एक होने को पार्टी के पैंतरे अनेक

दिवंगत अजित पवार के परिवार और पार्टी दिग्गजों के बीच बढ़ते अंतर्विरोध और शरद पवार खेमे के साथ विलय के फिर शुरू हुए कयासों से एनसीपी एक बार फिर दोराहे पर

nation: maharashtra

पहली नवंबर को एनसीपी के प्रमुख नेताओं—पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख और लोकसभा सांसद सुनील तटकरे, राज्य के मंत्री छगन भुजबल और हसन मुशरिफ, पूर्व मंत्री दिलीप वालसे पाटील और धनंजय मुंडे तथा पूर्व सांसद समीर भुजबल ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.

यह बैठक पार्टी अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके राज्यसभा सांसद बेटे पार्थ पवार के नेतृत्व वाले गुट से बढ़ते मतभेद की खबरों के बीच हुई.

बैठक का समय काफी महत्वपूर्ण था. यह ऐसे समय पर हुई जब हाल में एनसीपी को महाराष्ट्र विधान परिषद में एक सीट गंवानी पड़ी है और महाराष्ट्र तथा मुंबई इकाइयों में संगठनात्मक नियुक्तियों में पार्थ के बढ़ते दखल को लेकर पार्टी के भीतर खासी नाराजगी थी.

औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लगातार तीन बार से एनसीपी का कब्जा था लेकिन इस बार एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने आधिकारिक रूप से एनसीपी का दर्जा रखने वाली इस पार्टी को हरा दिया. विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने विधान परिषद की पांच में से तीन सीटें जीत लीं. इसमें से कांग्रेस ने नागपुर स्नातक सीट अपने पास रखी, जिससे भाजपा को काफी निराशा हुई. एनसीपी (एससीपी) ने प्रतिष्ठित पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी भाजपा को हरा दिया.

एनसीपी के एक नेता का कहना है कि पार्टी में पार्थ का बढ़ता दखल और पुराने नेताओं को दरकिनार करने के उनके कथित प्रयास, शाह के साथ चर्चा का मुख्य हिस्सा थे. इन नेताओं ने शाह से इस मामले में दखल की मांग की. इसका मतलब यह हो सकता है कि केंद्रीय गृह मंत्री अब एनसीपी के भीतर के घटनाक्रमों पर करीब से नजर रखें. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को पहले से ही राज्य में शाह का करीबी माना जाता है.

बैठक के तुरंत बाद प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई के एक अस्पताल में अपने पूर्व मुखिया और वरिष्ठ नेता शरद पवार से मुलाकात की, जहां वे स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे. इस मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है जिसमें पटेल अस्पताल के बिस्तर पर लेटे पवार के पास बैठे हैं और मराठी में कह रहे हैं कि 10 नवंबर से वे मुंबई में ही रहेंगे. इस पर पवार जवाब देते हैं कि हां, फिर भेंट होती है.

वीडियो ने इन अटकलों को हवा दी कि क्या दोनों गुट आखिरकार एक हो जाएंगे या फिर करीब आएंगे, जिससे संभावित रूप से सुनेत्रा और उनके बेटे हाशिये पर चले जाएं? इसे पार्थ पर दबाव बनाने के एक प्रयास के तौर पर भी देखा जा रहा है. हालांकि, पटेल का कहना था कि यह एक व्यक्तिगत मुलाकात थी और राजनैतिक दूरियों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं.

भीतर का घमासान
पार्टी नेताओं का कहना है कि एनसीपी की छवि खराब होने और उसके खराब प्रदर्शन से महायुति सरकार की लोकप्रियता पर भी असर पड़ सकता है. एक एनसीपी नेता कहते हैं, “शाह के साथ बैठक का मकसद एनसीपी नेतृत्व को एक कड़ा संदेश देना था कि हम उन्हें बताए बिना भी भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मिल सकते हैं.”

उनके मुताबिक, ‘‘हम उपमुख्यमंत्री या एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सुनेत्रा पवार की नियुक्ति को चुनौती नहीं दे रहे, बल्कि पार्टी को एकतरफा तरीके से चलए जाने से नाराज हैं.”

एनसीपी के भीतर मतभेद मार्च में निर्वाचन आयोग को लिखे सुनेत्रा के उस पत्र के बाद सामने आए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि 28 जनवरी से 26 फरवरी के बीच पार्टी की तरफ से आयोग को भेजा गया कोई भी पत्राचार मान्य नहीं माना जाना चाहिए. इसे सीधे तौर पर पटेल और तटकरे के लिए एक झटका माना गया.

एक दावे के मुताबिक, इन दोनों ने आयोग को चिट्ठी लिखकर कहा था कि एनसीपी के संविधान में संशोधन कर दिया गया है और सभी शक्तियां कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल को सौंप दी गई हैं. इसे पार्टी संगठन पर कब्जे की कोशिश बताया गया.

