अखिलेश यादव 'विजन इंडिया' से BJP के नैरेटिव को कैसे निशाना बना रहे?

अखिलेश यादव की 'विजन इंडिया' पहल के तहत ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 17 जनवरी को एक कार्यक्रम आयोजित हुआ है

सपा प्रमुख अखिलेश यादव. (File Photo: ITG)
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में समाजवादी पार्टी (सपा) का इवेंट! यह थोड़ा चौंकाने वाला राजनीतिक आयोजन था लेकिन सपा की रणनीति के हिसाब से ऐसे आयोजन अब और भी दिखेंगे. 17 जनवरी को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पार्टी की पहल – विजन इंडिया : प्लान, डेवलपमेंट ऐंड एसेंट (Ascent) यानी VI-PDA के तहत कार्यक्रम के लिए भुवनेश्वर में थे. 

अखिलेश यादव ने विजन इंडिया को जिस तरह “डिवीजन की राजनीति” के जवाब में “विजन की राजनीति” बताया है, वह सीधे तौर पर मौजूदा BJP सरकार की वैचारिक लाइन पर हमला है. पिछले साल बेंगलुरु में 16 नवंबर को दो दिवसीय विजन इंडिया कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा था कि आज देश में समाज और परिवारों को बांटने वाली राजनीति हावी है और “हमारी हिंदुस्तानीयत, जो विविधता में एकता पर टिकी है, संकट में है.” यह बयान केवल एक राजनीतिक आरोप नहीं था, बल्कि सपा की उस मूल विचारधारा को दोहराने का प्रयास था जो खुद को समावेशिता, सामाजिक न्याय और बहुलतावाद से जोड़ती रही है.

“विजन इंडिया” की सबसे अहम विशेषता यह है कि इसे किसी एक सेक्टर तक सीमित नहीं रखा गया. स्टार्टअप, युवा, इनोवेशन, हेल्थ, पर्यावरण, सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक संस्कृति जैसे विषयों को एक ही फ्रेम में रखा गया है. भुवनेश्वर में 17 जनवरी को आयोजित होलिस्टिक हेल्थ समिट में अखिलेश यादव ने मेडिकल हेल्थ को सिर्फ़ शरीर तक सीमित सोचने के बजाय मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक पहलुओं से जोड़कर देखने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा कि आज बीमारियों की जड़ केवल शारीरिक नहीं है, बल्कि नकारात्मक माहौल, तनाव, प्रदूषण और सामाजिक विषाक्तता भी लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है. दिल्ली का प्रदूषण हो या इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतें, उन्होंने इन्हें सीधे तौर पर शासन और नीतियों की विफलता से जोड़ा.

यहां “विजन इंडिया” का राजनीतिक संकेत साफ़ है. अखिलेश स्वास्थ्य को केवल अस्पताल, डॉक्टर और दवा तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे जीवनशैली, पर्यावरण और शासन की गुणवत्ता से जोड़कर एक व्यापक नैरेटिव बनाते हैं. 

अखिलेश यादव की “विजन इंडिया” पहल को सिर्फ़ एक कार्यक्रम या सम्मेलन श्रृंखला के तौर पर देखना इसकी राजनीतिक और वैचारिक गहराई को कम करके आंकना होगा. यह पहल दरअसल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा की दीर्घकालिक रणनीति, बदले हुए सामाजिक मिज़ाज और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई भूमिका तय करने की कोशिश का हिस्सा है. 

बेंगलुरु, भुवनेश्वर जैसे शहरों से लेकर आने वाले महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले विजन इंडिया कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि सपा अब खुद को सिर्फ़ यूपी-केंद्रित पार्टी के तौर पर नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक राष्ट्रीय सोच के वाहक के रूप में पेश करना चाहती है.

“विजन इंडिया” के तहत युवाओं पर दिया गया ज़ोर भी सपा की बदली हुई रणनीति का अहम हिस्सा है. अखिलेश यादव बार-बार यह कहते रहे हैं कि आज का युवा जाति और धर्म के चश्मे से कम, अवसर और भविष्य की संभावनाओं के चश्मे से ज़्यादा देखता है. बेंगलुरु में उन्होंने याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप को बढ़ावा देने की सोच सबसे पहले सपा सरकार के दौर में आई थी, जब इसके लिए बजटीय प्रावधान किए गए, लैपटॉप बांटे गए और आईटी व डेयरी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू हुए. “विजन इंडिया : स्टार्टअप समिट” के ज़रिए सपा उस विरासत को फिर से सामने लाना चाहती है और यह संदेश देना चाहती है कि तकनीक, उद्यमिता और रोजगार को लेकर उसकी सोच BJP से अलग और ज़्यादा व्यावहारिक है.

