पांच साल में कितना बदले ट्रंप; पहले ही दिन किन 5 फैसलों से भारत को दिया झटका? 

अमेरिका कारोबारी लिहाज से भारत का सबसे बड़ा साझेदार है तो वहीं रणनीतिक रूप से भी बेहद अहम है. ऐसे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कई फैसले भारत के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं

पीएम नरेंद्र मोदी के साथ डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
पीएम नरेंद्र मोदी के साथ डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)

23 सितंबर 2019, अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में ‘हाउडी मोदी’ के नाम से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ. एनआरजी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थे. 

करीब 50 हजार लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था, “अरबों लोग ट्रंप के शब्द-शब्द को फॉलो करते हैं. विश्व की राजनीति में उनका बड़ा वजूद है. मुझे ट्रंप में हमेशा अपनापन दिखता है.”

साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का चर्चित नारा दिया. मुस्कुराते हुए पीएम मोदी का हाथ थामकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था,”Howdy माई फ्रेंड्स, ये माहौल अकल्पनीय है. आज हम यहां नई हिस्ट्री के साथ केमेस्ट्री भी देख रहे हैं. मैं भरोसेमंद दोस्त भारतीय पीएम मोदी को धन्यवाद कहता हूं.”

'हाउडी मोदी' कार्यक्रम में पीएम मोदी का हाथ थामे नजर आए थे डोनाल्ड ट्रंप

एक साल बाद 2020 में डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप और बेटी इवांका ट्रंप के साथ भारत के दौरे पर आए. फरवरी 2020 में ‘नमस्ते ट्रंप’ के नाम से पूरे मोटेरा स्टेडियम को सजाया गया था. 

इस कार्यक्रम में ट्रंप ने 27 मिनट और पीएम मोदी ने 21 मिनट भाषण दिया था. पीएम मोदी ने अपने भाषण में 21 बार ट्रंप बोला था, जबकि ट्रंप ने अपने भाषण में 15 बार मोदी का नाम लिया था. अपने 3 घंटे के अहमदाबाद दौरे पर ट्रंप-मोदी 7 बार एक-दूसरे से गले मिले, जबकि दोनों नेताओं ने 9 बार हाथ मिलाया था.

दोनों नेताओं के इन मुलाकात के अब करीब 5 साल बीत गए हैं. 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बन गए हैं. उन्होंने पहले ही दिन जिन आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं, उनमें से 5 को भारत के लिए कड़ा झटका बताया जा रहा है. 

गुजरात के अहमदाबाद में ट्रंप के गले लगते हुए पीएम नरेंद्र मोदी

अब ट्रंप के फैसलों के जरिए ये समझते हैं कि बीते 5 साल में भारत के लिए कितने बदले हैं ट्रंप और आगे आने वाले समय में भारत और अमेरिका का रिश्ता कैसा रहने वाला है…

ट्रंप के कौन से 5 फैसलों को भारत के लिए कड़ा झटका माना जा रहा है…

1. टैरिफ लगाने का ऐलान: डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले जिन आदेशों पर साइन किया है, उनमें से एक दूसरे देशों पर टैरिफ लगाने का आदेश है.

ट्रंप ने इस फैसले पर साइन करते हुए कहा,”अब तक हमारे देश की सरकार दूसरे देशों को अमीर बनाने के लिए अपने देश को लोगों पर टैक्स लगाती थी. हम इसे बदलने जा रहे हैं, अब हम अपने देश के लोगों को अमीर बनाने के लिए अन्य देशों पर टैरिफ और टैक्स लगाएंगे.”

ट्रंप के मुताबिक वो अमेरिकी लोगों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए ये सुधार कर रहे हैं. ट्रंप का ये आदेश भारत के लिए चिंता की बात है. ऐसा इसलिए क्योंकि इस वक्त अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापार साझेदार है. दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2024 में लगभग 120 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. ये चीन के साथ भारत के व्यापार से थोड़ा ज्यादा ही है. जब भारत चीन के बजाय अमेरिका की ओर अपना झुकाव बढ़ाना चाह रहा है, तब अमेरिका का टैरिफ लगाने का फैसला भारत के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है.  

यह पहली बार नहीं है, बल्कि अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अन्य देशों से अमेरिका पहुंचने वाले स्टील पर 25% और एल्युमीनियम पर 10% टैरिफ लगाया था. 

2. BRICS देशों पर अमेरिका की टेढ़ी नजर: अमेरिका ने डॉलर के समांतर नई करेंसी जारी करने पर BRICS देशों को कड़ी चेतावनी दी है. राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले पिछले महीने उन्होंने कहा था, “अगर ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका (BRICS देश) नई ब्रिक्स मुद्रा बनाते हैं या अमेरिकी डॉलर की जगह पर किसी अन्य मुद्रा को समर्थन देते हैं तो उन पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया जाएगा.” 

इतना ही नहीं एक चुनावी रैली में ट्रंप ने चीन, ब्राजील और भारत की आलोचना की और भारत को ‘टैरिफ किंग’ और ‘व्यापार का दुरुपयोग करने वाला’ देश बताया था. ऐसे में साफ है कि अमेरिका के इस फैसले से भारत और BRICS देशों पर असर पड़ना तय है. 

16वें ब्रिक्स समिट के दौरान BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्ष

3. पेरिस समझौता से बाहर हुआ अमेरिका: भारत दुनिया के उन 61 देशों में शामिल है, जिसने दुनिया में प्रदूषण कम करने के लिए सबसे पहले पेरिस समझौते पर हस्ताक्षर किया. भारत हर साल प्रदूषण कम करने के लिए पेरिस समझौते का मजबूती से समर्थन करता रहा है. इस समझौते के तहत अमीर देशों को विकासशील देशों को हर साल 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा रकम प्रदूषण कम करने के लिए देने को कहा गया था.

अब ट्रंप ने अमेरिका से पेरिस जलवायु समझौते से निकलने का फैसला किया है. इस बार अमेरिका के बाहर निकलने के अपने फैसले का बचाव करते हुए चीन को जिम्मेदार ठहराया है. इससे पहले उन्होंने पहले कार्यकाल 2017 में इसके लिए भारत को दोष दिया था. 

राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पोर्टिंग एरिना में समर्थकों से कहा, “मैं अन्यायपूर्ण, एकतरफा पेरिस जलवायु समझौते से तत्काल हट रहा हूं, क्योंकि जब चीन बिना किसी रोक-टोक के प्रदूषण फैला रहा है, तो अमेरिका अपने उद्योगों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा.” अमेरिका ने इसके लिए बजट देने से भी इनकार कर दिया है. साफ है कि प्रदूषण कम करने के लिए भारत को जो आर्थिक मदद विकसित देशों से मिलती था, उसमें कमी आ सकती है. 

4. अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने का वादा: ट्रंप ने देश में अवैध प्रवासियों की एंट्री बैन करने और अवैध प्रवासियों को पकड़ कर बॉर्डर पर छोड़ने की पॉलिसी खत्म करने की बात कही. उन्होंने कहा, “बाइडेन प्रशासन ने हमारे देश में अवैध रूप से एंट्री करने वाले खतरनाक अपराधियों को शरण दी है और उनकी हिफाजत की है.”

शशि थरूर अपने आर्टिकल 'इतनी संख्या में भारतीय देश छोड़कर विदेश क्यों जा रहे हैं?' में दावा करते हैं कि 7.5 लाख से ज्यादा भारतीय अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे हैं. उन्होंने ये डेटा साल 2022 का बताया है. अब बीते दो साल में ये संख्या और ज्यादा बढ़ भी सकती हैं. हालांकि, ट्रंप सरकार के इस फैसले के लागू होते ही सबसे पहले अमेरिका में रह रहे 20,447 भारतीय मूल के लोग प्रभावित होंगे. ये वो लोग हैं, जो अमेरिका में हैं,लेकिन इनके पास वहां ठहरने के लिए कोई डॉक्यूमेंट नहीं हैं. ये सभी लोग फाइनल रिमूवल ऑर्डर का सामना कर रहे हैं या अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट के डिटेंशन सेंटर में रह रहे हैं.

साफ है कि अगर ट्रंप प्रशासन अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकालने का फैसला करते हैं तो इससे भारत सरकार का सिरदर्द बढ़ सकता है. 

5. जन्मजात नागरिकता का अधिकार खत्म हुआ: अमेरिकी धरती पर जन्म लेने वाले किसी भी बच्चे को स्वतः ही अमेरिकी नागरिकता मिल जाती है. इसके लिए उसके माता-पिता में किसी एक की नागरिकता अमेरिका की होनी चाहिए. या अमेरिकी सेना में माता और पिता में से किसी एक को होना जरूरी है.

