कभी हां, कभी ना! PM बनने को लेकर किस दुविधा में थीं सोनिया गांधी?
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में बताया है कि 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद को लेकर उनके मन में क्या चल रहा था और आखिर उन्होंने यह पद स्वीकार करने से इनकार क्यों किया

सोनियां गांधी (फाइल फोटो)
मई 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को हराकर केंद्र की सत्ता में शानदार वापसी की. लेकिन इस जीत ने सोनिया गांधी को एक बड़ी दुविधा में भी डाल दिया.
कांग्रेस के सहयोगी लगातार उनसे प्रधानमंत्री पद संभालने का आग्रह कर रहे थे. उनके भीतर एक तरह की द्वंद्व चल रहा था. अपने दिवंगत पति और सास की जगह लेने से हमेशा इनकार करने का उनका शुरुआती संकल्प धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा. आखिरकार उनके मुंह से धीमी आवाज में सिर्फ "ठीक है" निकला. हालांकि बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया.
जब सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव ठुकराने का फैसला किया तो सबसे पहले राहुल गांधी को इसकी जानकारी मिली. राहुल यह जानकर बेहद खुश हुए. उनकी बहन प्रियंका को भी बाद में जब यह बात पता चली तो वे भी खुश हुईं. सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि दोनों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की निर्मम हत्या का सदमा झेला था.
इस किताब में सोनिया गांधी लिखती हैं, "उनके मन में प्रधानमंत्री का पद संभालने का मतलब सीधे तौर पर खतरा बढ़ जाना था. वे राहत महसूस कर रहे थे. अपनी बात पहली बार खुलकर कहने के बाद मुझे भी मन हल्का लगा. इसके बाद यह मामला वहीं खत्म हो गया. मैंने इस बारे में किसी और से कभी बात नहीं की."
2004 के चुनाव नतीजे आने से काफी पहले ही सोनिया गांधी ने अपने बच्चों के साथ प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर चर्चा की थी. उस समय उनका जवाब बिल्कुल साफ था. उन्होंने याद किया कि जब उनके बच्चों में से एक ने पूछा कि अगर UPA चुनाव जीत गया तो क्या वे प्रधानमंत्री पद स्वीकार करेंगी तो उन्होंने लगभग नाराजगी जताते हुए कहा था, "बिल्कुल नहीं!"
बच्चों ने फिर पूछा, "क्या आप पक्केतौर पर कह सकती हैं ?" इस पर उन्होंने जवाब दिया, "मैं बिल्कुल स्पष्ट हूं."
उस समय राहुल गांधी 34 साल के थे और प्रियंका 32 साल की थीं. मां का जवाब सुनकर दोनों बेहद खुश हुए थे. आखिरकार, सोनिया गांधी ने 2004 के पूरे चुनाव प्रचार के दौरान अपनी बात पर कायम रहते हुए यही कहा था कि वे भारत की प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी.
लेकिन उनके मन में भावनाओं का तूफान उठ रहा था. वे दुविधा में थीं. उन्होंने लिखा, "मेरी भावनाएं हर पल बदल रही थीं. एक मिनट के लिए मैं अपने फैसले को लेकर स्पष्ट होती तो अगले ही पल उलझ जाती."
10 जनपथ स्थित आवास पर कांग्रेस की एक अहम बैठक के दौरान सोनिया गांधी को अपने सहयोगियों के नाटकीय विरोध का सामना भी करना पड़ा. सभी नेता इस बात पर अड़े थे कि उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार करना चाहिए. किसी तरह हिम्मत जुटाकर उन्होंने अपनी राय रखी. लेकिन उनके इतना कहते ही हंगामा शुरू हो गया. नेता उन्हें घेरकर खड़े हो गए.
सोनिया गांधी लिखती हैं, उनमें से एक ने कहा, 'हम यह स्वीकार नहीं करेंगे.' दूसरे ने कहा, 'आप यह फैसला नहीं ले सकतीं, मैडम.' उनका लहजा सख्त था, लगभग आक्रामक. उन्होंने कहा, 'हम आपका इनकार स्वीकार नहीं करेंगे.' मैं घबरा गई. मुझे लगा कि मुझ पर दबाव बनाया जा रहा है. मैंने लगभग बुदबुदाते हुए बहुत धीमी आवाज में कहा, 'ठीक है.' वहां मौजूद नेता मेरे वाक्य पूरा होने का इंतजार भी नहीं कर पाए. वे एक-एक करके मुझे बधाई देने लगे.
