चुनाव नहीं लड़ेगी CJP, फिर यूपी-उत्तराखंड समेत देशभर में संगठन क्यों फैला रही?
चुनावी राजनीति से दूर रहने का दावा करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने यूपी-उत्तराखंड समेत कई राज्यों में संगठन का विस्तार किया है. इसके लिए क्षेत्रीय नेतृत्व और समन्वय समितियां बनाई गई हैं जो लोकसभा और विधानसभा स्तर तक संगठन की पहुंच बढ़ाएंगी

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके (फाइल फोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने देशभर में अपने संगठन का विस्तार करने की कोशिश के तहत क्षेत्रीय नेतृत्व (जोनल लीडरशिप) और राज्य स्तरीय समन्वय समितियों (स्टेट-लेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी) का ऐलान किया है. ये समितियां लोकसभा और विधानसभा स्तर तक CJP की मौजूदगी बढ़ाने का काम करेंगी.
खास बात यह है कि CJP का कहना है कि वह चुनावी राजनीति में उतरे बिना एक 'राजनीतिक दबाव समूह' के तौर पर काम करती रहेगी. इसके बावजूद अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने वाले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में राज्य स्तरीय समन्वय समितियों के जरिए संगठन की मौजूदगी बनाई गई है.
CJP ने एक बयान में कहा, "नई गठित टीमें कई राज्यों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को एक साथ लाती हैं ताकि जमीनी स्तर पर CJP की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि आम नागरिकों की चिंताओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाए."
बयान में आगे कहा गया, "समिति के सदस्य CJP के संगठन का दायरा बढ़ाने, राज्यों के बीच तालमेल बेहतर बनाने और आम नागरिकों की उम्मीदों पर आधारित एक व्यवस्थित जमीनी आंदोलन खड़ा करने में अहम भूमिका निभाएंगे."
वेस्ट जोन की जिम्मेदारी क्षितिज पगार को दी गई है, जबकि नॉर्थ जोन की जिम्मेदारी डॉ. विवेक सांगवान संभालेंगे. उनके साथ मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली समन्वय समिति के सदस्य होंगे. इसके अलावा महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी समन्वय समितियों का ऐलान किया गया है.
हालांकि CJP के मीडिया और साउथ जोन के प्रमुख विजय रेड्डी मल्लांगी ने कहा कि संगठन एक 'राजनीतिक दबाव समूह' के तौर पर ही काम करता रहेगा. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय समन्वय समितियों (गठन) का काम काफी समय से लंबित था.” उन्होंने बताया कि ये समितियां CJP के संगठन को लोकसभा और विधानसभा स्तर तक पहुंचाने का काम करेंगी. जब उनसे पूछा गया कि CJP का ढांचा किसी राजनीतिक पार्टी जैसा क्यों दिखता है तो उन्होंने कहा, "इसका मकसद राजनीतिक वर्ग और चुने हुए प्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाना है."
दिसंबर में CJP सार्वजनिक संपर्क अभियान (पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम) शुरू करने पर फैसला लेगी. संगठन ने युवा भारतीयों को अपने साथ जोड़ने के लिए जमीनी स्तर पर एक अभियान (ऑन-ग्राउंड कैंपेन) भी शुरू किया है.
CJP का जन्म इसी साल सोशल मीडिया से शुरू हुए एक आंदोलन के तौर पर हुआ था. इसकी शुरुआत तब हुई, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कथित तौर पर एक ऐसी टिप्पणी की, जिसे युवाओं के कुछ वर्गों की तुलना कॉकरोच से करने के तौर पर देखा गया. इसके बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले और अमेरिका में पढ़ाई कर रहे अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर Cockroach Janta Party (CJP) नाम से एक अकाउंट बनाया. देखते ही देखते इस अकाउंट के लाखों फॉलोअर्स हो गए.
दिपके पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में सटायर स्पेशलिस्ट के तौर पर काम करते थे. उन्होंने अपने दोस्तों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा के पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित किया. इसमें NEET (मेडिकल प्रवेश परीक्षा) का पेपर लीक होने का मामला भी शामिल था. इन प्रदर्शनों में Gen Z के हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया.
यह आंदोलन देश के दूसरे हिस्सों में भी फैल गया और इसके चलते तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. इसके बाद CJP ने सरकारी स्कूलों की हालत के खिलाफ 'स्कूल ठीक करो' नाम से एक बड़ा अभियान शुरू किया. संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी अभियान चलाया. यह मांग वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर की गई थी.