महायुति में मचमच
नागपुर और दूसरी जगहों पर विधान परिषद चुनाव में हार से सत्तारूढ़ गठबंधन के धागे खुलने लगे. शिंदे खेमे ने तेज की उन्हें फिर से सीएम बनाने की मांग. भाजपा ने तंज किया कि ‘असली विपक्ष गठबंधन के अंदर’ ही

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ
यह तीन टांगों की दौड़ में तीन कदम पीछे हटने सरीखा है. नागपुर में शर्मिंदगी हाथ लगने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए मुख्यमंत्री बदलने का ताना सुनना स्वाभाविक था. मगर अब बोतल से एक और जिन्न बाहर आ चुका है, जैसा एक्टिविस्ट मनोज जरांगे-पाटील ने दावा किया कि सत्ताधारी महायुति ने 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्हें 500 करोड़ रुपए की रिश्वत देने की कोशिश की थी.
उन्होंने दावे के पक्ष में एक ऑडियो क्लिप भी सार्वजनिक की. इस बीच मुसीबत बढ़ाने वाला तीसरा पहलू यह कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से हाथ मिलाने की चर्चा की जा रही है, जिससे पहले उन्होंने नाता तोड़ा था.
महाराष्ट्र की राजनीति में अभी भारी उथल-पुथल मची हुई है. जरांगे-पाटील के लीक टेप को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं. दावा किया जा रहा कि टेप में बात करने वाली महिला भाजपा की है और कूरियर?
कथित रूप से एकनाथ शिंदे का बेटा, लोकसभा सांसद श्रीकांत शिंदे. समझ पाना मुश्किल हो गया है कि इस सियासी दांव-पेच से आखिरकार किस पार्टी को ज्यादा नुकसान पहुंचा. मगर यह पूरी तरह साफ है कि विधान परिषद चुनाव नतीजों में नुकसान किसका हुआ.
फरवरी तक स्थानीय निकाय चुनावों में लगातार फतह से महायुति के इस चुनाव में भी एकतरफा जीत की संभावना जताई जा रही थी. मगर भाजपा दो सीटें हार गई. खासकर नागपुर की स्नातक सीट पर हार ने भाजपा को गहरा जख्म दिया. पुराने गढ़ को कांग्रेस से छीनना मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए साख का सवाल था क्योंकि नागपुर उनका गृह नगर है.
आंतरिक सूत्र फडणवीस की नाकामी के दो प्रमुख कारण गिनाते हैं. पहला तो युवाओं का विरोध-प्रदर्शन, और दूसरा पार्टी में गहरा असंतोष. संघ परिवार के एक धड़े ने खुद को चुनाव प्रचार से दूर रखा. वहीं, भाजपा के लगभग 4,000 वोट सिर्फ इसलिए रद्द हो गए क्योंकि उन सबमें एक जैसी तकनीकी गलती पाई गई जो सोची-समझी रणनीति लगती है.
पुणे में भी फडणवीस गुट का अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनना बड़ी भूल साबित हुआ, जहां पार्टी के अन्य मजबूत दावेदारों के साथ सहयोगी अजित पवार की एनसीपी की भी अनदेखी हुई. नतीजतन, उनके कार्यकर्ताओं और शिंदे की शिवसेना ने भाजपा के खिलाफ काम किया.
शरद पवार की एनसीपी (एससीपी) आसानी से जीत गई. औरंगाबाद में भी शिंदे सेना के पूर्व मंत्री अब्दुल सत्तार जैसे नेताओं ने जीत दर्ज करने वाले एनसीपी (एससीपी) उम्मीदवार का समर्थन किया.
अलग होने की धमकी
असंतोष सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं. नतीजे आते ही शिंदे सेना के पूर्व विधायक रवींद्र ढांगेकर ने पहला तीर चलाया. उन्होंने अपने बॉस को फिर सीएम बनाने की मांग की. आग में घी डालते हुए सत्तार ने कहा कि यह भाजपा को तय करना है कि “महायुति जारी रहनी चाहिए या नहीं.”
उन्होंने याद दिलाया कि 2024 का विधानसभा चुनाव शिंदे के नेतृत्व में जीता गया था. भाजपा प्रवक्ताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं. ढांगेकर ने एक और गुगली फेंकी. शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उद्धव से उनका “खून का रिश्ता” है और शिंदे उनके “वैचारिक उत्तराधिकारी”. इस तरह दोनों “भाई की तरह” हैं और “भविष्य में साथ आ सकते हैं.”
फडणवीस ने भी इस स्पिन को पूरी ताकत से हवा में उछाल दिया. एक कार्यक्रम में वे उद्धव और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे के साथ दिखे. भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, यह दोनों सहयोगियों को एक कड़ा संदेश था कि पार्टी के पास अपने विकल्प खुले हैं.
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अतुल लोंढे पाटील का भी दावा है कि भाजपा शिंदे का कद छोटा करने के लिए सेना में विभाजन करा सकती है. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने स्थानीय स्तर पर झटकों के साथ-साथ अप्रैल-मई 2027 में दिल्ली में एक सियासी उथल-पुथल की भविष्यवाणी की है.
भाजपा के एक वरिष्ठ विधायक मजाक में कहते हैं कि असली विपक्ष सत्ताधारी गठबंधन के भीतर है. दोनों एक-दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते. ठाणे में एक यूबीटी पदाधिकारी की हत्या के बाद बताते हैं कि भाजपा ने शिंदे समर्थक एक पूर्व महापौर और उनके पति के खिलाफ उंगली उठाई.
जब फडणवीस ने कर्जत में 3,000 मेगावाट की पम्प्ड स्टोरेज योजना का समर्थन किया, जिसके लिए तटीय रायगढ़ के हरे-भरे ऊंचे इलाकों में लगभग 32,000 पेड़ों को काटा जाना है, तो उद्धव के पर्यावरण-प्रेमी बेटे आदित्य ने इसका विरोध किया. शिंदे सेना और एनसीपी (अजित) के नेता भी विरोध में शामिल हो गए.
सहयोगी दल भाजपा के “बड़े भाई” वाले रवैये पर सवाल उठाते हैं. मगर पार्टी खुद इसके लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराती है. भाजपा के एक नेता का कहना है कि शिंदे “महत्वाकांक्षी राजनेता” हैं जो एक निर्विवाद मराठा नेता के तौर पर अपनी छवि मजबूत करना चाहते हैं.
यहीं पर आकर ऑडियो टेप से मची हलचल अहम हो जाती है क्योंकि कभी शिंदे के करीबी माने जाने वाले जरांगे-पाटील के प्रयासों को मराठाओं के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है.
एक विश्लेषक कहते हैं, “मराठवाड़ा के 46 विधायकों में से 41 महायुति के खाते में हैं, जिसमें 26 मराठा हैं. किसी सर्वमान्य मराठा चेहरे के बगैर भाजपा कमजोर पड़ सकती है.” महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए यह भी एक चुनौती है कि राज्य के मुख्यमंत्री ब्राह्मण समुदाय से हैं.