लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की यंग टीम संभालेगी कमान !
पुराने और उम्रदराज नेताओं से इतर कांग्रेस 'यंग टीम' के जरिए लोकसभा के चुनाव की तैयारी कर रही है.

कर्नाटक में अपनी सत्ता वापसी से उत्साहित कांग्रेस हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य में भी मजबूती से व्यवस्थित होने लगी है. पुरानी और उम्रदराज नेताओं से इतर कांग्रेस 'यंग टीम' के जरिए लोकसभा के चुनाव की तैयारी में जुट गई है.
पार्टी ने सुशील कुमार शिंदे को हटाकर एआइसीसी प्रभारी रजनी पाटिल को राज्य का प्रभारी बना दिया है. रजनी पाटिल राहुल गांधी को प्रदेश के प्रस्तावित राजनीतिक प्लान में सहयोग करेंगी. हिमाचल में विधानसभा चुनाव में धूल चाटने के बाद कांग्रेस आक्रामक होना चाहती है.
सूत्र बताते हैं पार्टी राज्य की चार लोकसभा सीटों में से कम से कम आधे में चेहरा बदलना चाहती है. मंडी संसदीय सीट से प्रत्याशी रहे वीरभद्र सिंह के राजसी परिवार के इस बार मैदान में नया उम्मीदवार देने की तैयारी है वहीं शिमला संसदीय सीट से आरक्षण के कारण उम्मीदवार बदला जाना तय है.
हमीरपुर, सीट जहां से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे व बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर सांसद हैं वहां से राजेंद्र राणा या उनके परिवार से किसी को टिकट दिया जाना प्रस्तावित है. कांगड़ा से भाजपा सांसद शांता कुमार ने पहले ही चुनाव न लड़ने का फैसला ले लिया है. ऐसे में नए भाजपाई उम्मीदवार को देखते हुए कांग्रेस भी किसी युवा चेहरे पर दांव लगा सकती है.
***

