योगी के गढ़ में पीडीए के साथ कौन-सा नया गठजोड़ बना रहे अखिलेश यादव?

गोरखपुर सहित पूर्वांचल में ठाकुर और ब्राह्मण मतदाता BJP के मजबूत आधार रहे हैं और अखिलेश यादव ने यहां पहुंचकर इन्हीं को लुभाने की कोशिश की है

akhilesh yadav pda rath yatra gorakhpur
गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा (Photo-ITG)

18 नवंबर को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा सिर्फ शक्ति प्रदर्शन तक सीमित नहीं थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सामाजिक समीकरणों में सेंध लगाने की कोशिश की. 

उन्होंने एक तरफ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) गठजोड़ को मजबूत करने का संदेश दिया तो दूसरी तरफ ब्राह्मण और ठाकुर समुदायों तक पहुंच बनाकर सपा के सामाजिक आधार का विस्तार करने की रणनीति दिखाई. 

चौरी-चौरा में स्वतंत्रता सेनानी बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण, राजपूत समाज के प्रभावशाली चेहरों से जुड़ाव और पूर्व मंत्री हरि शंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात, अखिलेश की इसी राजनीतिक कवायद के अहम पड़ाव रहे. तीन साल बाद गोरखपुर पहुंचे सपा प्रमुख ने इन गतिविधियों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूर्वांचल में चुनावी बिसात बिछाने की कोशिश की.

ठाकुरों तक पहुंचने की कोशिश

अखिलेश यादव की रथ यात्रा की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधानसभा सीट गोरखपुर सदर से हुई. एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश करीब 20 किलोमीटर का रोड शो करते हुए गोरखपुर ग्रामीण और चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्रों से गुजरे. इन दोनों सीटों पर क्रमशः BJP के विपिन सिंह और निषाद पार्टी के सरवन निषाद विधायक हैं. इस रूट का राजनीतिक महत्व इसलिए भी था क्योंकि गोरखपुर क्षेत्र की कई विधानसभा सीटों पर राजपूत और ब्राह्मण मतदाताओं की भूमिका निर्णायक मानी जाती है. 

चौरी-चौरा क्षेत्र के देवकाही गांव में अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता सेनानी बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया. बंधु सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजी शासन के खिलाफ प्रतिरोध का नेतृत्व किया था. उनका जन्म गोरखपुर के डुमरी रियासत में श्रीनेत राजपूत जमींदार परिवार में हुआ था. 

समर्थकों का अभिवादन करते अखिलेश यादव

इस क्षेत्र में राजपूत समुदाय के बीच उनकी ऐतिहासिक और सामाजिक प्रतिष्ठा है. ऐसे में उनकी प्रतिमा का अनावरण करके अखिलेश ने स्थानीय इतिहास और ठाकुर समाज की भावनाओं को अपने राजनीतिक संदेश से जोड़ने की कोशिश की. 

यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि गोरखपुर में BJP की राजनीति का एक मजबूत आधार राजपूत मतदाता रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की क्षेत्र में प्रभावशाली उपस्थिति के चलते सपा के लिए इस समुदाय में अपनी जगह बनाना आसान नहीं है. ऐसे में बंधु सिंह जैसे स्थानीय नायक को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाकर सपा ने ठाकुर समाज के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश की. 

अखिलेश यादव ने चौरी-चौरा में  BJP नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की. बिन्नू सिंह को क्षेत्र का प्रभावशाली राजपूत नेता माना जाता था. उन्होंने BJP के समर्थन में ऊंची जातियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 

बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार उर्फ टप्पू सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हो चुके हैं. सपा उन्हें चौरी-चौरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाने पर विचार कर सकती है. पार्टी की इस संभावित रणनीति के पीछे BJP और निषाद पार्टी के गठबंधन को चुनौती देने के लिए ओबीसी मतदाताओं के साथ राजपूत समुदाय का समर्थन हासिल करने की कोशिश है.

ब्राह्मणों को सियासी संदेश

अखिलेश यादव की रथ यात्रा का समापन तिवारी हाता में हुआ. पूर्व मंत्री और छह बार विधायक रहे दिवंगत हरि शंकर तिवारी का आवास पूर्वांचल की ब्राह्मण राजनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है. हरि शंकर तिवारी का गोरखपुर और आसपास के जिलों में ब्राह्मण समुदाय के बीच प्रभाव रहा है. तिवारी हाता के नाम से पहचाने जाने वाले उनके आवास पर पहुंचकर अखिलेश ने उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी से मुलाकात की. 

इस मुलाकात के राजनीतिक मायने इसलिए भी हैं क्योंकि विनय शंकर तिवारी चिल्लूपार विधानसभा सीट से सपा के संभावित उम्मीदवार माने जा रहे हैं. उन्होंने 2017 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीता था, जबकि 2022 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. 2027 के चुनाव में उनके फिर से इसी सीट से मैदान में उतरने की संभावना है. 

