चचेरे-ममेरे भाई-बहनों के बीच शादी पर सुप्रीम कोर्ट ने क्यों जताई चिंता?
करीबी रिश्तेदारों के बीच शादी से बच्चों में आनुवंशिक बीमारियों का खतरा बढ़ने के सवाल पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से विचार करने को कहा है

करीबी रिश्तेदारों में शादियां सिर्फ एक धर्म तक सीमित नहीं हैं (सांकेतिक तस्वीर)
बेंगलुरु की 20 वर्षीय कानून की एक छात्रा ने सदियों पुरानी सामाजिक परंपरा को सुप्रीम कोर्ट के सामने ला दिया है. इससे एक ऐसे सवाल पर बहस शुरू हुई है जिसका सामना भारत ने अब तक काफी हद तक टाला है. सवाल यह कि क्या आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए करीबी रक्त संबंधियों के बीच होने वाली शादियों को नियंत्रित किया जाना चाहिए?
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से विचार करने को कहा कि क्या करीबी रक्त संबंधियों के बीच विवाह को लेकर कानून बनाने की जरूरत है. वैकल्पिक तौर पर सरकार इस तरह की शादियों के संभावित आनुवंशिक परिणामों के बारे में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान भी चला सकती है.
हालांकि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने साफ किया कि वह सरकार को कानून बनाने का निर्देश नहीं दे रही है. अदालत सिर्फ चाहती है कि इस मुद्दे की जांच की जाए.
अदालत बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) की छात्रा चार्वी एस. की जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी. चार्वी गंभीर रूप से दृष्टिबाधित हैं. उनके माता-पिता आपस में फर्स्ट कजिन (चचेरे, ममेरे, फुफेरे या मौसेरे भाई-बहन) हैं.
उन्होंने अपनी इस स्थिति के लिए करीबी रिश्तेदारों के बीच शादी से जुड़े आनुवंशिक जोखिमों को जिम्मेदार ठहराया है. इसमें कोन डिस्ट्रॉफी और रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा जैसी बीमारियां शामिल हैं. उनकी याचिका में सवाल उठाया गया है कि क्या करीबी रक्त संबंधियों के बीच विवाह की अनुमति देने वाले कानूनी और पारंपरिक अपवाद पर्याप्त जनस्वास्थ्य सुरक्षा के बिना जारी रहने चाहिए.
चिकित्सा का पहलू
करीबी रक्त संबंधियों के बीच विवाह को अंग्रेजी में कॉन्सैंग्विनियस मैरिज कहा जाता है. इसमें ऐसे दो लोगों के बीच शादी होती है जिनका कोई साझा पूर्वज होता है. आमतौर पर इसमें सेकंड कजिन (दूर के चचेरे,ममेरे, फुफेरे, मौसेरे भाई-बहन) या उनसे करीबी रिश्तेदार शामिल होते हैं. इनमें फर्स्ट कजिन के बीच शादियां सबसे आम हैं.
इसके पीछे आनुवंशिकी का कारण समझना आसान है. हर व्यक्ति के शरीर में कुछ ऐसी अप्रभावी आनुवंशिक गड़बड़ियां (म्यूटेशन) हो सकती हैं जो नुकसान पहुंचा सकती हैं. आमतौर पर इनका असर सामने नहीं आता क्योंकि दूसरे माता-पिता से मिला उसी जीन का दूसरा रूप स्वस्थ होता है.
लेकिन करीबी रिश्तेदारों में एक ही पूर्वज से मिले समान आनुवंशिक बदलाव होने की आशंका ज्यादा रहती है. ऐसे में उनके बच्चों में एक ही नुकसानदेह अप्रभावी जीन की दो प्रतियां मिलने की संभावना बढ़ जाती है. इससे आनुवंशिक बीमारियां हो सकती हैं.
मेडिकल जर्नल ‘बीएमजे ओपन’ में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, असंबंधित माता-पिता के बच्चों में जन्मजात विकृतियों का खतरा करीब 2-3 फीसदी होता है. वहीं, फर्स्ट कजिन दंपतियों के बच्चों में यह खतरा 5-6 फीसदी तक होता है. यानी जोखिम लगभग दोगुना हो जाता है. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि फर्स्ट कजिन दंपतियों के ज्यादातर बच्चों में जन्मजात विकृतियां होती हैं. ऐसे दंपतियों के अधिकांश बच्चे जरूरी नहीं कि इन समस्याओं से प्रभावित हों.
2025 में ‘जीन्स’ जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन 'द एबंडेंस ऑफ हार्मफुल रेयर होमोजाइगस वैरिएंट्स इन चिल्ड्रेन ऑफ कॉन्सैंग्विनियस पेरेंट्स' में 2,500 से ज्यादा लोगों के पूरे जीनोम की जांच की गई.
इसमें पाया गया कि फर्स्ट कजिन दंपतियों के बच्चों में असंबंधित माता-पिता के बच्चों की तुलना में नुकसानदेह दुर्लभ होमोजाइगस (एक जैसे जीन की दो प्रतियां) आनुवंशिक बदलाव करीब 10 गुना ज्यादा थे. डबल फर्स्ट कजिन (ऐसे दंपति जिनके माता-पिता भी आपस में भाई-बहन हों) के बच्चों में यह संख्या 20 गुना तक थी.
