'स्मृति' में रहेगा सबक

बड़बोलापन और कमतर प्रदर्शन, पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को पद से हटाए जाने की वजह बनी तो कैबिनेट में रुतबा भी घटा.

आम चुनाव 2014 की चुनावी सरगर्मी चरम पर थी. बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के गढ़ अमेठी की एक सभा को संबोधित कर रहे थे. लोगों की भीड़ से उन्होंने रिश्तों की दुहाई दी, ''स्मृति ईरानी मेरी छोटी बहन हैं.'' ईरानी इस कांग्रेसी गढ़ में पूरे दमखम के साथ राहुल का मुकाबला कर रही थीं. मगर महज दो साल बाद ही यह सिरचढ़ी लाडली 'बहन' सुर्खियों में रहने वाले मानव संसाधन विकास मंत्रालय में एक बोझ दिखने लगी. हर छोटी से छोटी वजह में उलझने की आदत ऐसी पड़ी कि 'बड़े भाई' से ही पंगा मोल ले लिया. उन्होंने एक विधेयक का मसौदा तैयार किया जो देश के अव्वल भारतीय प्रबंधन संस्थानों की स्वायत्तता को तकरीबन तहस-नहस ही कर देता. प्रधानमंत्री इस पर राजी न थे मगर ईरानी भला कहां पीछे हटने वाली थीं? जब योग गुरु रामदेव ने वैदिक शिक्षा बोर्ड का प्रस्ताव उन्हें भेजा, तो उन्होंने उसे ठुकरा दिया जबकि मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह उसके हक में थे.

और फिर एक मंगलवार को पसीना पोंछने को मजबूर करने वाली उमस भरी शाम उन्होंने पाया कि उनका मंत्रालय उनसे छिन गया है. उन्हें कपड़ा मंत्रालय में भेज दिया गया है, जिसे अभी तक एक राज्यमंत्री संभाल रहे थे. ईरानी को आखिर विवादों में रहने की आदत की कीमत चुकानी पड़ी है. उनके गुस्सैल मिजाज और हेकड़ी भरे स्वभाव ने एचआरडी मंत्रालय का कामकाज सुचारु ढंग से चला पाना नामुमकिन बना दिया. एनसीईआरटी के एक अधिकारी कहते हैं, ''कई अफसरों ने बाहर भेजने का आवेदन दे दिया तो विश्वविद्यालयों के ज्यादातर वाइस-चांसलर उनसे मिलने तक से कतराते थे. उन्हें हमेशा उनके (वाइस-चांसलरों के) मंसूबों पर संदेह रहता था.''

ऐसा नहीं है कि उनके खाते में उपलब्धियां दर्ज नहीं हैं, मगर फिर भी वे अपने उत्तराधिकारी प्रकाश जावड़ेकर के लिए विवादास्पद विरासत छोड़कर गई हैं. मानव संसाधन विकास मंत्रालय का जिक्वमा संभालने के फौरन बाद उन्होंने एबीवीपी और दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (विडंबना की बात यह कि इसमें वामपंथी विचारकों का दबदबा था) के कहने पर दिल्ली विश्वविद्यालय के तात्कालीन वी.सी दिनेश सिंह को चार साल का डिग्री कोर्स खत्म करने पर मजबूर कर दिया. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को भी चार साल वाले कार्यक्रम के समर्थन का अपना पहले वाला रुख बदलने को मजबूर होना पड़ा. दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर कहते हैं, ''ईरानी ने पद की गरिमा के मुताबिक धैर्य से काम नहीं लिया, बल्कि धौंस और डर दिखाकर हुकूमत करने की कोशिश की.'' कथित तौर पर इससे खफा संघ नेतृत्व ने ईरानी को नागपुर बुलाकर फटकार भी लगाई थी.

हालांकि उनके बारे में यह माना जा रहा था कि बीजेपी के साथ समन्वय का काम देख रहे संघ के सहसरकार्यवाह गोपाल कृष्ण के साथ उनकी नजदीकी उनके लिए रक्षाकवच का काम करेगी. संघ नेताओं के सामने वे बड़ी-बड़ी लुभावनी बातें करती थीं. अक्सर प्रभावित करने के लिए फैसले का ऐलान कर देतीं और फिर शेखी बघारतीं कि ''आप बहुत जल्दी इस पर अमल होता देखेंगे.'' संघ के एक नेता कुछ इस तरह बयान करते हैं, ''वे शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए हमेशा तैयार रहती थीं, लेकिन भूल गईं कि आखिर में उन्हें काम करके दिखाना है. उनके पास कोई व्यापक दूरदृष्टि या भविष्य का ब्लूप्रिंट नहीं था.'' काम संभालने के 25 महीने में भी वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार नहीं कर पाईं. उल्टे शिक्षा नीति का मसौदा तैयार करने वाले पूर्व कैबिनेट सचिव टी.एस.आर. सुब्रह्मण्यम से ही पंगा ले लिया, जिन्हें मोदी के अच्छे शासन के वादे के प्रशंसक होने के लिए जाना जाता है. सुब्रह्मण्यम ने अपनी तैयार मसौदा नीति को सार्वजनिक करने की मांग की थी, लेकिन ईरानी ने इनकार कर दिया. तकरार इतनी बढ़ी तो उन्होंने इसे खुद सार्वजनिक करने की धमकी दे दी.

