इंडिया टुडे बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026: तेजी से चढ़ीं सीढ़ियां

कॉमर्स में देश के सर्वाधिक सुधार करने वाले कॉलेजों की लिस्ट में एआरएसडी कॉलेज सबसे आगे है. आंत्रेप्रेन्योरशिप मॉड्यूल, छात्र संचालित कंसल्टेंसी और इनोवेशन से एआरएसडी कॉलेज तेजी से आगे बढ़ चला.

Commerce
ARSD कॉलेज के शिक्षक छात्र

पिछले कुछ सालों में आत्माराम सनातन धर्म (एआरएसडी) कॉलेज को जो प्रसिद्धि मिली, अक्सर उसकी वजह उसका कॉमर्स डिपार्टमेंट रहा है, जिसे दिल्ली विश्वविद्यालय के सबसे अच्छे विभागों में से एक माना जाता है. लेकिन ऐसा लगता है कि इस कॉलेज का सफर बस अभी शुरू ही हुआ है.

कॉलेज ने 2026 में धौलाकुआं के अपने विशाल कैंपस में ''सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इमर्जिग ऐंड एडवांस्ड टेक्नोलॉजीज’’ शुरू किया है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और साइबर सिक्योरिटी के बारे में जानने -सीखने का मौका मिलता है.

बहरहाल, कॉमर्स इस कॉलेज का प्रमुख विषय बना हुआ है और उसने कॉलेज को और धार दी है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुसार विभाग ने अपना फोर्थ ईयर अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम (एफवाइयूपी) शुरू किया. इसमें कई छात्रों ने एडवांस्ड स्टडी के लघु शोध प्रबंध, एकेडमिक प्रोजेक्ट और आंत्रेप्रेन्योरशिप जैसे ऑप्शन चुने हैं. एक स्टुडेंट ने क्लासरूम से ही एक नया बेवरेज बिजनेस-जेयूएन-शुरू किया.

दरअसल यह कॉलेज उन शुरुआती संस्थानों में से एक है जिसने एनईपी 2020 की गाइडलाइंस को लागू किया. इतना ही नहीं, उसने दूसरों से पहले ही रिसर्च और आंत्रेप्रेन्योरशिप स्ट्रीम के साथ चार साल का प्रोग्राम भी शुरू कर दिया था. प्रोफेसर झा कहते हैं कि एमकॉम प्रोग्राम में पोस्टग्रेजुएट नामांकन लगातार बढ़ रहे हैं.

और फिर 180 डिग्रीज कंसल्टिंग ब्रांच है, जिसे कॉमर्स डिपार्टमेंट के छात्र चलाते हैं. वह औद्योगिक परामर्श सेवाएं देती है. उसने 25 प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री रिपोर्ट तैयार की हैं. कॉलेज ने 'प्रिंसिपल एआरएसडी इंटर्नशिप स्कीम (पीएआईएस)’ शुरू की है और विभाग ने रिसर्च-से-राजस्व की योजना बनाई है.

इसके अलावा, अब एक नया अंडरग्रेजुएट रिसर्च ऐंड इनोवेशन प्रोग्राम भी है जो छात्रों की अगुआई में ऐसे इंटरडिसिप्लिनरी प्रोजेक्ट्स में मदद करता है, जिन्हें फैकल्टी शिक्षक गाइड करते हैं. इन प्रोजेक्ट के डिजाइन में आंत्रेप्रेन्योरशिप का तत्व भी शामिल होता है.

आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज ने पिछले साल तीन पॉपुलर सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए हैं: फोरेंसिक साइंस और क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन; थिएटर टेक्नीक्स में प्रोडक्शन-ओरिएंटेड प्रोग्राम और, स्वाभाविक रूप से डेटा एनालिसिस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस.

कॉलेज को 3.77 सीजीपीए मिला है और साथ में एनएएसी++ ग्रेड भी मिली है. यह यूनिवर्सिटी सिस्टम में सबसे ज्यादा ग्रेड में से एक है. इससे अपने बेसिक्स ठीक रखने की कॉलेज की प्रतिबद्धता झलकती है. प्र‌िंसिपल प्रो. ज्ञानतोष कुमार झा कहते हैं, ''यह कॉलेज उत्कृष्टता और अवसरों की जगह है.’’

गुरु वाणी

एआरएसडी कॉलेज में, हम छात्रों को न सिर्फ सफल करियर के लिए बल्कि उद्देश्यपूर्ण जिंदगी के लिए भी तैयार करते हैं. इसके लिए हम पढ़ाई की गंभीरता, रिसर्च, इनोवेशन और कम्युनिटी से जुड़ाव को एक साथ लेकर चलते हैं.
- प्रोफेसर ज्ञानतोष कुमार झा, प्रिंसिपल, एआरएसडी कॉलेज

Read more!