वेब सीरियलः अब आई कुड़ियों की बारी
वे तेज-तर्रार और गर्व से भरी हुई हैं. वे गालियां देती हैं, धुएं के छल्ले उड़ाती हैं, सेक्स के बारे में बात करती हैं और मर्दों का मजाक उड़ाती हैं. मिलिए उन औरतों से, जो इंटरनेट पर धूम मचा रही हैं.

वाइ फिल्म्स की वेब सीरीज लेडीज रूम की मस्ती से भरपूर किरदार हैं दो पक्की सहेलियां—खन्ना और डिंगो. वे भारी मेकअप और गहने लादे सोने नहीं जातीं, रोती भी नहीं, बल्कि बेफिक्र ठहाके लगाती हैं, जमकर गालियां देती हैं, शराब पीती हैं, नशे में धुत सेक्स की बातें करती हैं और यह सब टॉयलेट में होता है. इंडियन टेलीविजन की सबसे मशहूर महिला किरदार शिवन्या से उलट, जो अपनी खास शक्ति से सांप बनकर नेवले से लड़ाई करती है और रौद्र रूप में मंदिरों में डांस किया करती है.
कलर्स टीवी के सीरियल नागिन के पहले सीजन की औसत रेटिंग 16 लाख दर्शक प्रति हफ्ते रही, जिसके मुकाबले लेडीज रूम के छह एपिसोड को महज 50 लाख बार देखा गया है. यह संख्या मामूली लग सकती है, लेकिन जवान और शहरी दर्शकों को यह तेजी से आकर्षित कर रहा है, जो टीवी की संस्कारी पत्नियों और साजिश रचती भाभियों-ननदों से उकता चुके हैं.
'मूल रूप से वेब के लिए बनाए जा रहे कार्यक्रमों' की दुनिया में आपका स्वागत है, जहां औरतें अपने करियर को मर्दों की तरह ही अहमियत देती हैं, जहां टेढ़ा होना एक गुण है और मुद्दे हकीकत से जुड़े होते हैं. कुछ हट के चाहने वालों के लिए वायरल फीवर का चैनल गर्लियापा भी है, जिसमें मासिक धर्म (पीरियड्स सांग) से लेकर शादी के बाद पति की जोर-जबरदस्ती (हाऊ आइ रेप्ड योर मदर) तक से जुड़े मसले उठाए गए हैं. कल्चर मशीन के चैनल ब्लश की शुरुआत सौंदर्य और फैशन संबंधी वीडियो के साथ हुई थी, लेकिन एक फैशन डिटेक्टिव आधारित वेब सीरीज अलीशा की शुरुआत से इसके दर्शकों की संख्या तेजी से बढऩे लगी.
वीडियो गीता बॉलीवुड की स्टंट वुमन के संघर्ष की कहानी है. वहीं अनब्लश्ड में कल्कि केकलैं, राधिका आप्टे, अदिति राव हैदरी, निमरत कौर और सयानी गुप्ता जैसी ऐक्ट्रेस ने अपने निजी विचार साझा किए हैं. यूटीवी के यूथ चैनल बिंदास ने गर्ल इन द सिटी नाम से 13 एपिसोड की एक सीरीज पेश की है, जो देहरादून से स्टाइलिस्ट बनने का सपना लिए मुंबई पहुंची 21 साल की एक लड़की की कहानी है. फ्रीमैंटल मीडिया कन्फेशंसः इट इज कॉम्प्लिकेटेड सीरीज लेकर आए हैं, जो विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आई तीन औरतों की कहानी है, जो अक्सर मुसीबत में फंस जाती हैं. हॉलीवुड का रुख कर रही प्रियंका चोपड़ा ने भी क्रलूएंस ऐंड नेक्स्जटीवी के साथ एक मोबाइल सीरीज के लिए करार किया है.
हाय! सच के इतना करीब?
कीपिंग इट रियल में खन्ना अपनी दोस्त के साथ यह जांच कराने क्लीनिक जाती है कि कहीं लापरवाही में वह गभर्वती तो नहीं हो गई और बिंदास कहती है, ''गर्भाशय मेरा, योनि मेरी, गर्भ मेरा और अस्पताल का बिल भी मैं ही भरने वाली हूं.'' इस सीरीज की पटकथा मुंबई की रत्नबली भट्टाचार्य और शिकागो स्थित नेहा कौल मिश्र (वे गूगल हैंगआउट पर मिली थीं) ने लिखी है और दोनों महिला किरदारों के उन्मुक्त और निरीह पहलुओं को पेश किया है. अबॉर्शन से लेकर पीरियड के दौरान की तकलीफों, कड़क बॉस और चिपकू बॉयफ्रेंड से निपटने से जुड़ी उनकी बातचीत में हिंदीगालियों और एफ-वर्ड की भरमार है.
