नागरिकता संशोधन कानून का प्रचार नहीं करेगा संघ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने साफ कर दिया है कि वह सीएए के प्रचार-प्रसार से दूरी बनाकर रखेगा. बंगलूरू में हुई आरएसएस की कार्यकारी मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया है.

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे

आरएसएस नागरिकता संशोधन कानून के प्रचार प्रसार से दूरी बनाकर रखेगा. इस बात का निर्णय बंगलूरू में हुई आरएसएस की कार्यकारी मंडल की बैठक में लिया गया. अलबत्ता संघ, कानून के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले समूहों का स्वागत करेगा और उसमें संघ के स्वयंसेवकों को शामिल होने की अनुमति होगी.

कार्यकारी मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक, संघ इस बात पर संतुष्ट है कि सरकार भारतीय नागरिकों को लेकर संवेदनशील है. सीएए के तहत ऐसे लोगो को नागरिकता मिल रही है जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में सताए गए अल्पसंख्यक हैं और भारत में रह रहे हैं. यह भारत का दायित्व है कि ऐसे लोगों को अपना नागरिक मानते हुए उन्हें भारतीय नागरिकों के लिए संविधानसम्मत अधिकार दे. कार्यकारी मंडल इस बात से सहमत है कि यह कानून किसी भी भारतीय की नागरिकता लेने वाला नहीं है.

यदि ऐसा है तो फिर संघ कानून के प्रचार-प्रसार से खुद को दूर क्यों रख रहा है?

संघ के एक पदाधिकारी का कहना है कि चूंकि यह मामला राजनैतिक हो गया है और कुछ दल इसके विरोध में हैं. ऐसे में अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह राजनैतिक दलों से संवाद कायम करे. विरोध करने वाले राजनैतिक दलों की भी यह जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र के मुद्दे पर एकजुट हों.

क्या सरकार की तरफ से विरोधी सियासी दलों के साथ बातचीत में पारदर्शिता और तत्परता की कमी संघ महसूस कर रहा है? संघ के एक पदाधिकारी का कहना है कि सरकार की तरफ से कोशिश की जा रही है लेकिन नतीजा निकलने में देर हो रही है. इसलिए संघ सभी राजनैतिक दलों से आग्रह कर रहा है कि इस मुद्दे पर एकजुट हो कर तथ्यों को समझें. यदि किसी राजनीतिक दल को लगता है कि इस कानून से किसी भारतीय की नागरिकता छिन सकती है तो फिर वह तथ्यों के साथ अपनी बातों को रखे.

जहां तक सरकार की बात है तो सरकार अपनी तरफ से संसद और विभिन्न फोरम पर यह बात लगातार कह रही है कि यह कानून किसी की नागरिकता लेने वाला नहीं है. सरकार की बातों पर भरोसा करना चाहिए.

कार्यकारिणी मंडल में राम जन्मभूमि का मामला सुलटने पर भी संतोष और खुशी जाहिर की गई. मंडल ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी करने पर भी खुशी जाहिर की है. संघ के सह-कार्यवाह भैयाजी जोशी ने कहा है कि एक देश और एक विधान का सपना पूरा हो गया है. सरकार ने इस मुद्दे पर जो काम किया है वह सराहनीय है.

कार्यकारिणी मंडल की बैठक बंगलूरू में आहूत किया जाना था लेकिन कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए बैठक रद्द कर दी गई लेकिन प्रस्ताव पारित किया गया.

प्रस्ताव में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि 70 हजार से अधिक शहरों और स्थानों पर संघ के कार्यक्रम चले और शाखाओं की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. भाईचारे के साथ देश के विकास में लोग लग रहे हैं और संघ के प्रति जो गलत धारणा लोगों के मन में बनी हुई थी वह भी काफी हद तक दूर हो रही है.

***

Read more!