अखिलेश यादव के स्वागत में जगह-जगह क्रेन का भी इस्तेमाल किया गया

तिवारी हाता पहुंचकर अखिलेश ने न सिर्फ पार्टी के पुराने नेताओं के परिवार के प्रति अपनी निकटता दिखाई बल्कि ब्राह्मण समाज को भी यह संदेश देने की कोशिश की कि सपा के राजनीतिक समीकरण में उनके लिए जगह है. पूर्वांचल में हरि शंकर तिवारी का राजनीतिक प्रभाव लंबे समय तक क्षेत्रीय समीकरणों को प्रभावित करता रहा है. उनके परिवार से जुड़ाव के जरिए सपा इस प्रभाव को अपने पक्ष में इस्तेमाल करना चाहती है. 

BJP के खिलाफ ब्राह्मणों के बीच असंतोष की संभावनाओं को राजनीतिक अवसर में बदलने की कोशिश भी इस रणनीति का हिस्सा मानी जा सकती है. हालांकि ब्राह्मण मतदाताओं का समर्थन हासिल करना सपा के लिए बड़ी चुनौती है. इस समुदाय का एक बड़ा हिस्सा लंबे समय से BJP के साथ रहा है. 

इसके अलावा सपा प्रमुख ने वरिष्ठ सपा नेता दिवंगत जवाहर यादव के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. इस तरह उन्होंने पार्टी के परंपरागत समर्थकों और पुराने राजनीतिक संबंधों को भी याद किया. इन कार्यक्रमों के जरिए अखिलेश ने सामाजिक समीकरणों के अलग-अलग हिस्सों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया. 

हरि शंकर तिवारी के बेटे विनय शंकर तिवारी ने अखिलेश यादव की इस पहल को सपा की चुनावी संभावनाओं से जोड़ा. उन्होंने कहा, "सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा ने सपा की जीत की गति बढ़ा दी है. रथ यात्रा में सभी समुदायों के सदस्यों ने भाग लिया. न केवल ओबीसी, दलित और अल्पसंख्यक, बल्कि उच्च जातियां भी सपा का समर्थन करेंगी."

BJP के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी

अखिलेश यादव की गोरखपुर यात्रा का एक बड़ा मकसद पीडीए के दायरे को व्यापक बनाना भी था. अब तक सपा की राजनीति में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को एक साझा सामाजिक गठजोड़ के रूप में पेश किया जाता रहा है. लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी इस समीकरण में ऊंची जातियों को भी जोड़ने की कोशिश कर रही है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में ऊंची जाति के उम्मीदवार उतारने की सपा की योजना इसी रणनीति का हिस्सा है. 

गोरखपुर मंडल की 28 विधानसभा सीटों पर 2022 के चुनाव में BJP और निषाद पार्टी गठबंधन ने 27 सीटें जीती थीं. कांग्रेस को महराजगंज में एक सीट पर जीत मिली थी. गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर जिलों में फैले इस मंडल में BJP का मजबूत राजनीतिक आधार है. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र होने के कारण गोरखपुर की राजनीतिक गतिविधियों का प्रदेश की सियासत में विशेष महत्व है. ऐसे में अखिलेश यादव ने अपनी यात्रा के जरिए सीधे BJP के मजबूत क्षेत्र में राजनीतिक चुनौती पेश करने का प्रयास किया.

गोरखपुर के राजनीतिक विश्लेषक मानवेंद्र सिंह कहते हैं, “सपा राजपूत और ब्राह्मण समुदायों के प्रभावशाली स्थानीय नेताओं और परिवारों के जरिए अपने लिए नए रास्ते तलाश रही है. इसकी एक वजह यह भी है कि गोरखपुर मंडल की कई सीटों पर जातीय समीकरण उम्मीदवारों की जीत-हार तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. ऊंची जातियों के उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की योजना के जरिए सपा इन समुदायों में अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ाना चाहती है.”

रोड शो के दौरान अखिलेश का जगह-जगह जेसीबी और क्रेन से स्वागत भी राजनीतिक चर्चा का विषय बना. कई स्थानों पर क्रेन के जरिए उन्हें बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाई गईं. BJP सरकार बुलडोजर को कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रतीक के रूप में पेश करती रही है. इसके जवाब में सपा के कार्यक्रम में क्रेन का इस्तेमाल विपक्ष की ओर से एक अलग राजनीतिक संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा गया. 

फिलहाल अखिलेश ने गोरखपुर से यह संकेत दे दिया है कि सपा इस बार पूर्वांचल में केवल पीडीए के भरोसे नहीं, बल्कि नए सामाजिक समीकरणों के साथ भाजपा को चुनौती देने की तैयारी कर रही है.

Read more!