियान नहीं, बल्कि युवाओं और छात्रों के बीच अपनी राजनीतिक पैठ मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रही है.

लो-प्रोफाइल छवि से आक्रामक राजनीति तक

डिंपल यादव का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है. शुरुआती दौर में उन्हें एक शांत, संयमित और सीमित सार्वजनिक भूमिका निभाने वाली नेता के तौर पर देखा जाता था. संसद में उनकी उपस्थिति रहती थी, लेकिन आंदोलन, विरोध-प्रदर्शन या आक्रामक राजनीतिक अभियानों में उनकी भूमिका अपेक्षाकृत कम नजर आती थी. अक्सर उन्हें अखिलेश यादव के पीछे बैठी या पार्टी के कार्यक्रमों में कम बोलने वाली नेता के रूप में देखा गया. लेकिन पिछले एक वर्ष में तस्वीर तेजी से बदली है.

मैनपुरी से सांसद बनने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ी है. संसद में उनकी मौजूदगी पहले की तुलना में अधिक मुखर हुई है. विपक्षी दलों के संयुक्त प्रदर्शनों में वह अग्रिम पंक्ति में दिखाई देने लगी हैं. जंतर-मंतर का छात्र आंदोलन इस बदलाव का सबसे बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया.

चुनाव प्रचार के दौरान डिंपल यादव

प्रदर्शन के दौरान डिंपल यादव केवल सांकेतिक उपस्थिति दर्ज कराने नहीं पहुंचीं. वे बैरिकेड्स तक गईं, छात्रों के बीच रहीं, पुलिस कार्रवाई के बाद अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और मीडिया के सामने सरकार पर सवाल भी उठाए. संसद के मानसून सत्र में भी उन्होंने छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया और चर्चा न होने पर 'शेम-शेम' के नारे लगाए. डिंपल यादव ने कहा, "जब हम जंतर-मंतर पहुंचे तो देखा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से बैठे थे. लेकिन उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं था. छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी बातें सुननी चाहिए." उन्होंने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार 'रामराज्य' की बात करती है, उसे छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर भी जवाब देना चाहिए.

जब BJP विधायक ने भी की तारीफ

डिंपल यादव की सक्रियता की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हुई क्योंकि उनकी तारीफ विपक्ष के साथ-साथ BJP की ओर से भी सुनाई दी. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बांसडीह सीट से BJP विधायक केतकी सिंह ने कहा, "दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों की मदद कर डिंपल यादव ने मानवता का परिचय दिया. संकट की घड़ी में इंसानियत दिखाने वाला हर व्यक्ति तारीफ के योग्य होता है. अगर वहां कोई भी मां, महिला या जनप्रतिनिधि होता तो वही करता जो डिंपल यादव ने किया."

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में BJP के किसी विधायक द्वारा सपा सांसद की सार्वजनिक प्रशंसा असामान्य घटना है. इससे डिंपल यादव की छवि केवल पार्टी नेता तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में भी उभरी.

NEET पेपर लीक मामले पर संसद परिसर में सपा सांसदों के मार्च की अगुवाई करतीं डिंपल यादव

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डिंपल यादव की बढ़ती सक्रियता केवल संयोग नहीं है. इसके पीछे समाजवादी पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति भी दिखाई देती है. इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर विनम्र वीर सिंह कहते हैं, "समाजवादी पार्टी यह समझती है कि राष्ट्रीय राजनीति में अखिलेश यादव के अलावा भी एक ऐसे चेहरे की जरूरत है, जो संसद में पार्टी का प्रतिनिधित्व करे, विपक्षी राजनीति में सक्रिय दिखे और महिलाओं तथा युवाओं के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ाए. डिंपल यादव इस भूमिका के लिए सबसे स्वाभाविक विकल्प बनकर उभरी हैं."

