FBI के पूर्व डायरेक्टर की पोस्ट '86 47' कैसे जुड़ गई ट्रंप को हत्या की धमकी देने से?

अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI के पूर्व डायरेक्टर जेम्स कॉमी ने रिपब्लिकन सांसदों की कड़ी आलोचना के बाद सोशल मीडिया से अपनी विवादित पोस्ट को हटा दिया है

पूर्व FBI डायरेक्टर जेम्स कॉमी पर लगा ट्रंप को हत्या की धमकी देने के आरोप
पूर्व FBI डायरेक्टर जेम्स कॉमी पर लगा ट्रंप को हत्या की धमकी देने का आरोप

अमेरिकी खुफिया एजेंसी ‘फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन’ (FBI) के पूर्व डायरेक्टर जेम्स कॉमी ने 15 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की.

इसमें कॉमी ने समुद्री सीपों से '86 47' लिखा था. कुछ देर बाद ही यह पोस्ट वायरल होने लगी. इसको शेयर कर रिपब्लिकन सांसदों ने जेम्स कॉमी की कड़ी आलोचना की.

कुछ देर बाद पूर्व FBI डायरेक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट को डिलीट कर दिया. इसके बावजूद पोस्ट के स्क्रीनशॉट को शेयर कर लोग जेम्स कॉमी पर डोनाल्ड ट्रंप को हत्या की धमकी देने के आरोप लगा रहे हैं. लेकिन, क्या सच में जेम्स कॉमी ने अपने पोस्ट में '86 47' लिखकर ट्रंप को हत्या की धमकी दी है और इस आरोप की क्या मुख्य वजह है?

क्या ‘86 47’ लिखने का मतलब ट्रंप को हत्या की धमकी देना है?

जेम्स कॉमी की इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट को शेयर कर ज्यादातर रिपब्लिकन नेता और ट्रंप के समर्थक इस तरह के दावे कर रहे हैं. इन्हीं में से एक अमेरिका की सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम हैं.

क्रिस्टी ने कहा है, “जेम्स कॉमी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की थी, जिसे बाद में उन्होंने डिलीट कर दिया था. इस पोस्ट में उन्होंने समुद्री सीपों पर '86 47' लिखा था, जिसका मतलब ट्रंप को हत्या की धमकी देना था. दरअसल, '86' का अर्थ हत्या होता है और ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति हैं.”

क्रिस्टी के मुताबिक, '86' एक स्लैंग या कोड के रूप में होता है, जिसका इस्तेमाल हत्या या किसी चीज को मिटाने के लिए किया जाता है. यही वजह है कि कई लोग सोशल मीडिया पर जेम्स की पोस्ट को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी दी है.

जेम्स कॉमी पर ट्रंप को लेकर इस तरह के आरोप लगने की क्या वजह हो सकती है?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पिछले कार्यकाल में जेम्स कॉमी को FBI डायरेक्टर के पद से हटा दिया था. इसके बाद उनकी जगह पर अमेरिकी वकील क्रिस्टोफर एशर रे को डायरेक्टर बनाया गया था.

माना जाता है कि इसके बाद से ही जेम्स कॉमी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर आलोचना करने लगे. वे ट्रंप की नीतियों के धुर विरोधी माने जाते हैं. यही वजह है कि रिपब्लिकन उनकी पोस्ट को ट्रंप की हत्या की धमकी से जोड़कर देख रहे हैं.

जेम्स कॉमी को FBI डायरेक्टर के पद से ट्रंप ने क्यों हटाया था?

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने जेम्स कॉमी को 9 मई 2017 को FBI निदेशक के पद से हटा दिया था. इसके पीछे दो मुख्य कारण माने जाते हैं:

क्लिंटन ईमेल जांच मामले पर घिरे कॉमी: व्हाइट हाउस ने कहा था कि ट्रंप ने जेम्स कॉमी को डिप्टी अटॉर्नी जनरल रॉड रोसेनस्टीन और अटॉर्नी जनरल जेफ सेशंस की सिफारिश पर हटाया था.

दरअसल, जुलाई 2016 में जेम्स कॉमी ने घोषणा की थी कि FBI हिलेरी क्लिंटन के खिलाफ कोई आपराधिक आरोप नहीं लगाएगी. हिलेरी पर अपने पर्सनल ईमेल से गोपनीय जानकारी को शेयर करने के आरोप थे. ट्रंप ने जेम्स को उनके पद से हटाते हुए कहा था, “यह कदम FBI में सार्वजनिक विश्वास और आत्मविश्वास बहाल करने के लिए उठाया गया है.”

ट्रंप के चुनावी अभियान में रूसी भूमिका की जांच: जेम्स कॉमी को हटाने के पीछे एक वजह यह भी माना जाती है कि उन्होंने ट्रंप के चुनावी अभियान में रूसी भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी थी.

ट्रंप ने 11 मई 2017 को NBC को दिए साक्षात्कार में कहा था कि उन्होंने जेम्स कॉमी को हटाने का फैसला डिप्टी अटॉर्नी जनरल रोसेनस्टीन की सिफारिश से पहले ही कर लिया था. ट्रंप ने कहा, “उन्होंने रूस को लेकर जो कहा था, वह  मेरे दिमाग में था, क्योंकि मैं इसे "बनावटी कहानी" मानता था.

विवाद शुरू होने पर जेम्स कॉमी ने अपने पोस्ट को लेकर क्या कहा?

विवाद शुरू होने पर डोनाल्ड ट्रंप के कटु आलोचक कॉमी ने बयान जारी कर साफ किया कि उन्हें नहीं पता था कि इस तस्वीर को धमकी के रूप में देखा जा सकता है, इसलिए उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी.

उन्होंने कहा, "मैंने पहले कुछ सीपों की तस्वीर पोस्ट की थी, जो मैंने आज समुद्र तट पर टहलते समय देखी थीं. मुझे लगा कि यह एक राजनीतिक संदेश है. मुझे नहीं पता था कि कुछ लोग उन संख्याओं को हिंसा से जोड़ सकते हैं. मेरे दिमाग में कभी यह बात नहीं आई, लेकिन मैं किसी भी तरह की हिंसा का विरोध करता हूं, इसलिए मैंने पोस्ट हटा ली है.”

क्या जेम्स कॉमी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है?

इस पोस्ट पर सबसे पहले डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व एफबीआई निदेशक पर अपने पिता की हत्या करने की धमकी देने का आरोप लगाया. इसके बाद इस पोस्ट को लेकर होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम सहित ट्रंप प्रशासन के कई अधिकारियों ने जांच की मांग की है.

नोएम ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि अमेरिका की दो शक्तिशाली एजेंसी गृह सुरक्षा विभाग और गुप्त सेवा एजेंसी इस मामले की जांच कर रही हैं. व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ टेलर बुडोविच ने कहा है कि ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने ने "डीप स्टेट को हताश और खतरनाक" बना दिया है.

व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ टेलर बुडोविच ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप इस समय मध्य पूर्व की अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पर हैं. ऐसे में पूर्व एफबीआई निदेशक द्वारा रेत पर उकेरे गए संदेश को स्पष्ट रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका के वर्तमान राष्ट्रपति पर 'हमला' के रूप में देखा जा रहा है."
 

Read more!