यूजीसी के ढांचे में भी कोई बदलाव नहीं पाया क्योंकि ईरानी, उनके अफसर और पीएमओ कई मुद्दों पर सहमत नहीं हो सके. इसी साल की शुरुआत में संघ ने अपनी प्रतिनिधि सभा में सस्ती और सुगम शिक्षा की जरूरत पर एक प्रस्ताव पारित किया. लेकिन इस दिशा में भी ईरानी कुछ नया विचार आगे नहीं बढ़ा पा रही थीं. वैश्विक मानकों की 20 नई शैक्षिक संस्थाएं खोलना मोदी का विराट सपना है, मगर उनकी सुस्त चाल की वजह से इसमें भी देरी हुई. आइआइएम विधेयक के मसौदे पर पीएमओ के साथ मतभेदों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में मुफ्त वाइ-फाइ पहुंचाने में देरी की वजह से भी बात और बिगड़ गई.

शायद विवाद और स्मृति एक दूसरे का पर्याय ही बन गए थे. रोहित वेमुला की खुदकुशी का मुद्दा हो या गोवा में फैब इंडिया के शो-रूम के ट्रायल रूम में छिपे हुए कैमरे का मामला, सबका बुरा अंत ही होता दिखाई दिया. विरोधियों के पैरों में सिर काटकर रखने से लेकर खुलेआम आंसू और उनकी वाक्पटुता ने कइयों को उनका कद्रदान बनाया, मगर इस खेल में माहिर प्रधानमंत्री को यह सब साफ तौर पर प्रभावित नहीं कर सका.

अक्खड़पन और अहंकार ने ही ईरानी को अब तक का सबसे अलोकप्रिय एचआरडी मंत्री बना दिया. एक राज्य के शिक्षा मंत्री के साथ ट्विटर पर जंग से लेकर उनकी हरेक गलती पर पत्रकारों के उन्हें निशाना बनाने तक और शैक्षिक संस्थाओं के मुखियाओं और अध्येताओं के साथ उनके अवमानना भरे बर्ताव तक सरकार असहज थी. पहली बार ऐसा हुआ कि दो वाइस-चांसलर को बर्खास्त तक कर दिया गया. प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और आइआइटी बॉक्वबे के अध्यक्ष अनिल काकोदकर ने झुंझलाकर इस्तीफा दे दिया. एक और आइआइटी के निदेशक आर.के. शिवगांवकर ने भी यही किया. शुरुआत से ईरानी की कटु आलोचक सोशल एक्टिविस्ट और मानुषी की संपादक मधु किश्वर कहती हैं, ''एचआरडी को उनसे आजाद करके प्रधानमंत्री ने सुधार का एक बड़ा कदम उठाया है.''

ताजातरीन विवाद रामदेव के राष्ट्रीय वैदिक शिक्षा बोर्ड की पेशकश को लेकर हुआ. इसको लेकर संघ में आम राय नहीं थी, जबकि मोदी और शाह दोनों रामदेव को चाहते थे. लेकिन संघ के कुछ लोग बाबा को लेकर आशंकित थे और चाहते थे कि वैदिक अध्येताओं का एक समूह इसका कामकाज संभाले. ईरानी ने रामदेव के खिलाफ रुख अख्तियार किया और इस तरह वे मोदी और शाह के खिलाफ चली गईं. पिछले दो सालों में बेशक अच्छी बातें भी हुईं. ईरानी ने ग्लोबल इनिशिएटिव ऑफ एकेडमिक नेटवर्क (जीआइएएन) सरीखी सुधार की पहल की, जहां उच्च शिक्षा में विदेशों के विद्वानों को लाया गया. उन्होंने स्वच्छ विद्यालय योजना के तहत स्कूलों में चार लाख शौचालयों का लक्ष्य हासिल किया.

टीवी धारावाहिक की महारानी अब भी हार मानने को तैयार नहीं हैं. उनके करीबी सूत्रों पर भरोसा करें, तो उन्हें इस भारी-भरकम काम से इसलिए मोहलत दी गई है क्योंकि हो सकता है न सिर्फ  अमेठी बल्कि पूरे यूपी में पार्टी के अभियान की अगुआई करने के लिए उनकी जरूरत हो. वैसे, यह संभावना अटकल ही ज्यादा जान पड़ती है, खासकर उस प्रधानमंत्री के लिए जो काम के प्रदर्शन के हिसाब से ही चलते हैं.

Read more!