पहाड़ पर नए सियासी दांव

हिन्दू-मुस्लिम ध्रुवीकरण से जीत की ताक में भाजपा, अंकिता प्रकरण की काट के रूप में सामने आ गई जैनी

uttrakhand
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरक सिंह रावत और अन्य कांग्रेसी नेता

उत्तराखंड के छब्बीसवें स्थापना दिवस पर छह नवंबर को देहरादून में राज्योत्सव की रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण ने भाजपा के चुनावी मुद्दों में ध्रुवीकरण की प्रधानता को स्पष्ट कर दिया. शाह ने संकेत दिया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के एजेंडे को ही आगे करके लड़ेगी.

अपने भाषण में शाह ने राज्य में लागू समान नागरिक संहिता, मजारों के ध्वस्तीकरण के साथ-साथ मोदी-धामी के वाइब्रेंट विलेज और सीमांत गांवों के विकास का उल्लेख किया. वे विकास योजनाओं का उल्लेख करना भी नहीं भूले. मगर शाह का विशेष जोर ध्रुवीकरण पर ही था, ठीक उसी तरह जैसे भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किया था.

इन दिनों कांग्रेस, उक्रांद, वामपंथी और दूसरे दल भी कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर राज्य की सड़कों पर उतरे हुए हैं. मगर गृह मंत्री का ध्रुवीकरण सरीखे मुद्दों पर केंद्रित रहना, भाजपा के उससे बेपरवाह होने का संकेत देता है. शाह ने राहुल गांधी के एसआइआर को लेकर चलाए जा रहे अभियान को घुसपैठिया बचाओ आंदोलन बताया.

उन्होंने मुस्लिम विश्वविद्यलय और शुक्रवार की छुट्टी का विशेष जिक्र कर कांग्रेस को घेरा. वैसे, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पलटवार करते हुए शाह के दावों को गलत बताया.

भाजपा की एक बड़ी चिंता अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में व्याप्त नाराजगी है. इससे भाजपा को असहज होना पड़ रहा है. मगर उसने इसकी भी काट जैनी के रूप में ढूंढ़ ली है. 23 साल पुराने मामले में जैनी नामक महिला का देहरादून आकर कांग्रेस नेता हरक ‌‌सिंह रावत पर रेप के आरोप लगाना, कुछ ऐसा ही माना जा रहा है. 

'जैनी प्रकरण' को लेकर शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला था. एक दिन बाद जैनी खुद देहरादून आ पहुंचीं. जैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि 2003 में जब उनकी उम्र महज 16 साल थी, तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हरक सिंह रावत ने उनके साथ दुष्कर्म किया था.

जैनी

उन्होंने इस मामले की दोबारा जांच कराने और अपने बेटे को पिता का नाम दिलाने की मांग कर डाली. जैनी ने उस वक्त हुई सीबीआइ जांच पर भी सवाल उठाए. देहरादून में डीजीपी दीपम सेठ से मुलाकात कर उन्होंने इस मामले में एक शिकायत भी दी. पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है.

उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सवाल पूछे जाने पर कहा कि कांग्रेस को ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए, जबकि उनके खुद के नेता 'जैनी प्रकरण' में फंसे हुए हैं. हरक सिंह रावत ने इन आरोपों को भाजपा की सियासी साजिश करार दिया है.

उन्होंने कहा कि उस वक्त केंद्र में भाजपा सरकार थी और सीबीआइ जांच के बाद उन्हें इस मामले में क्लीन चिट मिली थी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अंकिता मामले से ध्यान भटकाने के लिए 23 साल पुराने मामले को हवा दे रही है.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जैनी को उत्तराखंड की बेटी बताते हुए उन्हें इंसाफ दिलाने की बात कही है. वहीं, हरीश रावत ने इसे कांग्रेस के खिलाफ साजिश बताया और कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को भटकाने की कोशिश कर रही. कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि जब तक हरक सिंह रावत भाजपा के साथ थे, उसे दोष नहीं दिखता था.

अब जब वे कांग्रेस में आए हैं, तो भाजपा उन्हें रेप का दोषी बता रही और इसकी आड़ में अपने गले में अटकी अंकिता भंडारी हत्याकांड में लिप्त कथित वीआइपी की फांस को निकालने के प्रयास में है. जाहिर है, चुनावी तैयारियों के बीच, यह पहाड़ी राज्य नए-नए सियासी दांव-पेच के बीच झूल रहा है.

Read more!