Nvidia में चीन की कथित जासूसी के बीच भारत को कहां सतर्क रहने की जरूरत?

Nvidia से जुड़े जासूसी के आरोपों ने वैश्विक टेक्नोलॉजी जगत में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं. भारत के सेमीकंडक्टर और AI इकोसिस्टम के विस्तार के साथ कंपनियों, तकनीकी साझेदारियों, बौद्धिक संपदा और सप्लाई चेन की सुरक्षा की चुनौती भी बढ़ रही है

Alice Huang with Nvidia CEO Jensen Huang.
Nvidia के CEO रहे जेनसन हुआंग के साथ एलिस हुआंग (फाइल फोटो)

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर नियंत्रण की लड़ाई अब सिर्फ सेमीकंडक्टर फैक्ट्रियों, रिसर्च लैब या सरकारी तकनीकी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रह गई है. यह लड़ाई अब तेजी से कंपनियों के आपसी संबंधों, अंतरराष्ट्रीय कारोबारी नेटवर्क, वित्तीय बिचौलियों और संभावित रूप से निजी संपर्कों के जरिए भी लड़ी जा रही है.

Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग और चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से जुड़ा विवाद वैश्विक तकनीकी प्रतिस्पर्धा के इस कम दिखाई देने वाले पहलू की झलक देता है. इससे भी अहम बात यह है कि यह मामला भारत के लिए कई सवाल खड़े करता है. भारत खुद को सेमीकंडक्टर और AI के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है.

इसी बीच एक अलग घटनाक्रम में भारत ने अमेरिका और आठ अन्य सहयोगी देशों के साथ पैक्स सिलिका पहल के तहत सैन फ्रांसिस्को घोषणा पर हस्ताक्षर किए हैं. इसका मकसद चीन के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कच्चे माल से लेकर ऊर्जा नेटवर्क तक AI की अहम सप्लाई चेन को आर्थिक दबाव और बाजार में अनुचित दखल देने वाली गतिविधियों से बचाना है.

फरवरी 2026 में अमेरिका के नेतृत्व वाले इस समझौते में शामिल होने के बाद भारत इसमें अपनी बड़ी प्रतिभा शक्ति, अहम खनिजों की रिफाइनिंग क्षमता, AI बुनियादी ढांचे में निवेश और भरोसेमंद तकनीकों से जुड़ी प्रतिबद्धता लेकर आया है. इस पहल का मकसद AI प्रणालियों को साझा राष्ट्रीय सुरक्षा संपत्ति के रूप में देखना है.

भारत अमेरिका और आठ अन्य सहयोगी देशों के साथ पैक्स सिलिका का सदस्य है (फाइल फोटो)

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस हुआंग, जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है, चीनी खुफिया तंत्र से जुड़ी थीं. बताया जाता है कि उन्होंने जेनसन हुआंग और उनके कारोबारी संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की थी. 

सिंगापुर स्थित Megaspeed International से उनके कथित संबंधों ने भी चिंताएं बढ़ाई हैं. इस कंपनी पर शक है कि उसने Nvidia के प्रतिबंधित AI प्रोसेसर चीनी ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद की. ताइवान ने खुलासा किया है कि एलिस ने 2024 और 2025 के दौरान आठ बार इस द्वीप का दौरा किया था. इससे मामला और संवेदनशील हो गया है.

इन घटनाक्रमों से यह साबित नहीं होता कि Nvidia की गोपनीय जानकारी बीजिंग तक पहुंची या ताइवान का इस्तेमाल जासूसी के लिए किया गया. जेनसन हुआंग पर किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की जानबूझकर मदद करने का आरोप भी नहीं लगा है. Nvidia ने कहा है कि उसके पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि उसकी गोपनीय जानकारी या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है. 

फिर भी ये आरोप एक ऐसी कमजोरी को उजागर करते हैं जो किसी एक कंपनी या अधिकारी तक सीमित नहीं है. सवाल यह है कि विदेशी खुफिया एजेंसियां रणनीतिक रूप से अहम तकनीकी कंपनियों के आसपास फैले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का कितनी आसानी से फायदा उठा सकती हैं?

विशेषज्ञों के मुताबिक भारत के लिए यह सवाल खास तौर पर अहम है. भारत सेमीकंडक्टर निर्माण, AI, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजिटल बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है. इन क्षमताओं के बढ़ने के साथ ही उन्हें आर्थिक जासूसी, तकनीक के लीक होने और विदेशी खुफिया एजेंसियों की जानकारी जुटाने की कोशिशों से बचाने की जरूरत भी बढ़ेगी.