अब डोनाल्ड ट्रंप ने ये नियम बदल दिया है. ऐसे में इसका असर अमेरिका में तेजी से बढ़ रहे भारतीय-अमेरिकी समुदाय पर भी पड़ना तय है. हालांकि, इसके लिए ट्रंप सरकार को संवैधानिक बदलावों की प्रक्रिया से गुजरना होगा, जो आसान नहीं है. 

2024 में भारतीय अमेरिकियों की संख्या करीब 54 लाख हो गई, जो अमेरिकी आबादी का 1.47% है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 34% लोग अमेरिका में पैदा हुए हैं. 

अगर ट्रंप के आदेश के अनुसार नीति में बदलाव होता है, तो अस्थायी कार्य वीजा यानी  एच-1बी वीजा पर रहने वाले या ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीय नागरिकों के बच्चों को अब स्वत: अमेरिकी नागरिकता नहीं मिलेगी. इसका असर हर साल अमेरिका में पैदा होने वाले भारतीय प्रवासियों के हजारों बच्चों पर पड़ेगा. 

ट्रंप के राष्ट्रपति बनने से अब भारत और अमेरिका का रिश्ता कैसा रहेगा?

विदेश मामलों के जानकार राजन कुमार का कहना है कि अवैध प्रवासियों के बाहर निकालने और टैरिफ बढ़ाने के फैसले से निश्चित रूप से भारत प्रभावित होगा. ट्रंप सरकार भारत पर कितना टैरिफ लगाती है, इसी के आधार पर देश पर पड़ने वाले असर को समझा जा सकता है.

अभी ये बताना जल्दबाजी होगा कि इसका भारत पर कितना असर पड़ेगा. इसमें कोई दो राय नहीं कि इन सबके बावजूद दोनों देशों के रिश्ते बेहतर रहेंगे. इसकी मुख्य रूप से 4 वजहें हैं...

1. दोनों देशों का ट्रेड: राजन का कहना है कि दोनों देशों के बीच गुड्स एंड सर्विस ट्रेड सालाना 200 बिलियन डॉलर के आसापास है. दोनों देश एक दूसरे के दुश्मन नहीं हैं. ऐसे में इस ट्रेड पर नेगेटिव असर नहीं पड़े ऐसा दोनों देश चाहेंगे.
2. इनवेस्टमेंट: अमेरिका भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी FDI का सबसे बड़ा स्रोत है. 2023 में दोनों ही देशों का इंवेस्टमेंट 60 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 5.19 लाख करोड़ रुपए के बराबर था. भारत में अमेरिकी FDI को आकर्षित करने वाले प्रमुख सेक्टर टेक्नोलॉजी, ई-कॉमर्स, एनर्जी और हेल्थ है. ऐसे में दोनों देश अपने हितों की वजह से इसपर किसी भी तरह से असर नहीं पड़ने देना चाहेंगे. 
3. मजबूत भारतीय डायस्पोरा: अमेरिका में 50 लाख से ज्यादा भारतीय मूल के लोग हैं. ये पड़े पदों पर हैं. इन लोगों की आमदनी भी अच्छी-खासी है. अमेरिकी सरकार के हर फैसले में इनमें से कुछ लोग शामिल होते हैं. साफ है कि अमेरिका सीधे भारत पर नेगेटिव असर लेने वाले फैसले लेने से बचेगा. 
4. चीन-अमेरिका ट्रेड वॉर से भारत को फायदा: अमेरिका-चीन व्यापार युद्धों का एक नया दौर संभावित रूप से भारत को लाभ पहुंचा सकता है क्योंकि इससे निवेश और विनिर्माण के अवसर चीन से दूर हो जाएंगे. ये इनवेस्टमेंट भारत में आ सकते हैं. 

दिल्ली विधानसभा से जुड़ी इंडिया टुडे की ये रिसर्च स्टोरी भी पढ़ें....

दिल्ली के सीएम : कैसे सुषमा स्वराज और हर्षवर्धन को 'गच्चा' देकर मुख्यमंत्री बने थे साहिब सिंह वर्मा?

कभी-कभी यूं होता है कि नाम किसी का बहुत रौबदार हो, लेकिन वह इंसान दीन-हीन हो. इसका उल्टा भी हो सकता है. कुछ ऐसा ही अजब विरोधाभास दिल्ली के चौथे मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के साथ था. नाम उनका साहिब था, लेकिन काम सादगी से भरे एक आम इंसान की ही तरह था. पूरी स्टोरी के लिए क्लिक करें

हर्षवर्धन, साहिब सिंह वर्मा (बीच में) और सुषमा स्वराज

Read more!