समुदायों से जुड़ा पहलू
जिन समुदायों में कई पीढ़ियों से करीबी रिश्तेदारों के बीच शादियां होती रही हैं, वहां स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और गंभीर हो जाते हैं. यहीं से यह बहस संवेदनशील हो जाती है. उदाहरण के लिए, इस्लाम में फर्स्ट कजिन के बीच शादी की अनुमति है. हालांकि यह मान लेना गलत होगा कि भारतीय मुसलमानों में ही ऐसी शादियां आम हैं या दूसरे समुदायों में यह प्रथा नहीं है.
‘जर्नल ऑफ बायोसोशल साइंस’ में 2020 में प्रकाशित एक अध्ययन में राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS)- 2015-16 के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इसमें कभी शादी कर चुकी 4,56,646 महिलाओं को शामिल किया गया था. अध्ययन के मुताबिक, भारत में 9.9 फीसदी शादियां करीबी रक्त संबंधियों के बीच हुई थीं.
मुसलमानों में यह आंकड़ा 15 फीसदी और हिंदुओं में 9 फीसदी था. राष्ट्रीय औसत पर दक्षिण भारत का काफी असर था. यहां ऐसी शादियों का अनुपात 23 फीसदी था, जबकि पूर्वोत्तर में यह 3.1 फीसदी था. देशभर में कुल शादियों में फर्स्ट कजिन के बीच हुई शादियों की हिस्सेदारी 8.7 फीसदी थी.
शोधकर्ताओं ए.एच. बिट्ल्स और आर. हुसैन के एक पुराने अध्ययन में भी इस प्रथा का जिक्र है. यह अध्ययन 2000 में अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘एनल्स ऑफ ह्यूमन बायोलॉजी’ में प्रकाशित हुआ था. इसमें NFHS 1992-93 के आंकड़ों के आधार पर पाया गया कि भारतीय मुस्लिम उत्तरदाताओं में 22 फीसदी शादियां सेकंड कजिन या उससे करीबी रिश्तेदारों के बीच हुई थीं. हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में यह आंकड़ा काफी अलग था.
यह बात भी सही है कि मुस्लिम समुदायों और भौगोलिक क्षेत्रों के हिसाब से शादी की परंपराओं में काफी अंतर है. फर्स्ट कजिन दंपतियों के बच्चों में भी जन्मजात विकृतियों का कुल जोखिम अपेक्षाकृत कम रहता है. लेकिन यह असंबंधित माता-पिता के बच्चों की तुलना में ज्यादा होता है.
धार्मिक और कानूनी पहलू
यह प्रथा सिर्फ इस्लाम तक सीमित नहीं है. दक्षिण भारत के कुछ हिंदू समुदायों में भी पारंपरिक रूप से क्रॉस-कजिन (मामा या बुआ के बच्चों) के बीच शादी की अनुमति रही है. कुछ समुदायों में मामा और भांजी के बीच विवाह की परंपरा भी रही है. भारत के विवाह संबंधी आंकड़ों में ऐसी परंपराएं दिखाई देती हैं.
हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत निषिद्ध रिश्तों और सपिंड संबंधों के भीतर विवाह पर आमतौर पर रोक है. हालांकि अगर किसी समुदाय में ऐसी शादी की स्थापित परंपरा है तो उसे छूट मिल सकती है. यह कानून सिख, बौद्ध और जैन समुदायों पर भी लागू होता है.
मुस्लिम पर्सनल लॉ में फर्स्ट कजिन के बीच शादी की अनुमति है. यहूदी पर्सनल लॉ में भी चचेरे-ममेरे भाई-बहनों के बीच विवाह की अनुमति है. वहीं ईसाई संप्रदायों में भी ऐतिहासिक रूप से कुछ करीबी रिश्तेदारों के बीच शादियों की अनुमति रही है. हालांकि इसके लिए संबंधित धार्मिक नियमों और विशेष छूट का पालन करना होता है. अलग-अलग देशों और क्षेत्रों में इनका कानूनी स्वरूप अलग है.
दुनियाभर में पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व, उत्तरी अफ्रीका और दक्षिण एशिया के कुछ हिस्सों में करीबी रिश्तेदारों के बीच शादियां अब भी प्रचलित हैं. यह परंपरा अलग-अलग देशों और संस्कृतियों में देखने को मिलती है.
व्यक्तिगत पसंद बनाम जनस्वास्थ्य
सुप्रीम कोर्ट की इस पहल ने धार्मिक स्वतंत्रता, पारंपरिक प्रथाओं, व्यक्तिगत पसंद और स्वस्थ जीवन के अधिकार के बीच संतुलन बनाने पर एक मुश्किल बहस शुरू कर दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की शादियों पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला संवैधानिक और सामाजिक विरोध का सामना कर सकता है. इसे लागू करना भी मुश्किल हो सकता है. लेकिन चिकित्सा संबंधी सबूतों को नजरअंदाज करना भी सही नहीं है.
इस दिशा में व्यावहारिक शुरुआत जागरूकता अभियान अनिवार्य करने, शादी से पहले आसानी से उपलब्ध आनुवंशिक परामर्श, ऐसे समुदायों में स्वैच्छिक आनुवंशिक जांच और सस्ती जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने से हो सकती है, जहां यह प्रथा ज्यादा प्रचलित है. जिन दंपतियों के परिवार में आनुवंशिक बीमारियों का इतिहास है, उन्हें बच्चे की योजना बनाने से पहले आनुवंशिक जांच की सुविधा मिलनी चाहिए.
सरकार को यह भी तय करना होगा कि क्या वैज्ञानिक जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को आखिरकार सदियों पुरानी सामाजिक परंपराओं पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए.