खास रपटः संभावनाओं का समुंदर

ओडिशा में ईको टूरिज्म नेचर कैंप और ईको रीट्रीट के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने से राज्य में पर्यटक और निवेशक, दोनों की दिलचस्पी बढ़ी

सागर किनारे सूर्य मंदिर की नगरी कोणार्क में समुद्र के किनारे तीन महीने के लिए पर्यटकों की खातिर कॉटेज बनाए गए हैं
सागर किनारे सूर्य मंदिर की नगरी कोणार्क में समुद्र के किनारे तीन महीने के लिए पर्यटकों की खातिर कॉटेज बनाए गए हैं

शाम का धुंधलका घिरने लगा है. समुद्र के भीतर करीब 500 मीटर से उठती लहरें तट की ओर बढ़ती आती हैं, करीब आते ही इठलाती हुई ऊपर उछलकर गिरती हैं. इस उठने-गिरने में सफेद-सी लकीर झिलमिला उठती है, कई बार एक-एक किलोमीटर तक लंबी! जैसे समुद्र पर पसरे घुप अंधेरे में कोई बिजली कौंध गई हो, लेकिन वह कड़कती नहीं, घनघोर बादल-सी गरजती है. फिर मंद पड़ती लहर तट को धोकर ऐसे लौट जाती है, जैसे उसकी करामात बस इतनी थी. कोणार्क के चंद्रभागा बीच (समुद्र तट) पर लहरों का यह उठना-गिरना-गरजना-लौटना अनवरत जारी रहता है. यह तो एक छोटा-सा नमूना है. ओडिशा के करीब 477 किमी लंबे समुद्र तट पर ऐसे कई ठौर हैं, जहां प्रकृति मनोरम दृश्य उपस्थित करती हैं. राज्य के जंगलों, पहाड़ों और आदिवासी इलाकों में पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं.

इसी के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ईको टूरिज्म नेचर कैंप और ईको रीट्रीट शुरू किया गया. राज्य के प्रमुख सचिव, पर्यटन और खेलकूद और ईको रीट्रीट के मुख्य योजनाकार विशाल देव बताते हैं, ''ईको रीट्रीट पिछले साल कोणार्क में शुरू किया गया. इसका उद्देश्य ओडिशा की खूबसूरत जगहों को दिखाना था, जिनके बारे में लोगों को नहीं मालूम है. हमने ऐसी जगहों की सूची तैयार की. पिछले साल कोणार्क ईको रीट्रीट को बहुत जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला.'' कोविड-19 महामारी की वजह से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन लगभग ठप हो गया, लेकिन ओडिशा सरकार की पहल कारगर हो रही है.

चंद्रभागा बीच पर पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से आए दिनेश ‌सिंह और उनके दोस्तों की टोली देर रात मौज-मस्ती में मशगूल है. पेशे से व्यवसायी दिनेश ‌सिंह के साथ कुछ कपल और बच्चे हैं. वे ओडिशा सरकार की इस पहल से गदगद हैं. वे कहते हैं, ''ये कॉटेज फाइव स्टार होटल से कम नहीं हैं. यहां क्या नहीं है, और वह भी समुद्र तट पर.'' उनकी टोली में आईं गृहिणी नीतू कहती हैं, ''विशाखापत्तनम में हम कोस्ट पर ही रहते हैं, लेकिन वह इतना साफ नहीं है. यहां समुद्र तट बिल्कुल साफ-सुथरा है.'' यही नहीं, हर उम्र के व्यक्ति के लिए यहां पर कुछ न कुछ करने को है. मसलन: साइक्लिंग, वाटरस्पोर्ट्स, जुंबा डांस, योगा क्लास, सांस्कृतिक गतिविधियां इत्यादि.

भुवनेश्वर में रहने वाले व्यवसायी जीतेंद्र वराड़ सुबह-सुबह जॉगिंग के बाद सा‌इकिल चला रहे हैं. पत्नी और बच्चे के साथ ईको रीट्रीट आए जीतेंद्र बताते हैं, ''हम होटलों में रह चुके हैं, लेकिन समुद्र के इतने पास रहने का कभी अवसर नहीं मिला.'' स्विट्जरलैंड के जेनेवा में रहने वाले भरत कुमार बोनिया शॉल लपेटे मॉर्निंग वॉक कर रहे हैं. वे हंसते हुए कहते हैं, ''कश्मीर क्या, यहां तो स्विट्जरलैंड की फीलिंग है.'' वे कहते हैं कि ओडिशा सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है और यहां आला दर्जे की सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं. ''मैं अगले साल भी यहां आना चाहूंगा.''

दिनेश सिंह को यहां का माहौल इतना भा गया है कि वे अपने ग्रुप का स्टे एक रोज और बढ़ाना चाहते हैं लेकिन सारे कॉटेज पहले से बुक हैं. इससे दिनेश ‌सिंह कुछ मायूस हैं, लेकिन राज्य के पर्यटन एवं ओडिया भाषा, साहित्य और संस्कृति मंत्री ज्योतिप्रकाश पाणिग्रही के लिए यह संतोष और खुशी का सबब है. पाणिग्रही बताते हैं, ''हम चाहते हैं कि लोग ओडिशा आएं और देखें कि हमारे पास उन्हें दिखाने के लिए क्या है और अनदेखे स्थानों को देखने के बाद वे हमारे ब्रांड एंबेसडर बनें.'' दिनेश सिंह और उनके ग्रुप की ख्वाहिश से जाहिर है कि पाणिग्रही अपने मकसद में कामयाब हो रहे हैं.

प्राचीन मंदिरों की वजह से ओडिशा में धार्मिक पर्यटन पहले से था लेकिन पर्यटक उसके प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित नहीं थे. तीन साल पहले राज्य के पर्यटन की रिब्रांडिंग शुरू हुई और ओडिशा टूरिज्म की टैगलाइन 'इंडियाज बेस्ट केप्ट सीक्रेट्स' (भारत के सहेजकर रखे गए राज़) तय की गई. इन्हीं विस्मित करने वाले जंगलों, पहाडिय़ों, घाटियों, जलप्रपातों को दिखाने के लिए विभिन्न जगहों पर ईकोटूर नेचर कैंप्स शुरू किए गए. राज्य के वन विभाग ने इन सबका प्रबंधन स्थानीय समुदाय के हवाले कर रखा है. इससे जहां पर्यटकों को प्रकृति को करीब से देखने का मौका मिलता है, वहीं स्थानीय समुदाय को रोजगार मिलता है. वहां हाथी, बाघ, तेंदुआ, जंगली सूअर, हिरण, घड़ियाल, मगरमच्छ समेत दो सौ से ज्यादा तरह की प्रजातियों तथा 479 तरह की चिड़ियों को देखने का मौका मिलता है. यही नहीं, लोग चिल्का झील में विशेष रूप से डॉल्फिन देखने जाते हैं, जहां जनवरी के पहले पखवाड़े में 12 लाख प्रवासी पक्षी मौजूद थे.

बीएचयू से इंजीनियरिंग, लखनऊ आइआइएम से एमबीए करने के बाद टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज में तीन साल बिता चुके 1996 आइएएस बैच के अधिकारी देव ओडिशा के पर्यटन की संभावनाओं का दोहन करना चाहते हैं. राज्य के कई जिलों में डीएम और विभिन्न महकमों के प्रभारी रह चुके देव बताते हैं, ''ईको रीट्रीट एक उद्देश्य राज्य में पर्यटकों के साथ ही निवेश के लिए निजी क्षेत्र को आकर्षित करना है. वे अपनी योजना में कामयाब होते नजर आ रहे हैं. कई निजी खिलाड़ियों ने इन जगहों पर निवेश के प्रस्ताव दिए हैं. इनमें इन जगहों को विकसित करने और होटल आदि खोलने के प्रस्ताव हैं. सरकार और निजी क्षेत्र की भागीदारी के नतीजे दिखने लगे हैं. जगन्नाथ मंदिर की नगरी पुरी में गोल्डन बीच को पिछले साल ब्लू फ्लैग बीच का सर्टिफिकेट दिया गया है. ब्लू फ्लैग प्रतिष्ठित और मान्यता प्राप्त स्वैच्छिक ईको लेबल अवॉर्ड है, जो साफ-सुथरे समुद्र तटों को दिया जाता है.

