मध्य प्रदेश में विधानसभा भंग होने के आसार
मध्य प्रदेश में सियासी संकट गहराने के साथ ही विधानसभा भंग होने के आसार बनने लगे हैं. कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों का इस्तीफा ले लिया है. संभावना है कि शक्ति परीक्षण में संख्या बल पूर्ण नहीं होने की संभावना बनते ही कमलनाथ सरकार अपने सभी विधायकों का इस्तीफा राज्यपाल को सौंपते हुए विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर देगी.

मध्य प्रदेश में सियासी संकट गहराने के साथ ही विधानसभा भंग होने के आसार बनने लगे हैं. कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों का इस्तीफा ले लिया है. संभावना है कि शक्ति परीक्षण में संख्या बल पूर्ण नहीं होने की संभावना बनते ही कमलनाथ सरकार अपने सभी विधायकों का इस्तीफा राज्यपाल को सौंपते हुए विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर देगी.
राज्यपाल लालजी टंडन ने विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए सरकार को आज का समय दिया था.
बीते सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट चले गए. अदालत में अब बुधवार को सुनवाई होगी. यदि अदालत तत्काल ही बहुमत साबित करने के लिए कहता है तो फिर कमलनाथ सरकार के पास दूसरा विकल्प नहीं बचेगा. हालांकि कमलनाथ दावा कर रहे हैं कि उनके पास बहुमत है और सरकार की स्थिरता को लेकर कोई संकट नहीं है लेकिन कमलनाथ के इस दावे के बावजूद कांग्रेस आलाकमान के पास इस बात की पुख्ता जानकारी है कि कांग्रेस के बागी विधायक भाजपा के साथ एकजुट हैं.
ऐसे में यदि कमलनाथ सरकार बहुमत साबित नहीं कर पाती है तो फिर राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय है.
बहुमत से चूकने के बाद भी राज्य में भाजपा की सरकार नहीं बने इसके लिए कांग्रेस अपने ट्रैक-2 फॉर्मूले को पुख्ता मान रही है. इसके तहत फ्लोर टेस्ट के दौरान यदि सरकार बहुमत से चूकती नजर आएगी तो ऐसे में कमलनाथ अपने साथ कांग्रेस के सभी विधायकों का इस्तीफा लेकर राज्यपाल को सौंप देंगे. साथ ही यह सिफारिश करेंगे कि विधानसभा को तत्काल प्रभाव से भंग कर चुनाव कराया जाए.
दबाव की यह राजनीति मध्य प्रदेश की राजनीति में शायद पहली बार कांग्रेस की तरफ से प्रयोग किया जाएगा.
कांग्रेस विधायकों के सामूहिक इस्तीफे के बाद भाजपा के लिए यह कठिन होगा कि वह बिना विपक्ष के सरकार का गठन करे. हालांकि भाजपा का दावा है कि कांग्रेस पार्टी इतनी एकजुट नहीं है कि सभी विधायक एक साथ इस्तीफा दें. यदि ऐसा होता है तो यह लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा होगा. क्योंकि कांग्रेस, विपक्ष में बैठने को तैयार नहीं होगी तो यह लोकतंत्र का मजाक ही होगा. आज सचाई यह है कि कमलनाथ सरकार के पास बहुमत नहीं है और बिना बहुमत के उसे एक दिन के लिए भी सरकार में रहना घोर अनैतिक है. लोकतंत्र की मर्यादा को देखते हुए कमलनाथ को तुरंत ही इस्तीफा देना चाहिए और विधानसभा में विपक्ष की भूमिका का निर्वाह करना चाहिए.
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अब अगली नजर संसद सत्र पर है. यदि कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से संसद का सत्र समयपूर्व समाप्त किया जाता है तो फिर मध्य प्रदेश विधानसभा में भी कोरोना की वजह से सदन की कार्यवाही 26 मार्च तक स्थगित करना अनुचित नहीं है. ऐसे में सवाल यह उठेगा कि, भाजपा, को कोरोना से ज्यादा सत्ता की पड़ी है तभी मध्य प्रदेश में विधानसभा में बहुमत के लिए 26 मार्च तक इंतजार नहीं कर सकती है और अदालत तक जा रही है.
हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि दोनों अलग बात है. संसद में गुलेटिन के जरिए कामकाज पूरा हो चुका है, इसलिए अब कोई शेष कार्य इस सत्र के लिए बचा नहीं है इसलिए समयपूर्व संसद सत्र को समाप्त किया जा रहा है.
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि संसद का मौजूदा सत्र समयपूर्व समाप्त हो रहा है या नहीं.
***