सिंह के मुताबिक डिंपल यादव की सबसे बड़ी ताकत उनकी साफ-सुथरी और कम विवादित छवि है. BJP के लिए भी उन पर व्यक्तिगत हमले करना आसान नहीं होता. यही वजह है कि सपा उन्हें ऐसे मुद्दों पर आगे कर रही है, जिनका सीधा संबंध छात्रों, महिलाओं और मध्यम वर्ग से है. दरअसल मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी में अखिलेश यादव ही सबसे बड़ा राष्ट्रीय चेहरा रहे हैं. प्रो. रामगोपाल यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं की अपनी भूमिका रही है, लेकिन जनस्वीकार्यता और सार्वजनिक पहचान के स्तर पर पार्टी दूसरा प्रभावी चेहरा विकसित नहीं कर सकी. ऐसे में डिंपल यादव को आगे लाना संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

2027 की रणनीति में युवा सबसे बड़ा केंद्र

समाजवादी पार्टी की वर्तमान राजनीति पर नजर डालें तो स्पष्ट दिखाई देता है कि पार्टी का फोकस लगातार युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बढ़ रहा है. पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती, रोजगार और शिक्षा जैसे विषय सपा के प्रमुख राजनीतिक मुद्दे बन चुके हैं. राजनीतिक विश्लेषक संदीप कुमार वर्मा कहते हैं, "उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की संख्या करोड़ों में है. उनके परिवार भी इन मुद्दों से सीधे प्रभावित होते हैं. यदि कोई राजनीतिक दल लगातार इन सवालों को उठाता है तो उसे चुनावी लाभ मिलने की संभावना रहती है."

सपा नेताओं का भी मानना है कि धार्मिक ध्रुवीकरण वाले मुद्दों पर BJP को चुनौती देना आसान नहीं है, लेकिन रोजगार, शिक्षा और भर्ती जैसे सवालों पर सत्ता पक्ष को रक्षात्मक स्थिति में लाया जा सकता है. इसी कारण पार्टी लगातार छात्र आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी कर रही है. दिल्ली का आंदोलन इसी रणनीति का विस्तार माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक सपा युवा असंतोष को राजनीतिक समर्थन में बदलने का प्रयास करेगी.

महिला नेतृत्व को भी मिल रही नई पहचान

दिल्ली के आंदोलन में डिंपल यादव अकेली महिला सांसद नहीं थीं. मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज और कैराना से सांसद इकरा हसन भी आंदोलन में सक्रिय रहीं. तीनों सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था. प्रिया सरोज ने प्रदर्शन के दौरान कहा, "मैं खुद छात्रा रही हूं. जब कोई परीक्षा रद्द होती है या पेपर लीक होता है तो केवल छात्र नहीं, पूरा परिवार टूट जाता है. छात्रों की आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी है." इकरा हसन ने आरोप लगाया, "लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने आए छात्रों पर बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. सरकार असहमति की आवाज को दबाना चाहती है."

हालांकि, इस पूरे आंदोलन का सबसे बड़ा राजनीतिक लाभ डिंपल यादव को मिला. सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों ने उन्हें आंदोलन का सबसे मानवीय चेहरा बना दिया. सपा ने भी इस अवसर को तुरंत राजनीतिक संदेश में बदल दिया.

जंतर-मंतर की घटना के बाद संसद के भीतर भी डिंपल यादव पहले की तुलना में कहीं अधिक मुखर दिखाई दीं. छात्र आंदोलन पर चर्चा की मांग हो या विपक्ष के विरोध प्रदर्शन, वह लगातार अग्रिम पंक्ति में नजर आईं. इससे यह संदेश गया कि उनकी भूमिका अब केवल मैनपुरी तक सीमित नहीं रहने वाली. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में संगठन और चुनावी अभियान पर अधिक ध्यान देंगे, जबकि डिंपल यादव दिल्ली में पार्टी का प्रमुख संसदीय चेहरा बन सकती हैं. इससे समाजवादी पार्टी को दो स्तरों पर नेतृत्व विकसित करने का अवसर मिलेगा.

Read more!