दिल्ली : ‘आप’ से मुकाबले के लिए साधु-संत सम्मेलन! क्या है भाजपा की रणनीति?

दिल्ली में सातों लोकसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवार और कुछ केंद्रीय मंत्री इस साधु-संत सम्मेलन में शामिल होने वाले हैं

J.P. Nadda
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा साधु-संतों के साथ (फाइल फोटो)

भाजपा 21 अप्रैल को दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में साधु-संतों का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित करने जा रही है. इसमें पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत प्रदेश स्तर के सभी वरिष्ठ नेता और कुछ केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे. इन लोगों के अलावा दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवार भी इस सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे.

इस आयोजन के बारे में वीरेंद्र सचदेवा कहते हैं कि राम मंदिर के निर्माण और भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाने के लिए पार्टी साधु-संतों और मंदिरों के पुजारियों के इस सम्मेलन का आयोजन कर रही है. हालांकि लोकसभा चुनाव के बीच इस सम्मेलन के राजनीतिक मायनों को कतई नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

दरअसल आम आदमी पार्टी (आप) ने 17 अप्रैल को 'आप का राम राज्य' के नाम से एक कैंपेन वेबसाइट लॉन्च की है. इससे पहले अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के लिए वित्त वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया तो उसे भी ‘राम राज्य’ की थीम पर तैयार किया गया था. 

वहीं जनवरी, 2024 में जब अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा की तरफ से चलाए जा रहे कई कार्यक्रमों के बीच ‘आप’ ने सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ दिल्ली के अलग—अलग इलाकों में कराया था. 

भाजपा जिस हिंदुत्व को अपना मूल मुद्दा मानती है, ‘आप’ की इन गतिविधियों से यह इशारा मिलता है कि वह उसमें सेंध लगाना चाहती है. कथित शराब घोटाले से संबंधित मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बावजूद पार्टी ने अपनी इस रणनीति को नहीं बदला है और अपने प्रचार अभियान उसके नेता लगातार यह दोहरा रहे हैं कि असली ‘राम राज्य’ तो आप ही ला सकती है.

लोकसभा चुनाव में आप की इन कोशिशों का असर होने की संभावना को देखते हुए भाजपा इसकी काट में जुट गई है. इसके अलावा राम मंदिर के मुद्दे का अधिक से अधिक चुनावी फायदा उठाने की कोशिश के तहत ही पार्टी 21 अप्रैल को साधु—संतों का सम्मेलन आयोजित कर रही है. 

इस सम्मेलन की तैयारी में लगे नेताओं का कहना है कि आयोजन स्थल पर साधु—संत भाग लेने वाले सभी लोगों से एक साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कराएंगे. पार्टी की ओर से यह भी दावा किया जा रहा है कि इस आयोजन में शामिल होने वाले लोगों में बड़ी संख्या युवाओं को होगी.   

भाजपा की तरफ से जो नेता इस सम्मेलन की तैयारियों में लगे हुए हैं, उनका कहना है कि इसमें 35,000 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है. इनमें से तकरीबन 5,000 साधु—संत होंगे. इनमें से कुछ प्रमुख साधु—संत राम मंदिर और सनातन धर्म से संबंधित मुद्दों पर अपनी बात भी रखेंगे. 

माना जा रहा है कि इस सम्मेलन के माध्यम से भाजपा दिल्ली में राम मंदिर के मुद्दे को हवा देना चाह रही है. अभी तक भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय राजधानी में जो प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, उसमें पार्टी की कोशिशों के बावजूद राम मंदिर का मुद्दा उतनी प्रमुखता से जमीनी स्तर पर नहीं दिख रहा है. ऐसे में इस सम्मेलन के माध्यम से पार्टी इस स्थिति को बदलने की कोशिश कर रही है.

Read more!