सब कुछ निबट जाने के बाद आपके पास होता है बस परिवार

छोटी-छोटी बातों से परेशान मत रहो. कौन लगातार निंदा-कानाफूसी कर रहा है, यह देखकर नाहक आशंकाएं मत पालो

डेरेक ओ'ब्रायन, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता
डेरेक ओ'ब्रायन, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता

''सब कुछ निबट जाने के बाद आपके पास होता है बस परिवार, सबसे प्रिय मित्र-दोस्त और जादुई स्मृतियां—यह मेरा व्हाट्सऐप इंट्रो है. और ट्विटर पर मेरा स्टेटस कहता है वह यह कि मैं जो कर रहा हूं खुशी से कर रहा हूं. जी हां. यह 2021 है. और मैं जिंदगी के सबसे खुशनुमा मुकाम पर हूं.

निजी तौर पर भी. पेशे के लिहाज से भी. और राजनैतिक तौर पर भी. छोटी-छोटी बातों से परेशान मत रहो. कौन लगातार निंदा-कानाफूसी कर रहा है, यह देखकर नाहक आशंकाएं मत पालो. दिन भर पकाई जाती रही तमाम क्षुद्रताओं के लिए कंट्रोल-ऑल्ट-डिलीट दबाना मत भूलो. उस ऊपर वाले का शुक्रिया कि एक और दिन अच्छा बीत गया. यहां आकर खुश हूं. बेहद खुश''

डेरेक ओ'ब्रायन, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता

''खुशी मन की वह अवस्था है जिसमें आप महसूस करते हैं कि ईश्वर अपनी जगह पर है और दुनिया में सब अच्छा-भला चल रहा है. मेरी लंबे वक्त की खुशी का स्रोत शायद यह एहसास है कि मारुति सुजुकी के माध्यम से मैं दसियों हजारों लोगों की जिंदगी और भविष्य बदलने के लिए काफी कुछ जिम्मेदार था.

भारत को बदलते और आखिरकार ऊंची आर्थिक वृद्धि का सही रास्ता अपनाते देखना मुझे अत्यधिक संतोष देता है. और जब भी मैं इसमें थोड़ा-बहुत योगदान दे पाता हूं, मैं खुशी महसूस करता हूं. मेरे बच्चों और खासकर मेरे नाती-पोतों सहित मेरा परिवार मेरे लिए खुशी का बड़ा स्रोत है. अपने नाती-पोतों को बड़ा होते देख बहुत खुशी होती है''

आर.सी. भार्गव, चेयरमैन, मारुति सुजुकी

''मेरे जीवन का मंत्र हमेशा खुश रहना और चारों ओर जीवंतता और खुशियां फैलाना है. मैं सबसे ज्यादा खुश होती हूं जब मेरे आसपास सकारात्मकता होती है. मेरे काम को जब लोग सराहते हैं तो भी खुशी होती है. प्रकृति के अजूबों ने मुझे हमेशा आकर्षित किया है, तभी मुझे उसके करीब जाने और उसके एहसास में बहुत मजा आता है. मैं खाने की भी शौकीन हूं. लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुझे लगता है, जब आप भीतर से खुश होते हैं तो बाहरी दुनिया की खुशी आपको ढूंढती है.''

हृषिता भट्ट, ऐक्टर

 

Read more!