12 नवंबर को ताइवान की मेनलेंड अफेयर्स काउंसिल ने बताया कि एलिस हुआंग ने 2024-25 के दौरान आठ बार द्वीप का दौरा किया था. उन्होंने 2024 में तीन और 2025 में पांच बार यात्रा की थी. इन यात्राओं के दौरान उन्होंने हांगकांग के पासपोर्ट पर सामान्य कारोबारी के तौर पर प्रवेश किया था. ताइवान के अधिकारियों ने माना कि उस समय इमिग्रेशन अधिकारियों को उनके बारे में कोई विशेष चेतावनी नहीं मिली थी. अब सुरक्षा एजेंसियां इन यात्राओं से जुड़े हालात की जांच कर रही हैं.

एलिस हुआंग ने 8 बार ताइवान का दौरा किया था (फाइल फोटो)

हांगकांग, ताइवान, सिंगापुर और चीन के बीच कारोबारियों की लगातार आवाजाही असामान्य नहीं है. सिर्फ इन यात्राओं को जासूसी का सबूत नहीं माना जा सकता. लेकिन एलिस हुआंग के आसपास खुफिया गतिविधियों से जुड़े कथित संबंधों ने इन्हें अहम बना दिया है. 

ताइवान की अहमियत के कारण यह मामला और संवेदनशील है. यह द्वीप वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के केंद्र में है. यहां उन्नत तकनीक से चिप बनाई जाती है. इनका इस्तेमाल AI सिस्टम, रक्षा उपकरणों, डेटा सेंटर और दूसरी महत्वपूर्ण तकनीकों में होता है. चीन उन्नत सेमीकंडक्टर तकनीक तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहता है जबकि अमेरिका अपनी तकनीकी बढ़त की सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा की बड़ी प्राथमिकता मानता है.

कई जानकारों का मानना है कि इस प्रतिस्पर्धा में भारत का सीधा हित जुड़ा है. भारत घरेलू स्तर पर सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी कंपनियों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है. ऐसे में औद्योगिक जानकारी, रिसर्च क्षमता, कर्मचारियों और सप्लाई चेन की सुरक्षा भी निवेश आकर्षित करने जितनी ही महत्वपूर्ण होगी.

इस विवाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तब ज्यादा तवज्जों मिली जब मीडिया रिपोर्टों में एलिस हुआंग पर चीनी खुफिया एजेंट होने का संदेह जताया गया. उन पर कथित तौर पर जेनसन हुआंग को निशाना बनाने का आरोप था. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को लगता था कि उन्होंने Nvidia प्रमुख और उनके कारोबारी संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई थी.

8 नवंबर को Nvidia ने इस बात की स्वतंत्र जांच की घोषणा की कि क्या उसके CEO को किसी विदेशी खुफिया अभियान के तहत निशाना बनाया गया था. जेनसन हुआंग ने विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की और अपने परिवार तथा कंपनी से माफी मांगी. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि FBI इस मामले की जांच कर रही है.

Nvidia अलग से जांच कर रही है कि उसकी कोई खुफिया जानकारी लीक तो नहीं हुई है

हालांकि किसी कथित निजी संबंध और साबित हो चुकी जासूसी के बीच अंतर करना जरूरी है. ऐसा कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है जिससे पता चले कि जेनसन हुआंग ने जानबूझकर गोपनीय जानकारी साझा की या चीनी खुफिया एजेंसियों के साथ सहयोग किया. बीजिंग ने भी जासूसी के आरोपों को खारिज किया है.

फिर भी यह मामला एक ऐसी चुनौती दिखाता है जिससे पारंपरिक साइबर सुरक्षा प्रणालियां हमेशा नहीं निपट सकतीं. खुफिया जानकारी जुटाने की शुरुआत जरूरी नहीं कि किसी कंप्यूटर नेटवर्क को हैक करने या गोपनीय दस्तावेज चुराने से हो. इसमें लोगों से संबंध बनाना, प्रभावशाली व्यक्तियों तक पहुंच हासिल करना और उनके कारोबारी तथा पेशेवर नेटवर्क को समझना भी शामिल हो सकता है.

तकनीकी कंपनियों के लिए कंप्यूटर सिस्टम की सुरक्षा करना सुरक्षा व्यवस्था का सिर्फ एक हिस्सा है. वरिष्ठ अधिकारियों, शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी साझेदारों तक पहुंच भी रणनीतिक रूप से अहम हो सकती है.

सिंगापुर से जुड़ाव ने इस विवाद को और पेचीदा बना दिया है. Megaspeed International के साथ एलिस हुआंग के कथित संबंधों के कारण कंपनी के अंतरराष्ट्रीय AI कंप्यूटिंग कारोबार की जांच हो रही है. रिपोर्टों के मुताबिक, एलिस का चीनी वित्तीय क्षेत्र से जुड़ा अनुभव रहा है और वे कंपनी की नियंत्रक शेयरधारक हैं. 

Megaspeed Nvidia की क्लाउड पार्टनर बनी थी. इस पर शक जताया गया कि उसने अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के तहत आने वाले एडवॉन्स्ड प्रोसेसर चीनी ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद की हो सकती है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने शिपिंग रिकॉर्ड की भी पड़ताल की है. इनसे संकेत मिलता है कि Megaspeed की एक सहायक कंपनी के जरिए Nvidia के हार्डवेयर इंडोनेशिया पहुंचे थे.

विशेषज्ञों के मुताबिक इन घटनाक्रमों से अपने आप यह साबित नहीं होता कि निर्यात नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन हुआ है. सिंगापुर के अधिकारियों ने Megaspeed से जुड़ी जांच की पुष्टि की है लेकिन यह साबित नहीं किया है कि एलिस हुआंग जासूसी में शामिल थीं. तकनीक को कथित तौर पर दूसरे देशों तक पहुंचाने और खुफिया अभियान चलाने के आरोप अलग-अलग हैं. इनकी स्वतंत्र रूप से जांच होनी चाहिए.

एक विशेषज्ञ ने कहा कि बड़ी चिंता यह है कि संवेदनशील तकनीक अंतरराष्ट्रीय वितरकों, क्लाउड सेवा प्रदाताओं, सहायक कंपनियों और तीसरे देशों के बिचौलियों के जरिए कितनी आसानी से आगे बढ़ सकती है. 

भारत भी अपना सेमीकंडक्टर और AI ईकोसिस्टम विकसित कर रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

इस विशेषज्ञ का यह भी कहना है, "भारत को अपना सेमीकंडक्टर और AI इकोसिस्टम विकसित करते समय इस चुनौती का पहले से आकलन करना होगा. कंपनियों के वास्तविक मालिकाना हक में पारदर्शिता, भरोसेमंद निवेशक, अंतिम उपयोगकर्ता की विश्वसनीय जांच और तकनीक साझा करने से जुड़े समझौतों की निगरानी जरूरी होगी. संवेदनशील तकनीक तक अनधिकृत पहुंच रोकना भारत के औद्योगिक सुरक्षा ढांचे का हिस्सा बनना चाहिए."

Nvidia विवाद को चीनी खुफिया एजेंसियों की ओर से जानकारी जुटाने और तकनीक हासिल करने के व्यापक रिकॉर्ड के संदर्भ में भी देखना होगा. सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) ने चीन की जासूसी से जुड़ी सार्वजनिक रूप से सामने आई 224 घटनाओं का रिकॉर्ड तैयार किया है. 

इसमें रणनीतिक जानकारी और तकनीकी क्षमताएं हासिल करने के अलग-अलग तरीकों का जिक्र है. इनमें साइबर गतिविधियां, लोगों को अपने साथ जोड़ना, कारोबारी बिचौलियों का इस्तेमाल, प्रतिभाओं की भर्ती और प्रतिबंधित तकनीक हासिल करने की कोशिशें शामिल हैं.

जेम्सटाउन फाउंडेशन के एक विश्लेषण 'ऑनलाइन दौर में चीन की विदेशी खुफिया गतिविधियों में बदलाव' में बताया गया है कि चीन की मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने पेशेवर नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म, कारोबारी परामर्श समझौतों और तीसरे देशों के बिचौलियों के जरिए खुफिया जानकारी जुटाने के अपने तरीकों को कैसे बदला है.

ऐसे तरीकों से उन लोगों की पहचान करने में मदद मिल सकती है जिनके पास अहम जानकारी तक पहुंच है. इसके बाद उन्हें संभावित खुफिया स्रोत के रूप में अपने संपर्क में लाने की कोशिश की जा सकती है. AI और सेमीकंडक्टर जैसे उद्योगों में यह तरीका खास तौर पर प्रासंगिक है. इन क्षेत्रों में विशेषज्ञता और व्यावसायिक रूप से संवेदनशील जानकारी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में फैली हुई है.

इस व्यापक रिकॉर्ड से एलिस हुआंग की कथित खुफिया गतिविधियों में संलिप्तता साबित नहीं होती. लेकिन इससे समझ आता है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तकनीकी कंपनियों की सुरक्षा का आकलन करते समय सरकारें पारंपरिक साइबर खतरों से आगे क्यों देख रही हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि भारत के लिए इस मामले के मायने Nvidia की जांच से कहीं ज्यादा व्यापक हैं.

