विशेषांकः अपने सच्चे रंग में
हीरो के दोस्त से लेकर कई दूसरी सहायक चरित्र भूमिकाओं तक अब उन्हें, उन्हीं के शब्दों में, ''ज्यादा केंद्रीय भूमिकाओं के लिए परखा जा रहा है.’’

नई नस्ल100 नुमाइंदे/सिनेमा
आदर्श गौरव, 27 वर्ष, अभिनेता
आदर्श गौरव पारंपरिक हिंदी फिल्म हीरो की तरह ऊंचे और गठीले नहीं हैं. अपनी गहरी आंखों और परदे पर दमदार मौजूदगी के साथ वे मंजे हुए अदाकार जरूर हैं, वैसे ही जैसे दिवंगत इरफान थे.
उनकी इन खूबियों पर इस साल तब ध्यान गया जब उन्होंने नेटफ्लिक्स पर द व्हाइट टाइगर फिल्म से महफिल लूट ली. गौरव कहते हैं, ''मैं तो ऑडिशन के लिए जा ही नहीं रहा था. यह इतनी बड़ी भूमिका थी...मुझे लगा कि वे किसी दूसरे को लेंगे जिसकी ज्यादा पहचान हो.’’
अलबत्ता हुआ यह कि आलोचकों ने अभिनेता की खूब पीठ थपथपाई और उन्हें इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवार्ड में बेस्ट ऐक्टर के लिए नॉमिनेट भी किया गया. उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
हीरो के दोस्त से लेकर कई दूसरी सहायक चरित्र भूमिकाओं तक अब उन्हें, उन्हीं के शब्दों में, ''ज्यादा केंद्रीय भूमिकाओं के लिए परखा जा रहा है.’’ उनकी आने वाली फिल्मों में जोया और फरहान अख्तर के सह-निर्माण में बन रही खो गए हम कहां भी है.
एपल टीवी पर एक इंटरनेशनल सीरीज भी है जिसमें मेरिल स्ट्रीप भी हैं. गौरव मानते हैं कि वे इस नई मिली तवज्जो को समझने की अभी कोशिश ही कर रहे हैं. वे कहते हैं, ''लोग मुझमें इतना भरोसा जता रहे हैं, यह देखकर कभी-कभी मैं डर जाता हूं.’’
गौरव जिंदगी का नजरिया हासिल करने का श्रेय छोटे शहर में हुई अपनी परवरिश (उनका जन्म जमशेदपुर में हुआ) और महानगर में अपनी खानाबदोश जिंदगी को देते हैं (14 साल में 12 घर बदल चुके हैं).
ड्रामा स्कूल मुंबई में बिताए दिन उनके भीतर के कलाकार को गढ़ने में अहम रहे. उन्होंने अपनी पहली छाप स्वतंत्र ड्रामा फिल्म रुख (2017) में छोड़ी. उसके बाद श्रीदेवी की स्टार मौजूदगी वाली मॉम और वेब सीरीज होस्टल डेज आई.
अमेरिका और ब्रिटेन की टैलेंट एजेंसियों से जुड़कर अब वे भारत के बाहर भी काम करने को तैयार हैं. वे कहते हैं, ''मैं मिट्टी की तरह होना चाहता हूं, मुझे किसी भी सांचे में ढाल लो और मैं उसी में ढल जाऊंगा.’’
''मैं मिट्टी की तरह होना चाहता हूं, मुझे किसी भी सांचे में ढाल लो और मैं उसी में ढल जाऊंगा’’
संगीत का दरिया गौरव ने हिंदुस्तानी संगीत में गायकी सीखी है, लॉकडाउन के दौरान उन्होंने गिटार बजाना सीखा.