इंडिया टुडे बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026: टेक टैलेंट की पूरी एक नई पीढ़ी
सर्वाधिक सुधार वाला कॉलेज की लिस्ट में टॉप पर पश्चिमी घाट की तराइयों में बसा NMAM इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, NITTE (डीम्ड टु बी यूनिवर्सिटी), करकला संस्थान उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी और आधुनिक पाठ्यक्रम के बलबूते छात्रों के बीच प्रतिष्ठा हासिल कर रहा.

एनएमएएम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, एनआइटीटीई (डीम्ड टु बी यूनिवर्सिटी) करकला के कैंपस में छात्र
निट्टे महालिंग आद्यंतया मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनएमएएमआइटी) में उद्योग के साथ जुड़ाव पढ़ाई-लिखाई की प्रक्रिया का अहम स्तंभ है. यह सहकार कई अलग-अलग स्तरों पर होता है, और पाठ्यक्रम के विकास से शुरू होकर प्रयोगशालाओं, इंटर्नशिप, शोध प्रकाशन और प्लेसमेंट तक जाता है.
संस्थान ने अभी तक 49 एमओयू किए हैं, जिनका दायरा पढ़ाई-लिखाई के विभिन्न आयामों और उद्योग के साथ जुड़ाव तक फैला है. साथ ही, 300 से ज्यादा कंपनियां हर साल प्लेसमेंट के लिए आती हैं. कद और प्रतिष्ठा में इस बढ़ोतरी की झलक 2022 से रैंकिंग में हुई अच्छी-खासी प्रगति से भी मिलती है, जो 128 से छलांग लगाकर 68 पर आ गई है.
प्रिंसिपल प्रो. निरंजन एन. चिपलूणकर का कहना है कि हर विभाग का एक उद्योग सलाहकार बोर्ड है और विभाग के विकास के लिए उसकी राय पर नियमित अंतराल से विचार किया जाता है. इसी तरह पाठ्यक्रम का पुनरीक्षण करते समय बोर्ड ऑफ स्टडीज में शामिल उद्योग के प्रतिनिधियों के सुझावों का ध्यान रखा जाता है.
चिपलूणकर कहते हैं, ''पिछले 40 सालों के दौरान हम केवल छात्रों की संख्या के लिहाज से ही नहीं बल्कि बुनियादी ढांचे, अनुसंधान की सुविधाओं, प्रकाशन और प्लेसमेंट के मामलों समेत सभी मोर्चों पर विस्तार करते आ रहे हैं.’’
संस्थान की स्थापना के समय से ही बढ़ रही छात्रों की संख्या 2025 में 1,839 नए छात्रों के प्रवेश की ऊंचाई पर पहुंच गई. उनका यह भी कहना है कि मौजूदा साल के लिए दाखिलों की प्रक्रिया अभी चल रही है और रुझान को देखते हुए इसके पिछले साल की गिनती से आगे निकल जाने की उम्मीद है.
इंडिया टुडे के बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026:
देशभर के 1,800 से अधिक संस्थानों की 14 प्रमुख स्ट्रीम्स में रैंकिंग, साथ में कोर्स, प्लेसमेंट और कैंपस लाइफ का विस्तृत विश्लेषण पढ़िए इंडिया टुडे के इस विशेषांक में. भारत के बेस्ट इंजीनियरिंग कॉलेज कौन-से हैं? पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें- https://bestcolleges.indiatoday.in/full-rankings