हरियाली का रास्ता
पहला, जहां पर्यावरणीय कार्रवाई ने प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के लिए विकास रणनीति को तय करने में भूमिका निभाई.

विशेषांक : भारत का शान
पर्यावरणीय पहल
सुनीता नारायण
डायरेक्टर-जनरल, सीएसई, नई दिल्ली
पर्यावरण आंदोलन ने आजाद भारत के 75 वर्षों में नीतियों को आकार देने और विकास के तौर-तरीकों को परिभाषित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस आंदोलन के तीन अलग-अलग रास्ते रहे हैं. पहला, जहां पर्यावरणीय कार्रवाई ने प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के लिए विकास रणनीति को तय करने में भूमिका निभाई.
दूसरा, जहां विकास परियोजनाओं का विरोध किया और विवाद की वजह से एक नई सहमति उभरी. तीसरा, जहां प्रदूषण और मानव स्वास्थ्य के मुद्दों पर पर्यावरण आंदोलन ने नीति में बदलाव को बढ़ावा दिया. हालांकि यह आंदोलन कुछ समुदायों के वन्य संसाधनों पर अधिकार, इन संसाधनों को निकालने और उनके संरक्षण के बीच पेचीदगी से भरा रहा है.
इन अंतर्निहित अंतर्विरोधों के मद्देनजर पिछले 75 साल की सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल को गिनाना लगभग नामुमकिन है. मैं इसे आप पाठकों पर छोड़ती हूं कि वे यहां चुने गए लोगों की अहमियत पर विचार करें.
चिपको आंदोलन
मौजूदा उत्तराखंड के रेनी गांव की औरतें 1974 में पेड़ों की कटाई बंद कराकर राष्ट्रीय सुर्खियों में छा गईं. उनके आंदोलन ने देश को वन संरक्षण और वनीकरण को महत्व देने के लिए प्रेरित किया. लेकिन आज सवाल यह है कि जंगलों को कैसे उगाया जाए और काटा जाए और फिर से उगाया जाए ताकि भारत लकड़ी आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ सके.
नर्मदा बचाओ आंदोलन
बांधों के निर्माण (और नतीजतन जंगलों का नुक्सान) 'रोक’ देना और इस निर्माण की वजह से विस्थापित हुए गांवों का पुनर्वास सुनिश्चित करना. 1985 में शुरू हुए नर्मदा बचाओ आंदोलन की बहुत प्रशंसा हुई—और बदनाम भी किया गया—लेकिन हकीकत यह है कि इसने इस मुद्दे को उठाया कि कैसे हमें अपनी नीति में पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाना है.
भोपाल गैस त्रासदी और उसका अंजाम
दिसंबर 1984 में हुई इस भयानक औद्योगिक त्रासदी में लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाई थी और आज भी कई लोग इसका असर झेल रहे हैं. इससे औद्योगिक दुर्घटनाओं से निबटने के लिए कानूनों में सुधार हुआ है और इन्हें रोकने के लिए कंपनियों ने तैयारी भी की है. दुख की बात यह है कि भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ित आज भी परेशानी झेल रहे हैं. उन्हें अभी तक इंसाफ नहीं मिला है.
प्रोजेक्ट टाइगर (और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के रूप में इसका विकास)
अवैध शिकारियों ने जब राजस्थान के सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान के सभी बाघों को मार दिया तब 2004 में यह अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. तब टाइगर टास्क फोर्स ने सुधार का एजेंडा तय किया. इसके तहत अभयारण्य के संरक्षण की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करना और उनके बीच में स्थित गांवों को कहीं और बसाना भी शामिल था. आज बाघों की संख्या स्थिर हो गई है. लेकिन संरक्षण की इस कोशिश पर सवाल बने हुए हैं कि स्थानीय समुदाय इससे कैसे लाभान्वित होंगे.
समुदायों के साथ जल प्रबंधन की फिर से खोज
देश में विकेंद्रीकृत और समुदाय आधारित जल संरक्षण परियोजनाओं को बेहतर बनाने के लिए पारंपरिक जल प्रबंधन प्रणालियों से सीखना. इस पहल से आजीविका में सुधार के साधन के रूप में स्थानीय जल निकायों को फिर से सक्रिय करने की दिशा में नीति में बदलाव आया है.
दिल्ली में साफ हवा के अधिकार के लिए संघर्ष
यह 1990 के दशक के अंत में शुरु हुई एक पहल थी जिसने ईंधन और प्रौद्योगिकी की क्वालिटी में सुधार किया. तब दिल्ली ने स्वच्छ ईंधन, कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) को झट से अपनाया, जिससे प्रदूषण के स्तर में कमी आई. इसके बावजूद वाहनों की संख्या में इजाफा और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन के दहन की वजह से दिल्ली और देश के अन्य क्षेत्रों में वायु प्रदूषण बहुत बढ़ गया है. आज अच्छी खबर यह है कि प्रदूषण और हमारे स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव के खिलाफ व्यापक जागरूकता है.
शहरों में कचरा प्रबंधन से संसाधन का निर्माण
देश के कई शहर आज घरेलू स्तर पर ठोस कचरे को अलग कर रहे हैं और इसका इस्तेमाल गैस, गाड़ियों के लिए ईंधन और खाद बनाने के लिए किया जा रहा है. चक्रीय अर्थव्यवस्था का यह तौर-तरीका हमें कई पर्यावरणीय मुद्दों पर आगे का रास्ता दिखाता है.
गंगा की सफाई
यह कार्यक्रम 1980 के दशक के मध्य में इस सरल विचार के साथ शुरू हुआ था कि सीवेज को रोका जाएगा और फिर नदी में छोड़ने से पहले उसे साफ किया जाएगा. लेकिन जल्द ही यह पता चला कि देश के ज्यादातर घर सीवेज सिस्टम से जुड़े नहीं हैं. इसका मतलब है कि अब सस्ता और सबके लिए सुलभ सीवेज सिस्टम डिजाइन करने की नीति बनाने की जरूरत है. इस दिशा में काम शुरु हुआ और यह अब आकार ले रहा है. आने वाले वर्षों में इसकी सफलता को देखना एक अच्छा अनुभव रहेगा.
टिकाऊ खेती को आमदनी और पोषण से जोड़ना
इस तरह की खेती में कीटनाशकों और रसायनों के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से बचा जाता है और इस तरह मिट्टी को जहरीला होने से बचाया जाता है. इससे किसानों का कीटनाशकों और रसायनों पर खर्च कम होता है और उन्हें उपजका ज्यादा मूल्य मिलता है यानी उनकी आमदनी बढ़ती है. खेती का यह तौर-तरीका ऑर्गेनिक खेती, जो कृषि संकट दूर करने और पोषण की समस्या दूर करने में कुछ खास मदद नहीं करती, से आगे का है.
नागरिक आंदोलन
यह देश के पर्यावरण आंदोलन में उभरी सबसे बड़ी खासियत कही जा सकती है. पर्यावरण से जुड़े प्रदर्शनों को अमूमन बाधा डालने वाला या गैरजरूरी माना जाता है. लेकिन पर्यावरण संरक्षण की लड़ाई के साथ-साथ उसे टिकाऊ बनाने तथा उसके प्रबंधन के जरिए उसे आजीविका से जोड़ने में ये सबसे दमदार आवाजें होती हैं.
ये पर्यावरण आंदोलन की आत्मा है. पर्यावरणवाद का मतलब है लोकतंत्र को गहरा करना और उसे मजबूत बनाना. आखिरकार पर्यावरण संकट कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे तकनीक के जरिए तुरत-फुरत दुरुस्त कर दिया जाए.