अखिलेश के ‘वन लाइनर’ विरोधियों को कैसे उलझा रहे?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चुटीले वन-लाइनर यूपी की सियासत में नए राजनीतिक हथियार बन रहे हैं. ‘चवन्नी’ से ‘पाकिस्तान’ तक, उनके तंज विरोधियों को जवाब देने पर मजबूर कर रहे हैं

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव. (File Photo: ITG)
उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों भाषणों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक और चीज खास तौर पर चर्चा में है : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के वन लाइनर. अखिलेश के छोटे-छोटे राजनीतिक तंज कई बार ऐसे निशाने पर लगते हैं कि सामने वाला जवाब देने को मजबूर हो जाता है.
यही वजह है कि उनके एक-एक वाक्य पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं और चुनावी माहौल में ये तंज सियासी बहस का हिस्सा बन रहे हैं.
16 अगस्त को अखिलेश यादव ने लखनऊ में लोध समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, "हमने चवन्नी के सिक्के को रुपया बना दिया था, फिर भी वे हमें छोड़कर चले गए." अखिलेश ने किसी व्यक्ति या दल का नाम नहीं लिया लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे राष्ट्रीय लोक दल और उसके अध्यक्ष जयंत चौधरी पर निशाने के तौर पर देखा गया.
वजह भी साफ थी. 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) साथ थे. उस समय भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से लगातार यह तंज किया जाता था कि चुनाव के बाद जयंत चौधरी सपा का साथ छोड़ देंगे. जयंत ने तब पलटवार करते हुए कहा था, "क्या मैं कोई चवन्नी हूं जो पलट जाऊंगा?"
2022 का गठबंधन RLD के लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद रहा और विधानसभा में उसकी सीटें एक से बढ़कर आठ हो गईं. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले जयंत चौधरी ने सपा का साथ छोड़कर BJP के नेतृत्व वाले एनडीए का दामन थाम लिया.
ऐसे में अखिलेश का ‘चवन्नी’ वाला तंज पुराने राजनीतिक संदर्भ को फिर सामने ले आया. RLD ने इसे अपनी पार्टी और किसान समुदाय के सम्मान से जोड़ते हुए आपत्ति जताई. यानी अखिलेश ने किसी का नाम लिए बिना एक ऐसा राजनीतिक तीर छोड़ा, जिसे जयंत खेमे ने सीधे अपने ऊपर महसूस किया.
अखिलेश की यही शैली उन्हें दूसरे नेताओं से अलग करती है. वह कई बार लंबे भाषण के बजाय एक ऐसी पंक्ति बोलते हैं, जिसे राजनीतिक विरोधी अपने ऊपर लिया हुआ मानते हैं और फिर उसी का जवाब देने में जुट जाते हैं. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के साथ उनकी जुबानी जंग इसका एक और उदाहरण है.
राजभर ने अखिलेश पर एसी वाले पार्टी कार्यालय में बैठकर राजनीति करने का आरोप लगाया था. जवाब में अखिलेश ने कहा, "जिसका दाना, उसका गाना... कब तक चलेगा यह अफसाना?" इसके साथ उन्होंने कहा कि जो लोग खाना खिलाते हैं, उनकी ही तारीफ की जाती है.
अखिलेश का इशारा राजभर के BJP के साथ होने की ओर था. राजभर ने इसके बाद सपा पर कई हमले किए और यहां तक दावा किया कि पार्टी के कुछ सांसद जल्द BJP में शामिल हो जाएंगे. एक बार फिर अखिलेश की छोटी सी टिप्पणी ने लंबी राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया.
इससे पहले अखिलेश का "हाता नहीं भाता, तिलक नहीं लुभाता" वाला तंज भी राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा में रहा था. यह टिप्पणी गोरखपुर के चर्चित ब्राह्मण नेता और पूर्व विधायक हरिशंकर तिवारी के आवास ‘तिवारी हाता’ के संदर्भ में थी.
अखिलेश ने इस एक लाइन के जरिए BJP सरकार पर ब्राह्मणों और उनके प्रभावशाली नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाने की कोशिश की. राजनीतिक रूप से यह बयान इसलिए भी अहम था क्योंकि BJP के सामने ब्राह्मण वोटरों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है.