इस साल ईको रीट्रीट का आयोजन चंद्रभागा समेत पांच जगहों—सतकोसिया (टाइगर रिजर्व), हीराकुंड (बांध), दरिंगबाड़ी (ओडिशा का कश्मीर) और भीतरकनिका (राष्ट्रीय उद्यान)—पर शुरू किया गया है. लगभग हर जगह पर्यटकों के ठहरने के लिए कई तरह के टेंट से बने कॉटेज हैं. कोणार्क में सूर्य मंदिर से मात्र तीन किमी पूरब में सूचंद्रभागा बीच पर करीब एक किलोमीटर की पट्टी पर चार तरह के टेंट हाउस हैं: प्रेसिडेंशियल सूइट, रॉयल कॉटेज, प्रीमियम स्विस कॉटेज और डिलक्स स्विस कॉटेज.

ये सब अपने आप में पूरा एक घर हैं: बेडरूम, ग्रीन रूम और बाथरूम. हां, सबके आगे बरामदा है, जहां रखी आराम कुर्सियों पर अवकाश के पल में मक्खी-मच्छर परेशान नहीं करें, इसलिए उसे नेट से कवर कर दिया गया है. समुद्र तट पर 500 मीटर के भीतर कोई स्थायी निर्माण नहीं किया जा सकता, लिहाजा सारे घर टेंट के हैं, जिन्हें दिसंबर से फरवरी तक लगाया जाता है और फिर हटा दिया जाता है. यह ऐसा समय है जब उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड होती है जबकि तटीय इलाकों में मौसम खुशगवार होता है. और फिर, समुद्र से महज सौ मीटर की दूरी पर रहने का मौका मिलता है. समुद्र की नमी की वजह से शाम को हवा में हल्की से खुनकी जरूर होती है, लेकिन उत्तर की सर्दी से उसकी तुलना नहीं हो सकती.

कॉटेजों के बीचोबीच डाइनिंग एरिया है और एक ओपन बार है, जहां हर तरह का लिकर उपलब्ध है. डाइनिंग एरिया में लजीज ओडिया व्यंजन समेत हर तरह का खाना उपलब्ध है. रूम सर्विस के तहत पर्यटक अपने कॉटेज में ही चाय-पानी और खाना मंगा सकते हैं, लेकिन लोग डाइनिंग एरिया में जाना पसंद करते हैं क्योंकि वहां न केवल खाने में कई तरह के ऑप्शन हैं बल्कि शाम को पर्यटकों की फरमाइश पर डीजे और सिंगर गाते-बजाते हैं. हर रोज कोई न कोई ईवेंट होता है, जिसमें स्थानीय नृत्य कला की झांकी पेश की जाती है. स्टेज के पास ही सैंड आर्ट का नमूना दिखता है. पर्यटक सैंड आर्टिस्ट से गुजारिश करके अपनी मूर्ति भी बनवा सकते हैं. इन सबके अलावा, अगर कोई परिवार या दोस्तों का समूह समुद्र से 20 मीटर की दूरी पर पार्टी और मौज-मस्ती करना चाहता है तो उनके लिए वहीं टेबल और कुर्सियां लगा दी जाती हैं. रात में अक्सर लोग अपने कॉटेज के सामने झूमते-गाते नजर आ जाएंगे. एक तरफ संगीत और दूसरी तरह समुद्र से उठने वाली आवाज.

लेकिन सरकार ने ओडिशा के पर्यटन को पहले इस तरह से प्रोत्साहन देने का प्रयास क्यों नहीं किया? राज्यसभा सांसद और बीजू जनता दल के प्रवक्ता सस्मित पात्रा विनम्र भाव से कहते हैं, ''हम लोग अपने बारे में ज्यादा प्रचार नहीं करते लेकिन पिछले कुछ साल से हमने अपने पर्यटन की रिब्रांडिंग शुरू की है. राज्य में पर्यटक आने लगे हैं. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हम हाउसबोट और क्रूज की व्यवस्था कर रहे हैं. लेकिन हम चाहते हैं कि पर्यटक ही हमारे ब्रांड एंबेसडर बनें.'' पात्रा जितने सुकून से अपनी बात बयान करते हैं, उससे राज्य में पर्यटन की संभावनाओं के समुंदर की खामोशी और गहराई का एहसास होता है:

कह रहा है शोर-ए-दरिया से समुंदर का सुकूत

जिसका जितना ज़र्फ है उतना ही वो ख़ामोश है

Read more!