भारत के बड़े ब्रांड्स की वैल्यू क्यों घट रही?
पिछले एक साल में देश के शीर्ष 100 ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू में 12 फीसदी की गिरावट आई है

एयरटेल 2026 में दुनिया के शीर्ष 10 टेलीकॉम ब्रांड्स में भी शामिल है
क्या भारतीय ब्रांड्स अपनी वैल्यू बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहे हैं? दरअसल पिछले एक साल में देश के शीर्ष 100 ब्रांड्स की कुल ब्रांड वैल्यू में 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
यह खुलासा कांटार ब्रांड्ज (Kantar BrandZ) की सबसे मूल्यवान भारतीय ब्रांड्स की शीर्ष 100 सूची में हुआ है. पिछले साल इन ब्रांड्स की कुल वैल्यू करीब 523 अरब डॉलर थी. 2026 में यह घटकर 460 अरब डॉलर रह गई है. कुल मिलाकर पिछले 10 वर्षों से ब्रांड वैल्यू में गिरावट का सिलसिला जारी है. इसके उलट दुनिया के शीर्ष 100 ब्रांड्स की कुल वैल्यू सालाना आधार पर 22 फीसदी बढ़कर 13 ट्रिलियन डॉलर हो गई.
ब्रांड वैल्यू से पता चलता है कि कोई ब्रांड उपभोक्ताओं को दूसरे ब्रांड्स के बजाय उसे चुनने या उसके लिए ज्यादा कीमत चुकाने के लिए कितना प्रेरित कर सकता है. यह उपभोक्ताओं की धारणा पर आधारित होती है और किसी ब्रांड के भविष्य के प्रदर्शन को भी प्रभावित करती है.
इस रैंकिंग के मुताबिक, 2026 में भारत के तीन ब्रांड ग्लोबल टॉप 100 में शामिल हैं. इनमें एयरटेल (62वें स्थान पर), HDFC बैंक (63वें स्थान पर) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (82वें स्थान पर) शामिल हैं.
इनकी वैश्विक सफलता बताती है कि लंबे समय तक ब्रांड वैल्यू बढ़ाने के लिए विदेशों में मौजूदगी कितनी अहम है. इससे यह भी पता चलता है कि भारतीय ब्रांड्स को विदेशों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की जरूरत है. विदेशी कंपनियां पहले ही इस दिशा में काफी आगे बढ़ चुकी हैं.
47.6 अरब डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ एयरटेल 2026 में दुनिया के शीर्ष 10 टेलीकॉम ब्रांड्स में भी शामिल है. दरअसल 2026 में पहली बार ऐसा हुआ है जब 2014 में Kantar BrandZ की सबसे मूल्यवान भारतीय ब्रांड्स की शीर्ष 100 रैंकिंग शुरू होने के बाद देश की सूची में किसी टेलीकॉम ब्रांड को पहला स्थान मिला है. 2025 की भारतीय रैंकिंग में एयरटेल सबसे मूल्यवान टेलीकॉम ब्रांड था और कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर था.
लेकिन एयरटेल एक अपवाद है. कई भारतीय ब्रांड मार्केटिंग, बाजार की समझ और उपभोक्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने के जरिए अपनी दीर्घकालिक ब्रांड वैल्यू बढ़ाने के लिए पर्याप्त निवेश नहीं कर रहे हैं. इसकी तुलना में चीन के 13 ब्रांड 2026 की ग्लोबल टॉप 100 सूची में शामिल हैं. इनमें अलीबाबा, शाओमी, टेनसेंट, टिकटॉक, हायर और मौटाई शामिल हैं.
इसकी एक बड़ी वजह यह है कि भारतीय ब्रांड्स को अब पहले से कहीं ज्यादा प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है. मुकाबला सिर्फ कई नए क्षेत्रीय ब्रांड्स से नहीं है बल्कि वैश्विक स्तर पर AI के जरिए कारोबार का स्वरूप बदलने वाली कंपनियों से भी है. वहीं महंगाई बढ़ने से उपभोक्ता परिवारों पर भी दबाव बना हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय ब्रांड्स की वैल्यू में गिरावट की एक वजह यह भी है कि देश में OpenAI, माइक्रोसॉफ्ट, फेसबुक, टेनसेंट, टिकटॉक और NVIDIA जैसी AI और मीडिया कंपनियों की मौजूदगी और उनका प्रभाव अपेक्षाकृत कम है. ये कंपनियां इस समय वैश्विक कारोबार की वृद्धि को गति दे रही हैं.
