पंजाब में अकाली-BJP गठबंधन का यूपी के तराई क्षेत्र पर कितना असर?

पंजाब में छह साल बाद BJP-अकाली दल की वापसी से यूपी के तराई क्षेत्र में सिख मतदाताओं के बीच नए राजनीतिक समीकरणों और 2027 के चुनाव में संभावित तालमेल की चर्चा तेज हो सकती है

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का ऐलान किया है. (Photo: X/ANI)
BJP और अकाली दल ने 24 नवंबर को गठबंधन की घोषणा की है

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच पंजाब में BJP और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के दोबारा साथ आने के फैसले ने उत्तर प्रदेश की सियासत में भी नए राजनीतिक समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है. 

दोनों दलों ने 24 नवंबर 2026 को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है. छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर एक साथ आई हैं. हालांकि अभी इस गठबंधन की घोषणा पंजाब के चुनाव को लेकर हुई है. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और BJP के बीच सीटों के तालमेल या किसी औपचारिक चुनावी समझौते की घोषणा नहीं हुई है. 

इस गठबंधन का उत्तर प्रदेश से जुड़ा पहलू इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य के कई जिलों में सिख और पंजाबी समुदाय की अच्छी-खासी मौजूदगी है. खासकर पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर और तराई के दूसरे इलाकों में सिख मतदाताओं का सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव रहा है. 

ऐसे में पंजाब में BJP और अकाली दल की नजदीकी का असर उत्तर प्रदेश में सिख समुदाय के बीच राजनीतिक संवाद और चुनावी गोलबंदी पर पड़ सकता है. लेकिन यह असर कितना होगा इसका आकलन राज्य में अकाली दल के संगठन, स्थानीय नेतृत्व और दोनों दलों के बीच किसी संभावित चुनावी तालमेल के आधार पर ही किया जा सकेगा.

सिख मतदाता

उत्तर प्रदेश में सिख समुदाय की आबादी भले ही कुल आबादी के मुकाबले कम हो लेकिन तराई के कुछ जिलों में उसकी मौजूदगी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है. 2011 की जनगणना के मुताबिक उत्तर प्रदेश में सिखों की कुल आबादी करीब 6.43 लाख थी. इनमें सबसे बड़ी संख्या लखीमपुर खीरी में थी. यहां 94,388 सिख रहते थे जो जिले की कुल आबादी का करीब 3.24 फीसदी थे. 

पीलीभीत में 84,787 और शाहजहांपुर में 51,090 सिख आबादी दर्ज की गई थी. बरेली में भी 28,187 सिख रहते थे. ये आंकड़े 2011 की जनगणना के हैं, इन्हें मौजूदा मतदाताओं की संख्या नहीं माना जा सकता. तराई के इन इलाकों में सिख समुदाय का एक बड़ा हिस्सा खेती-किसानी से जुड़ा है. 

लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कृषि अर्थव्यवस्था में सिख किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. यही वजह है कि कृषि नीतियों, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), गन्ना भुगतान, सिंचाई और किसान संगठनों से जुड़े मुद्दे यहां की राजनीति को प्रभावित करते हैं. 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में चले किसान आंदोलन ने भी इस क्षेत्र की राजनीति पर असर डाला था. 

BJP और अकाली दल के बीच 2020 में गठबंधन टूटने की एक बड़ी वजह भी कृषि कानून ही थे. शिरोमणि अकाली दल ने सितंबर 2020 में एनडीए से अलग होने का फैसला किया था. पार्टी की नेता और तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी कृषि कानूनों के विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. 

ऐसे में छह साल बाद दोनों दलों के फिर साथ आने का राजनीतिक संदेश पंजाब तक सीमित नहीं रहेगा. उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिल सकता है. राजनीतिक विश्लेषक और लखनऊ के प्रतिष्ठ‍ित अवध गर्ल्स डिग्री कालेज की प्राचार्य बीना राय कहती हैं, “सिख समुदाय को एकसमान राजनीतिक मतदाता समूह मानना सही नहीं होगा. इस समुदाय के भीतर भी खेती, व्यापार, स्थानीय नेतृत्व, धार्मिक संस्थाओं और क्षेत्रीय मुद्दों के आधार पर अलग-अलग राजनीतिक प्राथमिकताएं हैं. इसलिए पंजाब में अकाली दल और BJP के साथ आने का अर्थ यह नहीं है कि उत्तर प्रदेश में सिख मतदाताओं का समर्थन अपने आप एनडीए के पक्ष में चला जाएगा. इसके लिए दोनों दलों को स्थानीय मुद्दों और समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता पर काम करना होगा.”

