अब भाजपा के कैप्टन

कैप्टन के करीबियों का कहना है कि 80 वर्षीय नेता की ख्वाहिश अब बस अपने पारिवारिक गढ़ पटियाला में पत्नी परणीत कौर के उत्तराधिकारी के रूप में बेटी जय इंदर कौर को लॉन्च करना है

नेता की ख्वाहिशः कैप्टन अमरिंदर सिंह
नेता की ख्वाहिशः कैप्टन अमरिंदर सिंह

अब भाजपा के कैप्टन

चीता की घर वापसी के बाद पंजाब के शेर ने भी भाजपा में अपना रिटायरमेंट होम तलाश लिया है. दो बार मुख्यमंत्री रह चुके कैप्टन अमरिंदर सिंह, उनके बेटे, बेटी और पोते 19 सितंबर को भाजपा में शामिल हुए. उनके साथ दो पूर्व सांसद और सात पूर्व विधायक भी थे, जिनमें से अधिकतर कभी पंजाब की राजनीति में कद्दावर माने जाते थे. भाजपा कैप्टन को सिखों के एक राष्ट्रीय चेहरे और आवाज के रूप में देखती है और उम्मीद करती है कि वे राष्ट्रीय मुद्दों पर आम आदमी पार्टी से भिड़ेंगे. उन्हें राज्य इकाई के साथ काम करना होगा और अपने से आधी उम्र के नेताओं से भी आदेश लेना पड़ सकता है. कैप्टन के करीबियों का कहना है कि 80 वर्षीय अब बस अपने पारिवारिक गढ़ पटियाला में पत्नी परणीत कौर के उत्तराधिकारी के रूप में बेटी जय इंदर कौर को लॉन्च करना है.

थोड़ी-सी छूट

मध्य प्रदेश के कूनो अभयारण्य में नामीबियाई चीतों को छोड़ते हुए, पीएम नरेंद्र मोदी ने 'चीता मित्रों' से कहा कि वे नेताओं, उनके परिजनों या मीडिया को क्वारंटीन चीतों को देखने की अनुमति अभी न दें. पार्क आधिकारिक तौर पर 1 अक्तूबर तक बंद है और प्रवेश के लिए मुख्य वन्यजीव वॉर्डन की अनुमति जरूरी है. लेकिन, भाजपा के एक शीर्ष नेता ने करीब एक हफ्ता पहले ही अपने चहेतों का पार्क में प्रवेश सुनिश्चित करा दिया था.

ट्वीट पर संग्राम 

जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) के खट्टे-मीठे संबंध रहे हैं. पीके 13 सितंबर को नीतीश से मिले तो लगा कि दोनों फिर से दोस्त बनेंगे. लेकिन बाद में पीके ने कवि रामधारी सिंह दिनकर की 'रश्मिरथी' की कुछ पंक्तियां, जिसमें कर्ण ने अर्जुन को मारने के लिए एक नाग राजा की मदद लेने से मना कर दिया था, ट्वीट करके अपनी मेहनत पर पानी फेर दिया. पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने बिना वक्त गंवाए 17 सितंबर को एक वीडियो जारी कर दिया जिसमें उन्होंने पीके को सियासी चालबाजियों का कुशल खिलाड़ी बताया. ललन ने यह भी दावा किया कि पीके ने उनसे और नीतीश से दिल्ली में संपर्क किया था, पर उन्हें कुछ मिला नहीं. अब पीके के पलटवार का इंतजार है.

कलमनुमा स्मारक

तमिलनाडु को उम्मीद है कि 2026 के चुनावों से पहले एम. करुणानिधि के प्रतिष्ठित फाउन्टेन पेन के आकार वाला 42 मीटर लंबा स्मारक बन जाएगा. तमिल साहित्य में पूर्व सीएम के योगदान के प्रतीक पेन की आकृति वाला यह स्मारक बंगाल की खाड़ी में समुद्र तट से 360 मीटर दूर और करुणानिधि के मकबरे के पास बनेगा, जहां उनके अवशेषों के साथ एक कलम भी दफनाया गया था. पर 81 करोड़ रू. लागत वाले इस स्मारक के सिर पर पर्यावरण मंजूरी के संशय की तलवार भी लटक रही है. कलम क्या अधिक ताकतवर साबित हो पाएगी?

उल्टा पड़ गया दांव

पश्चिम बंगाल विधानसभा के मॉनसून सत्र को लेकर कयास लगे थे कि विपक्ष कई घोटालों के आरोप के साथ सत्ता पक्ष पर हावी रहेगा. पर भाजपा के नबन्ना मार्च के दौरान विपक्षी नेता सुवेंदु अधिकारी की ओर से एक महिला पुलिस को ''मेरे शरीर को मत छुओ, मैं एक पुरुष हूं'' कहने पर खुद भाजपा ही सफाई देती नजर आई. महिला विधायक 'मेरे शरीर को मत छुओ' की तख्तियां लिए सदन पहुंचीं. सत्तारूढ़ दल के कुछ विधायकों ने सुवेंदु की लैंगिकता पर सवाल उठाया. इस हंगामे में असली मुद्दा गायब हो गया.

—साथ में अनिलेश एस. महाजन, राहुल नरोन्हा, रोमिता दत्ता, अमरनाथ के. मेनन और अमिताभ श्रीवास्तव

Read more!