सबसे पहले, भारत की सेमीकंडक्टर महत्वाकांक्षाओं के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा का मजबूत ढांचा जरूरी है. भारत चिप निर्माण, पैकेजिंग, टेस्टिंग और सेमीकंडक्टर डिजाइन में निवेश के जरिए विदेशी सप्लाई चेन पर निर्भरता कम करना चाहती है. 

लेकिन सिर्फ फैक्ट्रियों की सुरक्षा करना काफी नहीं है. अधिकारियों को कंपनियों के वास्तविक मालिकाना हक, विदेशी साझेदारियों, तकनीक के हस्तांतरण और संवेदनशील औद्योगिक जानकारी तक पहुंच की भी जांच करनी होगी. इस इकोसिस्टम के विस्तार के साथ आर्थिक जासूसी और बौद्धिक संपदा की चोरी का खतरा भी बढ़ेगा.

दूसरा, भारत के AI बुनियादी ढांचे की सुरक्षा जरूरी है. एडवॉन्स्ड प्रोसेसर, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग सुविधाएं और क्लाउड बुनियादी ढांचा तेजी से रणनीतिक संपत्ति बन रहे हैं. इनका इस्तेमाल रक्षा, खुफिया तंत्र, वित्तीय सेवाओं, संचार और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे में होता है. उन्नत कंप्यूटिंग हार्डवेयर के लिए भारत की वैश्विक आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता को देखते हुए सप्लाई चेन में पारदर्शिता और अंतिम उपयोगकर्ता की निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है.

तीसरा, तकनीकी साझेदारियों के साथ मजबूत सुरक्षा इंतजाम भी जरूरी हैं. भारत सेमीकंडक्टर, AI और एडवॉन्स्ड इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में अमेरिका, ताइवान, जापान और यूरोप के साथ सहयोग बढ़ा रहा है. इन साझेदारियों से बड़े अवसर मिलते हैं लेकिन भरोसा सिर्फ कूटनीतिक समझौतों और निवेश की घोषणाओं के आधार पर कायम नहीं रह सकता. 

इसके लिए कंपनियों की पृष्ठभूमि की जांच, सूचना सुरक्षा, नियामक संस्थाओं के बीच तालमेल और यह भरोसा जरूरी है कि संवेदनशील तकनीक का गलत इस्तेमाल नहीं होगा और उसे अनधिकृत हाथों में नहीं जाने दिया जाएगा.

आखिर में, भारत की खुफिया और कॉरपोरेट सुरक्षा व्यवस्था को भी बदलते समय के साथ विकसित होना होगा. जवाबी खुफिया व्यवस्था का ध्यान पारंपरिक रूप से सरकारी संस्थानों, रक्षा प्रतिष्ठानों और गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा पर रहा है. लेकिन रणनीतिक तकनीकों में निजी कंपनियों की बढ़ती भूमिका के कारण अब व्यापक नजरिया अपनाने की जरूरत है. 

वरिष्ठ अधिकारियों, सेमीकंडक्टर इंजीनियरों, AI शोधकर्ताओं, सलाहकारों और सप्लाई चेन से जुड़े बिचौलियों के पास भी राष्ट्रीय महत्व की अहम जानकारी हो सकती है. इसलिए खुफिया एजेंसियों, नियामकों और निजी उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है.

ताइवान, सिंगापुर और इंडोनेशिया वैश्विक सेमीकंडक्टर और तकनीकी सप्लाई चेन में लगातार अहम भूमिका निभा रहे हैं. भारत के लिए ये नेटवर्क अवसरों के साथ सुरक्षा जोखिम भी लेकर आते हैं. संवेदनशील तकनीक गलत हाथों में जाने से रोकने के लिए नई दिल्ली को निवेश की जांच, सप्लाई चेन की सुरक्षा और खुफिया जानकारी साझा करने के मामले में क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करना होगा.

Nvidia विवाद दिखाता है कि सिर्फ साइबर सुरक्षा से रणनीतिक तकनीक की रक्षा नहीं की जा सकती. कारोबारी साझेदारियां, निवेशक, बिचौलिए और निजी संबंध भी सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं. 

भारत के लिए तकनीकी आत्मनिर्भरता का मतलब सिर्फ चिप फैक्ट्रियां और AI बुनियादी ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि बौद्धिक संपदा, संवेदनशील जानकारी और सप्लाई चेन की सुरक्षा करना भी है. सबक साफ है: भारत की तकनीकी महत्वाकांक्षाओं के साथ जासूसी और तकनीक के लीक होने से बचाव के उतने ही मजबूत इंतजाम भी होने चाहिए.

Read more!