कमरे के बाहर प्रियंका इंतजार कर रही थीं. जैसे ही उन्हें पता चला कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनने के लिए राजी हो गई हैं, वे रोते हुए घर के अंदर पहुंचीं. उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे. वे अपने भाई को ढूंढ़ने लगीं. राहुल अपने कमरे में थे. प्रियंका ने उन्हें यह खबर दी. इसके बाद दोनों परेशान हालत में अपनी मां के पास पहुंचे.
सोनिया गांधी लिखती हैं, "मेरे दोनों बच्चे अपने पिता की मौत के बाद खुद को मेरा रक्षक मानते थे. गठबंधन के नेताओं के इस जोरदार दबाव से मैं पहले ही थक चुकी थी. अब मुझे अपने बच्चों का भी सामना करना था."
सोनिया ने राहुल से कहा कि उन पर "दबाव बनाया गया" था, लेकिन राहुल को उनकी बात पर भरोसा नहीं हुआ. उन्होंने पूछा, "हमारा क्या होगा?" इसके बाद वे गुस्से में वहां से चले गए. वहीं प्रियंका ने अपनी मां से आग्रह किया कि वे किसी को भी अपनी इच्छा के खिलाफ कोई फैसला लेने के लिए मजबूर न करने दें. प्रियंका ने सोनिया गांधी से कहा, "हम दोनों आपकी मदद के लिए यहां हैं. हम हालात संभालने में आपकी मदद करेंगे."
उस समय 58 साल की सोनिया गांधी इस टकराव से बेहद थक चुकी थीं. वे अपने कमरे में चली गईं. कमरे में अकेले होने पर उनके मन में दो तरह के विचार चल रहे थे.
एक विचार सवाल उठा रहा था कि इटली में जन्मी और पली-बढ़ी किसी महिला को एक अरब से ज्यादा आबादी वाले देश का नेतृत्व करने के लिए चुना जाना कितना उचित होगा. वहीं दूसरा विचार उन्हें याद दिला रहा था कि भारत ही अब उनका घर है. यह वही देश है जिसने निजी जीवन की त्रासदियों के बीच उन्हें अपनाया और अपनेपन का एहसास दिया.
दूसरी आवाज उनसे कह रही थी, "यह तुम्हारा देश है. तुमने पूरा वयस्क जीवन और अपनी निष्ठा इसे समर्पित की है." यह आवाज उन्हें उन लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी याद दिला रही थी जिन्होंने उन पर और उनकी पार्टी पर भरोसा जताया था.
इस फैसले का भावनात्मक बोझ उन पर हावी हो रहा था. सोनिया गांधी को अपने दिवंगत पति की मौजूदगी और उनके सहारे की कमी महसूस हो रही थी. लेकिन धीरे-धीरे उनका मन साफ होने लगा. वे लिखती हैं कि मैं खुद को कहते हुए सुन सकती थी, 'सोनिया, अपने प्रति सच्ची रहो. तुम हमेशा से जानती हो कि तुम्हें क्या करना है. बस इसे छोड़ दो!'
कुछ घंटे बाद उनकी नींद खुली. वे सीधे राहुल के कमरे में पहुंचीं. उन्होंने राहुल से कहा, "मैंने फैसला कर लिया है. मैं अपने रुख पर कायम रहूंगी." राहुल ने उन्हें गले लगा लिया और भरोसा दिलाया कि यह "सही फैसला" है.
जब सोनिया गांधी अपना फैसला सुनाने के लिए संसद पहुंचीं तो वहां एक बार फिर नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला. उन्होंने याद किया कि फैसला सुनाने की तैयारी के दौरान भी कई नेताओं ने भाषण दिए. सभी उनसे अपने फैसले पर फिर से विचार करने और प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने की अपील कर रहे थे.
इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर मनमोहन सिंह का नाम घोषित किया. उन्होंने किताब में लिखा, "मैं कांग्रेस संसदीय दल के अध्यक्ष पद से हट रही हूं और डॉ. सिंह को इसका नेता नामित किया जाता है."
एक बार फिर संसद में तालियां गूंज उठीं. कुछ सांसद खड़े हो गए, कुछ ने नारे लगाए और कुछ की आंखों में आंसू आ गए. राहुल और प्रियंका भी खड़े हो गए और तालियां बजाने लगे. इस बीच उनकी मां ने अपने कागजात समेटे और वहां से चली गईं.
इसके बाद मनमोहन सिंह भारत के पहले और अब तक के एकमात्र सिख प्रधानमंत्री बने. 2009 में UPA को पहले से ज्यादा सीटों के साथ जनादेश मिला और वे दोबारा प्रधानमंत्री बने.