इंडिया टुडे” की खबर पर योगी सरकार की मुहर, अनिवार्य हुआ मास्क पहनना
प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने यूपी के हर व्यक्ति को 30 अप्रैल तक घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है. ‘इंडिया टुडे’ ने चार अप्रैल को ही “बगैर मास्क निकलेंगे तो हो जाएगा चालान” शीर्षक से खबर ब्रेक की थी.

प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने यूपी के हर व्यक्ति को 30 अप्रैल तक घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है. ‘इंडिया टुडे’ ने चार अप्रैल को ही “बगैर मास्क निकलेंगे तो हो जाएगा चालान” शीर्षक से खबर ब्रेक की थी. योगी सरकार ने बुधवार की शाम एक आदेश जारी करके कहा है कि बाजार में मिलने वाले ट्रिपल लेयर मास्क का प्रयोग किया जाएगा. आदेश के अनुसार किसी साफ कपड़े से स्वयं ही तीन परतों वाला मास्क बनाया जा सकता है. इस मास्क को साबुन से धोकर फिर से उपयोग में लाया जा सकता है. मास्क या फेसकवर उपलब्ध न होने की स्थिति में गमछा, रुमाल, दुपट्टा को भी फेसकवर के रूप में उपयोग में लाया जा सकता है. आदेश में यह भी कहा गया है कि एन-95 मास्क केवल चिकित्साकर्मियों द्वारा ही उपयोग में लाया जाएगा. बिना फेसकवर या मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर निकलना “एपिडेमिक एक्ट-1887” और “उत्तर प्रदेश एपिडेमिक डिजीज (कोविड-19) विनियमावली-2020” का उल्लंघन माना जाएगा और इसके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी.
कोरोना की जंग से आगे की लड़ाई में भारी तादाद में मास्क की जरूरत पड़ेगी. कपड़े के मास्क खास तौर पर खादी के कपड़े के मास्क बनाने का काम केंद्र सरकार का ग्रामीण विकास मंत्रालय करने जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय से कहा है कि मास्क बनाने के लिए छह से सात लाख मीटर खादी व अन्य कपड़ा देने को तैयार है. जानकारी के मुताबिक ग्रामीण विकास मंत्रालय खादी के कपड़े से मास्क बनाने का स्वयं सहायता समूह से करवाएगा और उसे राज्यों में वितरण के लिए भेजेगा.