इस पहल के मुख्य समन्वयक सांसद राजीव राय और मुख्य संयोजक अभिषेक मिश्रा जैसे नेताओं की भूमिका भी संकेत देती है कि पार्टी इसे संगठनात्मक स्तर पर गंभीरता से आगे बढ़ा रही है. विजन इंडिया को एक “सामूहिक राष्ट्रीय प्रयास” बताते हुए अखिलेश ने पॉलिसी थिंकर्स, सेक्टर एक्सपर्ट्स, इनोवेटर्स और सामाजिक योगदानकर्ताओं को इसमें जोड़ने की बात कही है. यह तरीका पारंपरिक राजनीतिक रैलियों से अलग है, जहां एकतरफ़ा भाषण होते हैं. यहां संवाद, विचार-विमर्श और सुझावों पर ज़ोर है, जिससे यह पहल सिर्फ़ चुनावी नहीं, बल्कि नीति-निर्माण की तैयारी जैसी दिखती है.

2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी के भीतर PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की रणनीति की सफलता ने सपा को आत्मविश्वास दिया है. 37 सीटों के साथ यूपी की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरना अखिलेश यादव के लिए एक बड़ा राजनीतिक मोड़ था. लेकिन 2027 का विधानसभा चुनाव उससे कहीं ज़्यादा चुनौतीपूर्ण होगा. BJP सत्ता में है और उसका संगठनात्मक ढांचा मजबूत है. ऐसे में सपा के सामने सवाल है कि वह पारंपरिक वोट बैंक के साथ-साथ नए वोटरों, खासकर शहरी युवाओं और पहली बार वोट देने वालों को कैसे जोड़े. “विजन इंडिया” इसी खाली जगह को भरने की कोशिश है.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि “विजन इंडिया” के ज़रिए सपा खुद को सिर्फ़ विरोध की राजनीति तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि एक वैकल्पिक विकास मॉडल पेश करना चाहती है. वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक मनोज यादव के मुताबिक, “अखिलेश यादव अब केवल BJP की आलोचना नहीं कर रहे, बल्कि यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि अगर सपा सत्ता में आती है तो वह किस तरह का भारत और उत्तर प्रदेश देखती है. हेल्थ, स्टार्टअप, युवा और पर्यावरण जैसे मुद्दे उसी दिशा में इशारा करते हैं.”

हालांकि इस पहल को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. कुछ आलोचकों का कहना है कि विजन इंडिया अभी वैचारिक ज्यादा और ज़मीनी कम दिखता है. उनका तर्क है कि यूपी जैसे राज्य में जहां बेरोज़गारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और ग्रामीण संकट जैसे मुद्दे सीधे लोगों को प्रभावित करते हैं, वहां कॉन्क्लेव और समिट कितने प्रभावी होंगे, यह देखना होगा. सपा के भीतर से भी कुछ नेताओं का मानना है कि विजन इंडिया की बातों को गांव और कस्बों की भाषा में उतारना बड़ी चुनौती होगी. 

सपा नेतृत्व इन आशंकाओं से अनजान नहीं है. पार्टी से जुड़े एक नेता का कहना है कि विजन इंडिया का मकसद सिर्फ़ बड़े शहरों तक सीमित रहना नहीं है. वे कहते हैं, “यह एक सोच है, जिसे अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों के साथ जोड़ा जाएगा. यूपी में इसका मतलब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सौहार्द होगा.”

अखिलेश यादव का ज़ोर बार-बार नकारात्मकता बनाम सकारात्मकता पर लौट आता है. उनका कहना है कि मौजूदा राजनीति में नकारात्मकता इतनी बढ़ गई है कि वह लोगों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य तक को प्रभावित कर रही है. माइक्रोब्लॉगिंग साइट्स के ज़रिए फैलने वाली नफरत, समाज में बढ़ती खाई और पर्यावरणीय संकट, इन सबको वह एक ही धागे में पिरोते हैं. “विजन इंडिया” को वे इसी नकारात्मकता के जवाब में सकारात्मक एजेंडा बताते हैं.

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ऐसी पहल की ज़रूरत इसलिए भी महसूस की जा रही है क्योंकि विपक्षी राजनीति लंबे समय से रक्षात्मक मोड में रही है. BJP के नैरेटिव का जवाब अक्सर उसी भाषा में देने की कोशिश की गई, जिससे वैकल्पिक सोच उभर नहीं पाई. “विजन इंडिया” उस खालीपन को भरने का प्रयास है. यह सपा को एक ऐसी पार्टी के रूप में पेश करता है जो सिर्फ़ सत्ता परिवर्तन की बात नहीं करती, बल्कि शासन के नए तरीकों, प्राथमिकताओं और मूल्यों की चर्चा करती है.

हालांकि यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि “विजन इंडिया” 2027 में सपा की जीत की गारंटी बन जाएगा. लेकिन इतना साफ़ है कि अखिलेश यादव इस पहल के ज़रिए अपनी राजनीति को नए सिरे से परिभाषित करने की कोशिश कर रहे हैं. अगर सपा “विजन इंडिया” के विचारों को ज़मीनी मुद्दों, संगठनात्मक मजबूती और भरोसेमंद नेतृत्व के साथ जोड़ पाती है, तो यह पहल 2027 के चुनावी विमर्श को प्रभावित करने की क्षमता रखती है. यह सिर्फ़ एक चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि उस लड़ाई का हिस्सा है जिसमें यह तय होना है कि आने वाले वर्षों में राजनीति नकारात्मकता से चलेगी या किसी स्पष्ट विजन से.

Read more!