लोकतंत्र की लीला
कई बार बहुत कम और कई बार बेतहाशा भरोसा जगातीं राजनैतिक पार्टियां देश के नागरिकों की आकांक्षाओं का बहुत साफ-सच्चा प्रतिनिधित्व नहीं कर पाई हैं.

आजादी @ 75 लोकतंत्र : राजनैतिक विकासक्रम
देश में लोकतंत्र दो मॉडलों की होड़ में फलता-फूलता रहा है. औपचारिक तौर पर यह बहुदलीय लोकतंत्र है: केंद्र और मिलकर उसका गठन करने वाले राज्यों पर राज करने की ताकत चुनाव में बहुमत हासिल करने की व्यवस्था से मिलती है. लेकिन एक ध्रुवीय/दो ध्रुवीय प्रवृत्ति उसकी मूल बनावट का हिस्सा है, जिसके केंद्र में राष्ट्रीय पार्टियां हैं.
यह 1952 के पहले आम चुनाव से ही दिखने लगा, जिसमें कांग्रेस का एकछत्र बोलबाला था. अगले दशक में उसकी अंदरूनी उठापटक से टूट-फूट मची और उससे कुछ नई पार्टियां निकलीं. फिर राज्यों में पहचान और संस्कृति पर सवार क्षेत्रीय पार्टियां उभरीं.
जाति के दायरों से सपा, राजद और बसपा जैसी पार्टियों का उदय हुआ. 1990 के दशक से लगातार तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी, टीआरएस, वाइएसआरसीपी जैसी पार्टियों के टूटकर निकलने से कांग्रेस राज्यों में कमजोर हो गई और केंद्र में भाजपा के चुनावी कारवां को रोक नहीं सकी.
भगवा पार्टी ने तमाम तरीकों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्मे से चुनावी राजनीति को नई शक्ल दे दी. एक मायने में उनके साथ एक ध्रुवीय मॉडल का पुनर्जन्म हुआ. उधर, केंद्र और राज्यों के बीच टकराव जारी है.