नकली के फेर में असल का तिया-पांचा

पीलीभीत में फर्जीवाड़े से लेकर आजमगढ़ और गोरखपुर में नामों की गड़बड़ी तक, मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर उठे सवालों के बीच चुनाव आयोग पर नजरें

uttar pradesh
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर लखनऊ में चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाते कांग्रेस नेता

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर उठे सवाल अब केवल राजनैतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहे. पीलीभीत में मतदाताओं के नाम और पहचान संबंधी विवरणों में बड़े पैमाने पर हेरफेर की प्रशासनिक जांच में पुष्टि होने के बाद निर्वाचन व्यवस्था की कार्यप्रणाली कठघरे में है.

यहां एक ही विधानसभा क्षेत्र में 13,779 फॉर्मों की प्रविष्टियों का रिकॉर्ड गायब मिला. जांच में 10,470 फॉर्म स्वीकृत और 3,309 अस्वीकृत किए जाने का ब्योरा तो सामने आया लेकिन इनके समर्थन में जरूरी ऑनलाइन या ऑफलाइन दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे.

पीलीभीत में तैनात रहे दो तत्कालीन उप जिलाध‍िकारी (एसडीएम) मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी तथा वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर (वीआरसी) के पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज हुई. दोनों एसडीएम निलंबित किए जा चुके हैं. उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है.

मामले की गंभीरता देखिएः मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया में ही गड़बड़ी नहीं मिली, कुछ मतदाताओं के मूल नाम और पहचान संबंधी विवरण तक बदलने के आरोप सामने आए. पीलीभीत में अमरिया तहसील के बूथ संख्या 83 समेत कुछ शहरी क्षेत्रों में एक ही वोटर आइडी नंबर पर अलग-अलग नाम दर्ज होने की शिकायतें मिलीं.

शानू का नाम अयान, तौफीक का तुषार और राजू का नाम रहीम किए जाने जैसी मिसालें मिलीं. कुछ महिला मतदाताओं के नाम भी बदले जाने की शिकायत थी. कांग्रेस और सपा ने इसे मतदाता पहचान के साथ गंभीर छेड़छाड़ बताते हुए अधिकारियों के साथ सत्तापक्ष के नेताओं पर भी आरोप लगाए. पीलीभीत सदर से विधायक और योगी सरकार में मंत्री संजय गंगवार ने आरोपों को विरोधियों की साजिश बताने में देर न की.

पीलीभीत का मामला सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी जिलों की मतदाता सूचियों की दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं. जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को नए नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए इस्तेमाल किए गए फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच करने को कहा गया है.

आयोग की चिंता अब एक जिले में हुई गड़बड़ी तक सीमित नहीं. सवाल यह है कि जब मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में कई स्तरों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय है, ऐसे में बिना जरूरी दस्तावेजों के हजारों प्रविष्टियां कैसे कर ली गईं और उनकी निगरानी करने वाला तंत्र समय रहते इसे क्यों नहीं पकड़ सका?

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने पीलीभीत प्रकरण को सामान्य तकनीकी गलती मानने से इनकार किया. उनका कहना था कि ‘‘यह न तो त्रुटि का मामला है, न ही लापरवाही का, बल्कि जानबूझकर किया गया अपराध है.’’

उनके मुताबिक, कंप्यूटर ऑपरेटर ने मतदाताओं से आवेदन प्राप्त किए बिना फॉर्म-8 की प्रविष्टियां कीं और संबंधित ईआरओ ने उन्हें स्वीकृति दे दी. सामान्य प्रक्रिया में ऑपरेटर अपने लॉगनइन से आवेदन दर्ज करता है, जबकि ईआरओ अलग लॉगइन और ओटीपी के जरिए उसे मंजूर/नामंजूर करता है.

मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर आवाज उठाते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

यानी व्यवस्था में दो स्तरों पर जांच और जवाबदेही तय है. पीलीभीत में दोनों स्तरों पर गड़बड़ी सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. रिणवा ने इस मामले में हैकिंग या सिस्टम की किसी गड़बड़ी से इन्कार किया. 

निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को अपने इलाके की मतदाता सूचियों की दोबारा जांच करने को कहा है. इसमें खास कर फॉर्म-6 से नाम जोड़ने, फॉर्म-7 से नाम हटाने और फॉर्म-8 से विवरण में संशोधन की प्रविष्टियों की जांच शामिल है.

पीलीभीत की घटना के बाद एक और अहम कदम उठाया गयाः 31 अक्तूबर को प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर तैनात कंप्यूटर सहायकों के “ईसीआइनेट” पोर्टल लॉगइन निष्क्रिय करने के निर्देश दिए गए. हर विधानसभा क्षेत्र में दो कंप्यूटर सहायक तैनात थे.

अब मतदाताओं के विवरण में बदलाव का जिम्मा ईआरओ के समन्वय से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपा गया है. कंप्यूटर सहायक बस लिपिकीय काम करेंगे. आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को लॉगइन निष्क्रिय होने की पुष्टि कर रिपोर्ट देने को भी कहा.

यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मतदाता सूची में संशोधन की डिजिटल प्रक्रिया में कंप्यूटर ऑपरेटरों की भूमिका और उनके अधिकारों पर अब नए सिरे से नियंत्रण लगाया गया है.