बिजनेस टेक्नोलॉजी और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी से जुड़े कई ब्रांड्स की वैल्यू में भी गिरावट आई है. इनमें ई-कॉमर्स कंपनियां और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म शामिल हैं. पिछले कुछ वर्षों में ये कंपनियां ब्रांड्स की वैल्यू बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही थीं. Kantar की दक्षिण एशिया की प्रबंध निदेशक सौम्या मोहंती के मुताबिक खासतौर पर आईटी और आईटीईएस सेक्टर पर AI के कारण हो रहे बदलावों का दबाव बढ़ा है.
इसकी एक और वजह रुपए की कमजोरी है. मोहंती कहती हैं, "भारतीय ब्रांड्स के पिछड़ने की एक वजह यह भी है कि घरेलू बाजार बड़ा होने के बावजूद मजबूत मुद्रा वाले देशों की तुलना में रुपया कमजोर है. रुपए की कमजोरी के कारण भी ब्रांड्स की कुछ वैल्यू कम हो जाती है."
हालांकि भारत को ब्रांड वैल्यू को अलग नजरिए से देखने की जरूरत है. कंपनियों को विदेशों में विस्तार करते समय सिर्फ कारोबार बढ़ाने के बजाय ब्रांड बनाने पर ध्यान देना होगा. इसकी वजह यह है कि लंबे समय में ब्रांड की मजबूत पहचान किसी कारोबार के वित्तीय प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करती है.
मोहंती बताती हैं कि ब्रांड की वैल्यू को वास्तविक रूप से बढ़ाया जा सकता है. Kantar BrandZ की सबसे मूल्यवान भारतीय ब्रांड्स की 2025 और 2026 की रिपोर्ट में शामिल 91 ब्रांड्स दोनों वर्षों की सूची में एक ही थे.
इनमें जिन ब्रांड्स ने अपनी पहचान मजबूत करने दूसरों से अलग होने की वजह बताने और अपनी खासियत उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में निवेश किया, उनकी ब्रांड वैल्यू इस साल औसतन 7 फीसदी बढ़ी. वहीं, जिन ब्रांड्स ने ऐसा नहीं किया, उनकी वैल्यू में औसतन 13 फीसदी की गिरावट आई.
मोहंती कहती हैं, "इस तरह ब्रांड बनाने में निवेश करने वाली कंपनियों को उन ब्रांड्स के मुकाबले 20 प्रतिशत अंक की बढ़त मिलती है जो अपनी मौजूदा स्थिति पर टिके हुए हैं या जिनकी वैल्यू घट रही है."
वे आगे कहती हैं, "यह सिर्फ प्रीमियम उत्पाद बनाने, टेक्नोलॉजी या स्टार्टअप तक सीमित नहीं है. दरअसल जिस भी ब्रांड ने उपभोक्ताओं के बीच अपनी पहचान और भरोसा मजबूत किया है उसने बेहतर प्रदर्शन किया है."
यह इसलिए भी अहम है क्योंकि अब तक भारतीय शेयर बाजार उन कंपनियों को पुरस्कृत कर रहा था जिन्हें देश के घरेलू खुदरा बाजार की वृद्धि का फायदा मिल रहा था. लेकिन अब स्थिति बदल रही है. मजबूत ब्रांड वाले कारोबार बेहतर प्रदर्शन करने लगे हैं. कुछ साल पहले यह रुझान इतना स्पष्ट नहीं था.
मोहंती कहती हैं, "विकास सिर्फ उन उपभोक्ताओं से ज्यादा कमाई करने से नहीं होगा, जिन्हें ब्रांड पहले से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इसके लिए नए उपभोक्ताओं, नए मौकों और विकास के नए क्षेत्रों की तलाश करनी होगी. 'मीनिंगफुल डिफरेंस' (बाकियों अलग कोई खूबी जो काम की भी हो) ब्रांड्स को ऐसा करने की ताकत देता है. इससे वे प्रासंगिक बने रहते हैं और लगातार नई मांग पैदा कर पाते हैं."
इसलिए शीर्ष 100 ब्रांड्स को लगातार खुद में बदलाव करना होगा, उपभोक्ताओं के करीब रहना होगा और अपने ब्रांड को मजबूत बनाने में दोबारा निवेश करना होगा. मोहंती के मुताबिक, "अगर आप ब्रांड बनाने में दोबारा निवेश नहीं करते और सिर्फ ब्रांड से फायदा उठाते रहते हैं, तिमाही नतीजों और शेयर बाजार पर ही ध्यान देते हैं, तो धीरे-धीरे ब्रांड की वैल्यू खत्म होने लगती है."
Kantar BrandZ की 2026 की सबसे मूल्यवान भारतीय ब्रांड्स की शीर्ष 100 रैंकिंग के मुताबिक, देश के शीर्ष 10 ब्रांड्स में पहले स्थान पर एयरटेल है. इसके बाद HDFC बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारतीय स्टेट बैंक, ICICI बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), एशियन पेंट्स और फ्लिपकार्ट का स्थान है.