खन्ना कहती है, ''हम जितने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खंगालते हैं अगर उतनी बार सेक्स करते तो अब तक मैं धांसू जिमनास्टहो गई होती, गोल्ड मेडल के साथ.'' शिकागो यूनिवर्सिटी में पब्लिक पॉलिसी पर काम कर रहीं कौल मिश्र का कहना है कि इस शो के जरिए महिला हास्य कलाकारों की कमी को भरने की कोशिश की गई. ऐक्टर और लेखिका भट्टाचार्य के मुताबिक, यह जरूरी था कि किरदारों के साथ जुड़ाव महसूस हो. वे कहती हैं, ''हम चाहते थे कि वे हमारी तरह बर्ताव और बातें करें. हमारी तरह बेवकूफी करें, शरारत करें, चालूपंती करें और स्मार्ट हों.'' लेडीज रूम के सीजन 2 को हाल ही में हरी झंडी दिखाई गई है.
महिलाएं क्या सोचती हैं, क्या चाहती हैं
गर्लियापा के एक वीडियो हाउ आइ रेप्ड योर मदर के पीछे भट्टाचार्य का ही दिमाग था. ऐसी दहलाने वाली डार्क कॉमेडी कभी नहीं हुई, जिसमें एक बेटी मायके आकर ससुराल में उसके साथ लगातार हो रहे यौन दुर्व्यवहार की जानकारी देती है और शादी तोडऩे की इच्छा जताती है. लेकिन उसके सगे-संबंधी पति के साथ शारीरिक संबंध में रजामंदी की बात को खारिज करते हुए सलाह देते हैं कि उसे अपने पति को संतुष्ट करना चाहिए. वेब की दुनिया में इसे सराहा तो गया पर उससे ज्यादा तीखी प्रतिक्रिया मिली.
मकसद के साथ रचना
यह वेब सीरीज महिला फिल्म निर्माताओं, लेखिकाओं और हास्य कलाकारों को अपना हुनर दिखाने का मंच दे रही है. गर्लियापा और ब्लश, दोनों की टीम में महिलाओं का वर्चस्व है. डिसूजा को विभिन्न विचारधाराओं की लेखिकाओं और महिला निर्देशकों की तलाश रहती है. वे कहती हैं, ''फिल्म निर्माण के क्षेत्र में महिलाओं की कमी है. यही कारण है कि मुख्यधारा मीडिया में महिलाओं का चित्रण इतने घिसे-पिटे तरीके से किया जाता है. अगर आप महिलाओं से जुड़े विषय अधिक देखना चाहते हैं, तो आपको ज्यादा लेखिकाओं, महिला निर्देशकों की जरूरत होगी.'' ब्लश चैनल की क्रिएटिव डायरेक्टर आकांक्षा सेदा कहती हैं, ''हम संवेदनशील, सशक्त कहानियां कहना चाहते हैं.''
सबके लिए मुफ्त
बेशक इंटरनेट भारतीय महिला के बहुमुखी पहलुओं को पेश करने की कोशिश कर रहा है. सीए मीडिया डिजिटल के सीईओ विवेक जैन कहते हैं, ''वेब की कहानियां सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन हमें लुभाने वाले शब्दों के इस्तेमाल से बचना चाहिए.'' छोटी अवधि, कसी हुई लेखनी और सीजन फार्मेट के साथ औरतों पर बनाए जा रहे कार्यक्रम लंबे समय तक टिकने वाले हैं. खन्ना और डिंगो को देखना भावुक शिवन्या के मुकाबले ज्यादा मजेदार है.
बेबाक बोल
वेब की दुनिया में हलचल मचाने वाली कुछ अन्य महिलाएं
सुमुखी सुरेश
द कॉमन वुमन
एक पारंपरिक गृहिणी ने घरेलू हिंसा, महिला अधिकारों और ऐसे ही अन्य मुद्दों पर अपने कटु अनुभव जिस तरह बयां किए हैं, उसने प्रगतिशील पुरुषों को अंदर तक झकझोर दिया है.
''मैं बहुत फ्री हूं. मुझे अपनी सीमाएं पता हैं. मुझे भाग्यशाली महसूस करना चाहिए कि एक पुरुष मुझे यह कहने के लिए मजबूर कर रहा है.''
अदिति मित्तल
द एरेंज्ड डेट सांग
अदिति ने इस वीडियो के बोल लिखे हैं, जिसमें इस हास्य कलाकार ने दिखाया है कि एक मां-बाप अपनी बेटी (ऋचा चड्ढा) की शादी के लिए उसे एक वाहियात डेट पर भेजने के लिए क्या-क्या करते हैं.
''मैं खाना पकाना या सिलाई करना नहीं जानती. मैं योग बिल्कुल नहीं करती. मैं कुंआरी भी नहीं, पता नहीं तब क्या होगा.''
मल्लिका दुआ
शिट पीपल सेः सरोजनी
नगर एडिशन
लिटिल ब्लैक बुक और ए लिटिल एनार्की की इस हास्य नाटिका में मल्लिका दिल्ली के लोकप्रिय पटरी बाजारों से खरीदारी करने वाली महिलाओं का चित्रण करती हैं. प्रोटोटाइप में शामिल हैं- वेस एंडरसन की थर्ड एडी, द वेस्ट डेहली न्यूलीवेड और द कॉर्पोरेट ड्रोन.
''भैया, वो 2007 के स्टाइल वाला टॉप दिखाओ. मैं पहनकर न दिल्ली गर्ल्स का फन उड़ाएगी.''