पुस्तक समीक्षा:उसके पंखों की उड़ान

किताब में स्वाति खुद भी मानती हैं कि यह कहानी है खूबसूरत टीम वर्क की जिसमें हम चारों ने अपने-अपने रोल बखूबी निभाए.

पुस्तक समीक्षा
पुस्तक समीक्षा

स्वाति लाहोटी की किताब उसके पंखों की उड़ान एक सफरनामा है. इसमें उन्होंने अपने बड़े बेटे के आई. आई. टी. पहुंचने के सफर की कहानी को रोचक तरीके से लिखा है. यह कहानी प्रेरक भी है. एक परिवार परीक्षा की तैयारी कराने में किस तरह से सहायक बन सकता है और सफलता को चूमने में मदद कर सकता है, यह भी बखूबी बताया गया है.

स्वाति पढ़ी-लिखी मां हैं और उन्हें प्रबंधन के बारे में पता है. लेकिन उन्हें यह मालूम नहीं है कि आई. आई. टी. की तैयारी किस तरह की जाती है. वे भी आम मांओं की तरह कोचिंग, क्लासेस वगैरह-वगैरह के बारे में न सिर्फ पता करती हैं बल्कि सपने भी देखती हैं कि उनका बेटा आई. आई. टी. से इंजीनियर बने.

बेटे को इंजीनियर बनाने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर जिस तरह से सहयोग किया वो सचमुच काबिले तारीफ है. इसमें उन्होंने अपने पति जो सिंगापुर में नौकरी कर रहे थे और छोटे बेटे को भी शामिल कर लिया.

किताब में स्वाति खुद भी मानती हैं कि यह कहानी है खूबसूरत टीम वर्क की जिसमें हम चारों ने अपने-अपने रोल बखूबी निभाए. वे कहती हैं कि अपने बेटे को आई.आई.टी. की तैयारी कराने में हर मां का पढ़ा-लिखा होना जरूरी नहीं है.

वे अच्छी प्रबंधक के रूप में सहयोग कर सकती हैं. उनका कहना है कि मुझे खुशी होगी यदि मेरे अनुभव से आप अपने बच्चे को बेहतर सहयोग दें. उनकी इस किताब में गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर का संदेश छपा है.

सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने किताब की तारीफ करते हुए कहा है कि यह किताब अभिभावकों का नजरिया बदल देगी. इस किताब में कुछ रेखाचित्र भी हैं ताकि किताब पढ़ने में बोझिल न हो.

***

Read more!