यही नहीं, 29 अप्रैल को एनसीपी की तरफ से आयोग को सौंपी गई पदाधिकारियों की सूची से पटेल और तटकरे के नाम भी गायब थे. सुनेत्रा ने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में इसे क्लर्क की गलती बताया था. पर विरोधी खेमे के नेताओं का कहना है कि इसे अभी तक सुधारा नहीं गया है.

बताते हैं सुनेत्रा ने इस पर ऐतराज जताया था कि पटेल और तटकरे ने उन्हें बताए बिना मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. झारखंड के एक एनसीपी पदाधिकारी की तरफ से, अजित पवार की मृत्यु के बाद सुनेत्रा को पार्टी अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया को चुनौती दिए जाने के बाद असंतोष और बढ़ गया. हालांकि, पटेल और तटकरे ने पार्टी के भीतर किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया है.

वरिष्ठ एनसीपी नेताओं का कहना है कि सामूहिक निर्णय लेने का सिद्धांत अब अतीत की बात हो गया है. ताजा संगठनात्मक नियुक्तियों में पार्थ का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है. इसमें जीशान सिद्दीकी और विक्रम संजय काकड़े को एमएलसी बनाना, और वैशाली नागवाड़े तथा उमेश पाटील को क्रमशः महिला विंग की अध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता नियुक्त करना शामिल है. सिद्दीकी को एनसीपी का मुंबई अध्यक्ष भी बनाया गया है, जिसकी वजह से वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ कांबले ने मुंबई इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया.

बताते हैं पार्थ महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल एनसीपी के आठ मंत्रियों में से ज्यादातर को बदलना चाहते हैं. पार्टी उस वित्त विभाग को भी वापस चाहती है जो पहले अजित पवार के पास था पर फिलहाल मुख्यमंत्री फडणवीस के पास है. हालांकि, मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटील पार्टी के भीतर किसी भी मतभेद से इनकार करते हैं.

वे उल्टा पूछते हैं, “कौन-सा मतभेद?” साथ ही कहते हैं कि पटेल की शरद पवार से मुलाकात को राजनैतिक मकसद से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. वे इसका भी जिक्र करते हैं कि कैसे विभिन्न दलों के नेता अस्पताल में पवार से मिलने पहुंचे. इस बारे में इंडिया टुडे के संपर्क करने पर पार्थ ने कोई जवाब नहीं दिया.

आंतरिक कलह के अलावा, एनसीपी धीरे-धीरे सियासी जमीन भी भाजपा के हाथों गंवाती दिख रही है. मसलन, एनसीपी ने पुणे स्नातक की सीट अपने पास रखने के बजाए भाजपा उम्मीदवार के लिए छोड़ दी जबकि इसका प्रतिनिधित्व पहले अविभाजित एनसीपी के अरुण लाड करते थे. बताते हैं इसी वजह से कुछ एनसीपी नेताओं ने एनसीपी (एससीपी) उम्मीदवार के पक्ष में काम किया.

एनसीपी को एकनाथ शिंदे के उन प्रयासों से भी निबटना है, जिसमें वे अ‌जित पवार की मौत से खाली वह जगह भरना चाहते हैं जो प्रभावशाली मराठा समुदाय के एक अखिल-महाराष्ट्र नेता की थी. एनसीपी नेतृत्व अभी तक कोई जनसंपर्क अभियान तक शुरू नहीं कर पाया है. इसके बजाए वह अजित की मौत से उपजी सहानुभूति पर अधिक निर्भर दिख रहा है.

विलय पर असमंजस
शाह के साथ बैठक में एनसीपी के दोनों गुटों के बीच विलय की संभावना पर भी चर्चा हुई. इस प्रयास को जनवरी में एक विमान हादसे में मृत्यु से पहले अजित पवार खुद आगे बढ़ा रहे थे. मेल-मिलाप दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद हो सकता है लेकिन इससे भाजपा को भी फायदा होने की उम्मीद है.

एनसीपी के पास लोकसभा का एक और राज्यसभा के चार सदस्य हैं; वहीं एनसीपी (एससीपी) के पास लोकसभा के आठ और शरद पवार के रूप में राज्यसभा का एक सदस्य है. उनकी साझा ताकत संसद में परिसीमन विधेयक को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही भाजपा के लिए बेहद अहम साबित हो सकती है, जो एक तरह से आर-पार की लड़ाई वाला कदम है.

इस माह के शुरू में शरद पवार के पुणे में अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन किया, तब से दोनों गुटों के करीब आने की अटकलें और तेज हो गईं. कहा जा रहा है कि सुनेत्रा और पार्थ इस विलय के विरोधी हैं क्योंकि इससे उनका प्रभाव सीमित हो सकता है. यह पूछे जाने पर कि अगर आने वाले महीनों में चीजें नहीं बदलीं तो क्या सुनेत्रा और पार्थ हाशिए पर जा सकते हैं, पूर्व में उद्धृत एनसीपी के एक नेता ने कहा, “राजनीति में कुछ भी मुमकिन है.”