यूपी में अकाली दल की महत्वाकांक्षा

शिरोमणि अकाली दल के लिए उत्तर प्रदेश नया राजनीतिक मैदान नहीं है. 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने यहां अपना आधार बढ़ाने की कोशिश की थी. मई 2016 में अकाली दल के तत्कालीन सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने उत्तर प्रदेश में सिख समुदाय को राजनीतिक रूप से एकजुट करने की जरूरत बताई थी. उन्होंने कहा था कि सिख समुदाय अलग-अलग राजनीतिक दलों के साथ बंटा हुआ है जिसके कारण उसे राज्य की राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है. 

अकाली दल ने उस समय सिखों को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग में प्रतिनिधित्व देने और स्कूलों में पंजाबी भाषा की पढ़ाई शुरू कराने जैसे मुद्दे भी उठाए थे.  सितंबर 2016 में अकाली दल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी. उस वक्त प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बलविंदर सिंह भुंडर ने कहा था कि अकाली दल उत्तर प्रदेश में पंजाब की तर्ज पर BJP के साथ गठबंधन की कोशिश करेगा. 

तब पार्टी ने साफ किया था कि गठबंधन नहीं होने की स्थिति में वह अकेले भी चुनाव लड़ेगी. उस समय अकाली दल ने पीलीभीत, गाजियाबाद, गोला, रामपुर के बिलासपुर और रायबरेली जैसे उन इलाकों में उम्मीदवार उतारने की योजना बनाई थी, जहां सिख और पंजाबी आबादी की मौजूदगी थी. हालांकि 2017 में अकाली दल उत्तर प्रदेश में अपनी कोई बड़ी चुनावी ताकत नहीं बन पाया है. 

अब 2027 के चुनाव से पहले पंजाब में BJP के साथ उसकी अकाली दल की वापसी उत्तर प्रदेश में संगठन को फिर सक्रिय करने का अवसर बन सकती है. लेकिन इसके लिए पार्टी को पुराने चुनावी प्रयोग से आगे बढ़कर बूथ स्तर पर संगठन खड़ा करना होगा.

BJP के लिए फायदे का सौदा?

उत्तर प्रदेश में BJP पहले से ही कई क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन में है. 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) और निषाद पार्टी उसके साथ थे. बाद में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) भी एनडीए में शामिल हो गए. अब 2027 के चुनाव के लिए इन दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है. हालिया रिपोर्टों के मुताबिक RLD 33, सुभासपा 19, अपना दल (एस) 17 और निषाद पार्टी 10 सीटों पर अपनी दावेदारी कर रही हैं. 

इनकी मांग पूरी होने पर BJP को कुल 79 सीटें सहयोगियों के लिए छोड़नी पड़ सकती हैं. ऐसे में अकाली दल के लिए उत्तर प्रदेश में अलग से सीटों की मांग करना आसान नहीं होगा. BJP के सामने पहले से मौजूद सहयोगियों को संतुष्ट करने और अपने नेताओं की चुनावी दावेदारी को बनाए रखने की चुनौती है. 

अकाली दल अगर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की इच्छा जताता है तो BJP के सामने यह सवाल होगा कि उसे गठबंधन में शामिल करने से कितना अतिरिक्त राजनीतिक लाभ मिल सकता है. खासकर तराई के उन इलाकों में जहां सिख मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है, वहां अकाली दल की स्थानीय पकड़ और संगठनात्मक क्षमता को परखना होगा. 

दूसरी तरफ अकाली दल के लिए भी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करना आसान नहीं होगा. पंजाब में पार्टी का इतिहास, सिख धार्मिक संस्थाओं से जुड़ाव और बादल परिवार का राजनीतिक प्रभाव उसे एक अलग पहचान देते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में स्थानीय नेतृत्व और संगठन की स्थिति अलग है. हालांकि ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि पंजाब में BJP और अकाली दल की वापसी उत्तर प्रदेश में सिख समुदाय के बीच राजनीतिक संवाद को और मजबूत करने का अवसर दे सकती है. 

Read more!