पीलीभीत अकेला जिला नहीं जहां मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में पल्हनी ब्लॉक के परानापुर गांव निवासी विकास यादव का नाम मतदाता सूची में दस जगह दर्ज होने का मामला उठाया था. जिला निर्वाचन कार्यालय की जांच में आजमगढ़ की मतदाता सूची में विकास यादव नाम की 13 प्रविष्टियां मिलीं.

हालांकि, जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया कि इनमें से 11 प्रविष्टियां 11 अलग-अलग व्यक्तियों की थीं, जो अपने-अपने गांवों में रह रहे थे. दो नाम पहले ही नियमानुसार हटाए जा चुके थे. शेष दस लोगों के नाम और दूसरे ब्योरे दुरुस्त कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाए गए.

एक ही नाम की कई प्रविष्टियां होने का यह मतलब नहीं था कि एक व्यक्ति के नाम पर कई वोट दर्ज थे. लेकिन इस मामले में पर्यवेक्षण और सत्यापन में लापरवाही सामने आने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने तत्कालीन ईआरओ और दो एईआरओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए.

पांच बीएलओ और एक कंप्यूटर सहायक को हटाने की कार्रवाई भी शुरू की गई. रिणवा ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने में लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा.

गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में भी एक ही युवक का नाम छह जगह दर्ज होने का मामला सामने आया. फुलवरिया गांव के अनुराग ने 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद फरवरी 2026 में जनसेवा केंद्र से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाया था.

जांच में पता चला कि ओटीपी न आने के चलते एक ही आवेदन छह बार दर्ज हो गया और बिना पर्याप्त जांच के सभी प्रविष्टियां मतदाता सूची में दर्ज कर दी गईं. प्रशासन ने जांच में गड़बड़ी मानी और पांच जगहों से नाम हटाकर सूची दुरुस्त कर दी. इस मामले में तत्कालीन एआरओ और बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई.

यह प्रकरण पीलीभीत से अलग प्रकृति का है. यहां एक ही व्यक्ति के नाम की पुनरावृत्ति आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन में चूक के कारण हुई, जबकि पीलीभीत में तो बिना मूल आवेदन और दस्तावेजों के हजारों संशोधन दर्ज किए जाने का मामला था. दोनों घटनाएं बताती हैं कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के साथ दस्तावेजों और प्रविष्टियों का मानवीय सत्यापन भी जरूरी है.

इन मामलों की पृष्ठभूमि में एसआइआर के बाद मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम कटने का विवाद भी है. 166 दिन चले विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रदेश में 2.04 करोड़ मतदाता कम हो गए. अभियान से पहले 15.44 करोड़ मतदाता थे, जबकि अंतिम सूची में 13.40 करोड़ नाम रह गए.

बड़ी संख्या में नाम कटने के बाद विपक्ष ने पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उसके नतीजों पर सवाल उठाए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मतदाता सूची को लेकर चिंता जताई है. 30 अक्तूबर को लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं.

उनके मुताबिक, प्रदेश की आबादी के अनुपात में 16 करोड़ से ज्यादा मतदाता होने चाहिए, जबकि सूची में करीब 13.39 करोड़ नाम हैं. उन्होंने 66 लाख ऐसे लोगों का जिक्र किया जिनके नाम पंचायत मतदाता सूची में हैं पर विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं.

मतदाता सूची की शुद्धता का सवाल अब राजनैतिक दलों के संगठनात्मक अभियान का हिस्सा बन गया है. सपा ने अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मतदाताओं के नामों की निगरानी के लिए बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) को ‘पीडीए प्रहरी’ की जिम्मेदारी सौंपी है.

पार्टी ने हेल्पलाइन और वेबसाइट के माध्यम से भी शिकायतें जुटाने की व्यवस्था की है. कांग्रेस ने ‘न्याय योद्धा’ अभियान शुरू किया है. लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में वार रूम बनाकर बीएलए के व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार किए गए हैं. कार्यकर्ताओं को पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और गलत तरीके से नाम काटे जाने पर आपत्ति दर्ज कराने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

भाजपा ने भी प्रदेश के सभी 1.62 लाख मतदान केंद्रों पर बीएलए तैनात किए हैं. विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर पर वार रूम बनाए गए हैं. बूथ प्रवासियों के जरिए निगरानी और पांच बूथों पर एक शक्ति केंद्र बनाकर बीएलए के काम की समीक्षा की व्यवस्था की गई है.

मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों को भी पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी दी है. बसपा ने हर बूथ पर छह कार्यकर्ताओं की टीम बनाई है, जबकि आजाद समाज पार्टी ने ‘वोट रक्षक’ अभियान के तहत करीब चार लाख स्वयंसेवक तैनात करने का दावा किया है.

निर्वाचन आयोग के सामने अब आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) में मतदाता सूची की विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती है. आयोग ने 1 जनवरी, 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए कार्यक्रम घोषित किया है. इसके तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी. उसके बाद 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे तथा आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी.

इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और 4 जनवरी, 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. इस तरह विधानसभा चुनाव से पहले तैयार होने वाली मतदाता सूची की विश्वसनीयता इसी बात से तय होगी कि उसमें पात्र मतदाता का नाम सुरक्षित रहे और गलत प्रविष्टियों को पारदर्शी तरीके से दुरुस्त किया जाए.

Read more!