दिलदार व्यापारी
वे भारत में निजी उद्यम क्षेत्र के चैंपियन हैं, देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को लाने में महिंद्रा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अग्रणी है और लगातार लीक से हटकर सोचते हैं

ऊंचे और असरदार की फेहरिस्त में पांचवे नंबर पर हैं, महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन 64 वर्षीय आनंद महिंद्रा.
क्योंकि वे भारत में निजी उद्यम क्षेत्र के चैंपियन हैं. अपने व्यापार में विविधता लाते हुए वे उसे ऑटोमोटिव के साथ एयरोस्पेस, डिफेंस, रियल एस्टेट और इन्फ्रास्ट्रक्चर, रिटेल, रूरल हाउसिंग फाइनेंस, हॉस्पिटैलिटी और आइटी की ओर लेकर गए और 21 अरब डॉलर (1.4 लाख करोड़ रुपए) के टर्नओवर के साथ महिंद्रा ग्रुप को कंपनियों के बड़े फेडरेशन में तब्दील कर दिया है
क्योंकि महिंद्रा उदारमना व्यापारी हैं जो ट्विटर पर अपने 70 लाख से अधिक फॉलोअर्स के साथ सामाजिक मुद्दों पर संवाद करते रहते हैं और व्यापार की मान्यताओं से आगे निकलते हुए ग्लोबल क्लाइमेट ऐक्शन समिट (जीसीएएस) में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है. महिंद्रा ने घोषणा की है कि उनका ग्रुप 2050 की तय समयसीमा से 10 साल पहले कार्बन न्यूट्रल होकर दिखाएगा
क्योंकि वे लगातार लीक से हटकर सोचते हैं, नवंबर, 2018 में प्रसिद्ध चेक ब्रांड जावा मोटरसाइकिलों को फिर से भारत में लॉन्च कर रहे हैं. इसको लेकर लोगों की प्रतिक्रिया इतनी अच्छी रही है कि कंपनी को बुकिंग बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा. जावा के लिए वेटिंग पीरियड अब छह महीने तक का है.
जोशीला अंदाज
महिंद्रा समूह की ब्रांड निर्माण पहल 'राइज फॉर गुड' ने द महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्ड्स महिंद्रा ब्लूज़, वाराणसी में कबीर उत्सव और संगीत से विशेष लगाव रखने वाले ड्राइविंग के उत्साही लोगों के लिए गोवा में आयोजित महिंद्रा ओपन ड्राइव जैसी कई पहल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त किया है
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को लाने में महिंद्रा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अग्रणी है. थ्री व्हीलर में ट्रिओ, इलेक्ट्रिक सेडान ईवेरिटो, यात्री वाहन ई सुपरो कंपनी के प्रमुख वाहन हैं
***