अखिलेश के वन-लाइनर का नया उदाहरण 21 अगस्त को लखनऊ में कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद सामने आया. योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए में ‘पी’ का अर्थ एक दिन पाकिस्तान कर देगी.
अगले ही दिन 22 अगस्त को सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा, "पी का मतलब पाकिस्तान, BJP का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान." यह जवाब भी अखिलेश की उसी राजनीतिक शैली का उदाहरण है.
मुख्यमंत्री के बयान में पाकिस्तान को लेकर किए गए हमले को अखिलेश ने पलटकर BJP पर ही इस्तेमाल कर दिया. परिणाम यह हुआ कि पीडीए, पाकिस्तान और BJP को लेकर सियासी बहस और तेज हो गई. यानी मुख्यमंत्री का हमला जिस मुद्दे पर था, अखिलेश ने उसी शब्द को पकड़कर उसे राजनीतिक पलटवार का हथियार बना दिया.
दरअसल, अखिलेश के वन-लाइनर सिर्फ भाषण का हिस्सा नहीं रह जाते. वे सोशल मीडिया, राजनीतिक बयानों और टीवी बहसों में अलग से चर्चा का विषय बन जाते हैं. विरोधी दलों के नेताओं को इनका जवाब देना पड़ता है और कई बार जवाब देते-देते मूल मुद्दे से बहस का फोकस भी बदल जाता है.
यही इन तंजों की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है. अखिलेश की रणनीति में एक और खास बात दिखाई देती है. वे अक्सर सीधे नाम लेने के बजाय संकेतों और प्रतीकों का इस्तेमाल करते हैं. ‘चवन्नी’, ‘दाना-गाना’, ‘हाता-तिलक’ जैसे शब्द किसी लंबे राजनीतिक भाषण की जगह एक संक्षिप्त संदेश देते हैं. सामने वाला अगर उसे अपने ऊपर लिया हुआ मानता है तो प्रतिक्रिया देता है और वही प्रतिक्रिया उस बयान को और बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना देती है.
अखिलेश के वन-लाइनर की खासियत यह है कि वे अक्सर एक साथ कई संदेश देते हैं. ‘चवन्नी’ में जयंत चौधरी के BJP के साथ जाने का संदर्भ है, ‘दाना-गाना’ में सत्ता के साथ खड़े नेताओं पर हमला है, ‘हाता नहीं भाता, तिलक नहीं लुभाता’ में BJP की कथित ब्राह्मण विरोधी राजनीति का आरोप है और ‘पी’ का मतलब पाकिस्तान के जवाब में BJP पर पलटवार है.
इन बयानों से यह भी साफ है कि अखिलेश अब सिर्फ पारंपरिक राजनीतिक भाषणों के भरोसे नहीं हैं. वे ऐसे छोटे वाक्यों को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं, जो तुरंत चर्चा में आ जाएं. विरोधियों की प्रतिक्रिया इस रणनीति को और धार देती है. जिस तंज को शायद मंच से कही गई एक लाइन के तौर पर छोड़ दिया जाता, विरोधी दल की प्रतिक्रिया उसे अगले दिन की राजनीतिक खबर बना देती है.
यूपी की चुनावी राजनीति में जहां हर वोटर समूह के बीच संदेश पहुंचाने की कोशिश चल रही है, वहां अखिलेश की यह "वन-लाइनर पॉलिटिक्स" खास मायने रखती है. सवाल सिर्फ यह नहीं कि उनका अगला तंज किस पर होगा, बल्कि यह भी है कि अगला निशाना कौन बनेगा और कौन उस एक लाइन को अपने ऊपर लेकर जवाब देने के लिए मजबूर होगा.
फिलहाल चवन्नी से पीडीए और पाकिस्तान तक पहुंची यह जुबानी जंग बताती है कि 2027 की सियासी लड़ाई में अखिलेश यादव के वन-लाइनर भी एक अहम राजनीतिक हथियार बनने वाले हैं.