किला बचाने की पहली चाल
मान ने शुरू में ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर बड़ा सियासी दांव चला. सुरक्षा की रणनीति के साथ यह अपनी किलेबंदी मजबूत करने की कवायद

पंजाब के सीएम भगवंत मान
पंजाब में 2027 का चुनाव अभियान शुरू होने से पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) में बगावत शुरू हो गई है. आप ने 31 अक्तूबर को अपने पहले 40 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. अगले ही दिन सनौर के विधायक हरमीतसिंह पठानमाजरा और समाना के विधायक चेतनसिंह जौड़ामाजरा ने पार्टी छोड़ दी.
दो नवंबर को दोनों अमृतसर पूर्व से विधायक रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह के साथ भाजपा में शामिल हो गए. प्रताप ने जून 2025 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबन के बाद इस्तीफा दे दिया था. आप बाकी दोनों विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग करेगी.
पार्टी प्रवक्ता नील गर्ग ने इन तीनों को “दरकिनार किए गए लोग” कहा और माना कि ये कोई बड़े नेता नहीं जिनके जाने का नुकसान हो. इन बेलगाम नेताओं को किनारे करना चुनावी जंग की शुरुआती रणनीतियों का हिस्सा माना जा रहा है. इसमें अपने किले की मोर्चेबंदी करना शामिल है.
एक दिन पहले आप ने अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 40 सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को ही फिर से मैदान में उतारने का ऐलान किया गया. इनमें मुख्यमंत्री भगवंत मान (धूरी), विधानसभा अध्यक्ष कुलतारसिंह संधवा (कोटकपुरा) और मई से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में रहने वाले मंत्री संजीव अरोड़ा (लुधियाना पश्चिम) शामिल हैं.
इस अटकलबाजी में अभी कोई सचाई नहीं दिखती कि 30 से 35 विधायकों का टिकट काटा जा सकता है. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कठिन फैसले बाकी बची 77 सीटों के लिए टाल दिए गए हैं. इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने गढ़ को महफूज रखना है.
राज्य के पार्टी प्रमुख अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को अभी तक सीटें आवंटित नहीं की गई हैं. पार्टी ने 19 सीटों पर हलका प्रभारियों के नाम भी तय कर दिए हैं, जिनमें सात सीटें (सनौर और समाना समेत) पार्टी के अपने ही विधायकों के पास हैं.
जोखिम प्रबंधन
यह सुरक्षित सियासी कदम पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे से उपजे जोखिम को दूर करने के लिए ही लिया है. 2022 में आप ने 42.01 फीसद वोट हासिल करके 92 सीटें जीती थीं और वह कांग्रेस से 19 फीसद आगे रही थी. मगर 2024 में वह केवल 33 विधानसभा क्षेत्रों में ही बढ़त बना सकी; जबकि कांग्रेस 37, भाजपा 23, निर्दलीय 15 और अकाली दल नौ क्षेत्रों में आगे रहे.
आठ मंत्री भी अपने क्षेत्रों में पिछड़ गए. कांग्रेस को वास्तव में 26.3 फीसद वोट मिले, जबकि आप को 26.0 फीसद. इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार/फेरबदल में चार मंत्रियों को हटा दिया गया, जिनमें जौड़ामाजरा भी शामिल थे. उसके बाद से आप ने सात में से छह विधानसभा उप-चुनाव जीते हैं.
इसने पिछले दिसंबर में 347 में से 218 जिला परिषद सीटें भी जीतीं. आप ने इस वर्ष मई में 1,977 में कांग्रेस के 397 वार्डों के मुकाबले से 958 नगर निगम वार्ड भी जीते.
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान पढ़ाने वाले आशुतोष कुमार कहते हैं, “हर निर्वाचन क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग आकलन करना होगा. कुछ सीटों पर नया उम्मीदवार उतारना जरूरी हो सकता है.”
पाला बदलने की घटनाओं ने यह साल मुश्किल भरा बना दिया. 24 अप्रैल को आप के 10 में से सात राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल हो गए, जिनमें छह पंजाब से थे और उनका नेतृत्व राघव चड्ढा कर रहे थे. चड्ढा ने दावा किया था कि वे आप के 60 से ज्यादा विधायकों के संपर्क में हैं.
मालवा की जंग
आप के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों, खासकर मालवा में भगवंत मान की लोकप्रियता बरकरार है. कुल 117 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 2022 में आप ने मालवा की 69 में से 66 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वैसे, ताजा नतीजे मिले-जुले रहे हैं.
इसलिए पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों शुरू में ही सूची जारी करने को पहले से डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश करार दे रहे. उनकी माने तो यह और ज्यादा नुकसान रोकने की कोशिश है, ताकि आचार संहिता लागू होने तक घोषित उम्मीदवार विकास निधि का इस्तेमाल कर सकें.
तीन नेताओं का पार्टी छोड़ना फिलहाल बड़े भगदड़ का संकेत नहीं है. मगर इतना साफ है कि अंदरूनी हलचलों को देखते हुए किलेबंदी में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही.