दूसरे राज्यों में फंसे यूपी के मजदूरों को भी वापस लाए योगी सरकारः प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर दूसरे राज्यों में फंसे यूपी के प्रवासी मजदूरों के लिए भावुक अपील की है.

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे

* महासचिव प्रियंका गाँधी का सन्देश, प्रवासी मजदूरों के लिए भावुक अपील

* प्रवासी मजदूरों की जिम्मेदारी ले सरकार: प्रियंका

* हम मजदूरों को इस तरह नहीं छोड़ सकते हैं: प्रियंका

* मजदूरों को घर लाने की योजना बनाये सरकार: प्रियंका

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गाँधी ने वीडियो सन्देश में प्रवासी मजदूरों के लिए भावुक अपील की है.

प्रियंका गांधी ने एक वीडियो में कहा है कि कई दिनों से जो यूपी के प्रवासी मजदूर अलग अलग प्रदेशों में फंसे हुए हैं, उनसे मैं बात कर रही हूं. मैंने राजस्थान, दिल्ली, सूरत, इंदौर, भोपाल, मुंबई और अन्य प्रदेशों में फंसे हुए लोगों से बात की. उनकी सबसे बड़ी समस्या क्या है? मज़दूरी करने के लिए ये अलग-अलग शहरों में गए, लॉकडाउन हुआ. मजदूरी बंद हो गई. आगे चलते-चलते राशन भी ख़त्म हो गया. अब छह-छह लोग, आठ- आठ लोग एक कमरे में बंद हैं. राशन मिल नहीं रहा है. बहुत ही घबराये हुए हैं, बहुत ही डरे हुए हैं और किसी भी तरह से घर जाना चाहते हैं. और हम इनको दोषी ठहरा नहीं सकते कि आप घर जाना चाहते हैं.

प्रियंका ने कहा है कि हमें इनकी समस्या का हल खोजने की कोशिश करनी चाहिए. यह हम सबकी जिम्मेदारी है. उन्होंने खास तौर पर यूपी का जिक्र करते हुए कहा के सूबे के एक-एक मजदूर की जिम्मेदारी चाहे वे कहीं भी हों, किसी भी प्रदेश में हों. किसी भी देश में हों, यूपी सरकार की जिम्मेदारी है. हम उनको इस तरह से नहीं छोड़ सकते.

हालांकि प्रियंका ने कोटा से छात्रों को यूपी लाने के लिए योगी सरकार को बधाई दी है लेकिन सवाल भी रूछा है कि फंसे हुए मजदूरों के लिए सरकार ने क्या किया है. उन्होंने सभी मजदूरों की समस्या के लिए एक हेल्पलाइन बनाने का सुझाव दिया है.

***

Read more!