हालांकि, अजित के जीवित रहते विलय की संभावना लग रही थी. लेकिन एनसीपी (एससीपी) के कई सूत्रों का कहना है कि अब यह चर्चा ठंडे बस्ते में है. इसके पीछे वे सुनेत्रा और पार्थ के विरोध के साथ-साथ हाल के युवा असंतोष के बाद राजनैतिक माहौल का आकलन करने की एनसीपी (एससीपी) नेतृत्व की इच्छा का हवाला देते हैं.

एनसीपी (एससीपी) के एक पदाधिकारी ने कहा, “संख्या के लिहाज से सत्ता पक्ष में हमें समायोजित करना आसान काम नहीं होगा. सवाल यह है कि यदि हम महायुति के पाले में चले गए तो हमारे दिग्गजों को क्या मिलेगा?”

मुंबई के एक अस्पताल में 5 नवंबर को शरद पवार से मिलते प्रफुल्ल पटेल

पहले विलय की संभावना से इनकार करने वाले तटकरे ने अब नाटकीय यू-टर्न लेते हुए कहा है कि अगर अजित जीवित होते तो दोनों पार्टियां 12 फरवरी तक एक हो चुकी होतीं. हालांकि, राजनैतिक विश्लेषक अभय देशपांडे का कहना है कि एनसीपी (एससीपी) के लिए विलय आसान विकल्प नहीं क्योंकि इस पार्टी में रोहित पवार (पवार के पोते और विधायक) जैसे नेता हैं जिन्हें भाजपा विरोधी माना जाता है.

रोहित ने तो अजित की मौत में भी साजिश का आरोप लगाया है. वे कहते हैं, “एनसीपी (एससीपी) भाजपा की गुड बुक में बनी रहना चाहती है और भविष्य में भाजपा के साथ हाथ मिलाने के भ्रम को जिंदा रखना चाहती है.”

एनसीपी (एससीपी) के एक नेता का कहना है कि मोलभाव करने में माहिर माने जाने वाले नेता शरद पवार अपने पत्ते गुप्त रखेंगे और मजबूत स्थिति में रहते हुए बातचीत करेंगे. नेता का दावा है कि एनसीपी में विलय के बजाए, एनसीपी के नेता शरद पवार गुट में शामिल हो सकते हैं क्योंकि पार्टी सत्ता में होने के बावजूद जमीन खो रही है. वे कहते हैं, “इसके अलावा, सवाल यह भी है कि दिल्ली में भाजपा हमारे लिए क्या करती है.”

शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत इस बात से इनकार करते हैं कि पवार भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता गठबंधन (एनडीए) में शामिल होंगे. वे कहते हैं, “जिन्हें जाना था, वे पहले ही जा चुके हैं.” राज्य कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल जैसे एमवीए नेताओं का मानना है कि इसके विपरीत एनसीपी नेताओं का एक गुट भाजपा में शामिल हो सकता है, जिससे पार्टी के सामने अस्तित्व का संकट उत्पन्न हो सकता है.

विश्लेषक विजय चोरमारे के मुताबिक, शिवसेना और एनसीपी (एससीपी) के अलावा भाजपा एनसीपी से भी नेताओं को तोड़ने की कोशिश कर रही है. वे कहते हैं, “एनसीपी में मजबूत नेतृत्व का अभाव है. आखिरकार, चुनाव किसी मजबूत नेता के नेतृत्व में ही लड़े जाने चाहिए.”

रणनीतिक पेचीदगियां
सूत्रों का कहना है कि अगर शरद पवार भाजपा के साथ जाने का फैसला करते हैं तो पूर्व शर्त के तौर पर महाराष्ट्र में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर सकते हैं. फडणवीस ने कहा है कि चूंकि एनसीपी एनडीए में भाजपा की बड़ी सहयोगी है, इसलिए दोनों दल किसी भी एकीकरण के फैसले से पहले भाजपा से विचार-विमर्श करेंगे.

भाजपा के पुराने नेता और आरएसएस समर्थक भी कभी कट्टर विरोधी रहे शरद पवार को साथ लाने की पार्टी की कोशिशों से हिचकिचा सकते हैं. हालांकि, एमवीए के एक वरिष्ठ नेता का दावा है कि भाजपा का एक धड़ा पार्थ को एक कदम पीछे हटने के लिए राजी करके एनसीपी के भीतर तलवारें खींचने वाले गुटों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर सकता है.

हालांकि, विलय की बात पवार खेमे के एजेंडे में है नहीं. एनसीपी (एससीपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीस गावंडे किसी तरह के विलय की संभावना से साफ इनकार करते हैं. वे कहते हैं, “मुंबई में कुछ हफ्ते पहले ही पवार साहब ने यह बिल्कुल स्पष्ट कर दिया था कि हम कहीं नहीं जा रहे. जो कोई भी हमारे साथ जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है.”

अब, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एनसीपी एक साथ आ पाएगी या नहीं.

Read more!