दक्षिण से उगते सितारे
कई सारे टॉप परफॉर्मर दक्षिण के लेकिन इस बार कुछ चौंकाने वाले चेहरे भी जगह बनाने में कामयाब रहे, मसलन सनी देओल, रवि किशन, माधुरी दीक्षित.

अमिताभ बच्चन अब इंडिया टुडे के देश का मिज़ाज सर्वे में ऐसी मजबूत शख्सियत के तौर पर सर्वोच्च मुकाम हासिल कर चुके हैं, जहां से उन्हें डिगा पाना असंभव दिखता है. बच्चन की लोकप्रियता इस कदर तारी है कि पिछले वर्ष एक भी फिल्म रिलीज न होने के बावजूद प्रतिभागियों ने उनकी जगह किसी और के बारे में सोचना भी मुनासिब नहीं समझा. 83 वर्ष की आयु में भी उनका नाम नंबर-1 का पर्याय बना हुआ है.
शाहरुख खान उनसे काफी पीछे दूसरे पायदन पर हैं, जबकि अक्षय कुमार शीर्ष-5 में शामिल नई हस्ती सनी देओल के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं. गदर 2 (2023) के बाद से सनी देओल पहले से कहीं ज्यादा व्यस्त हैं और एंग्री ओल्ड मैन की भूमिका बड़े जोश के साथ निभाते दिखे हैं (देखें: जाट, बॉर्डर 2). इस बार शीर्ष पांच में दक्षिण के अभिनेता अल्लू अर्जुन या प्रभास ने नहीं बल्कि विजय ने जगह बनाई है, जो हाल में राजनीति में उतरने के प्रयासों और फिल्म रिलीज में आई दिक्कतों के कारण चर्चा में रहे.
तमिल अभिनेता विजय दिवंगत एमजीआर के नक्शेकदम पर चलकर अभिनेता से मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं.
विजय के साथ दक्षिण के चार अन्य सितारे जहां शीर्ष 10 नायकों में शुमार रहे, वहीं नायिकाओं में भी तस्वीर कमोबेश ऐसी ही रही. दक्षिण की विभिन्न भाषाओं वाली फिल्में करने के बाद हिंदी फिल्मों में कदम रखने वाली रश्मिका मंदाना, साई पल्लवी और नयनतारा की रैंकिंग में उछाल दिखा.
मंदाना ने पिछले साल के अंत में तेलुगु हॉरर फिल्म द गर्लफ्रेंड से दर्शकों का दिल जीता, वहीं पल्लवी और नयनतारा के लिए यह साल अपेक्षाकृत शांत रहा. दोनों की सिर्फ एक-एक फिल्म रिलीज हुई. सूची में अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत का नाम हैरान करता है, खासकर उस वक्त जब सांसद बनने के बाद उनका अभिनय करियर पीछे छूट गया है. इमरजेंसी में इंदिरा गांधी की भूमिका निभाना उनके काम नहीं आया और फिल्म बुरी तरह पिट गई.
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर नए दिग्गज
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर महिला-पुरुष दोनों ही श्रेणियों में नए बादशाह और बेगम छाए रहे. रवि किशन ने ओटीटी पर जलवा बिखेरने वाले सितारों नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मनोज बाजपेयी, बॉबी देओल और अनिल कपूर से बेहतर प्रदर्शन किया. यह उपलब्धि बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि बाजपेयी (द फैमिली मैन) और देओल (आश्रम, द बैड्स ऑफ बॉलीवुड) दोनों की सीरीज 2025 में रिलीज हुई.
जबकि रवि किशन ने यह मुकाम 2024 में आई नेटफ्लिक्स सीरीज मामला लीगल है और फिल्म लापता लेडीज में मिली लोकप्रियता की वजह से हासिल किया. अभिनेत्रियों की बात करें तो जियोस्टार सीरीज मिसेज देशपांडे में एक क्रूर और शातिर सीरियल किलर की भूमिका में नजर आईं माधुरी दीक्षित-नेने ने अपने अभिनय से दर्शकों को बेहद प्रभावित किया. उन्होंने रवीना टंडन, सोनाली बेंद्रे, नीना गुप्ता और सामंथा रुथ प्रभु से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया.
गायकी में नं. 1 सोनू निगम ने पहली बार अरिजित सिंह को पीछे छोड़कर शीर्ष पर कब्जा जमाया है.