आवाजाही की बढ़ती लागत

यात्रा खर्च से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ रहा. दूसरी ओर खराब कनेक्टिविटी और सफर में लगने वाले लंबे समय जैसे पहलू नौकरी-रोजगार और नए अवसरों तक लोगों की पहुंच सीमित कर रहे

how india moves/ travel expenditure
how india moves/ travel expenditure

भारतीय परिवारों के मासिक बजट में भोजन के बाद रोजाना का सफर सबसे बड़े खर्चों में शामिल होता जा रहा है. राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण 2025-26 इस बोझ का अंदाजा देता है. तय जगह पर काम करने जाने वाला कामगार हर महीने औसतन 785 रुपए खर्च करता है.

यह खर्च शहरों में 1,044 रुपए और गांवों में 612 रुपए है, यानी शहरों में करीब 71 फीसद ज्यादा. शहरी छात्र भी कक्षा तक पहुंचने के लिए महीने में 617 रुपए खर्च करते हैं, जबकि ग्रामीण भारत में यह खर्च 361 रुपए है. महिला कामगारों का मासिक खर्च पुरुषों के 835 रुपए के मुकाबले 533 रुपए है. यह अंतर सस्ते सफर के बजाए महिलाओं की छोटी यात्राओं का नतीजा हो सकता है.

अहमदाबाद की एसईपीटी यूनिवर्सिटी के सीनियर मोबिलिटी एक्सपर्ट शिवानंद स्वामी कहते हैं कि मानकों के मुताबिक, महीने में 48 से 50 यात्राएं करने वाले व्यक्ति को अपने बजट का 10 से 12 फीसद से ज्यादा सफर पर खर्च नहीं करना चाहिए. अधिकतम सीमा 15 फीसद होनी चाहिए.

उनका कहना है कि देश में प्रति व्यक्ति आमदनी के मद्देनजर बड़ी संख्या में परिवार इस सीमा से आगे जा चुके हैं. ताजा इंडिया ह्यूमन डेवलपमेंट सर्वे के मुताबिक, शहरों में प्रति व्यक्ति मासिक आमदनी करीब 15,000 रुपए आंकी गई है. इस हिसाब से रोज के सफर पर होने वाला खर्च आमदनी का करीब सात फीसद बैठता है.

मगर स्वामी जैसे विशेषज्ञों का कहना है कि 1,044 रुपए का आंकड़ा पूरा खर्च नहीं दिखाता, क्योंकि उसमें टैक्स, वाहन की कीमत, रखरखाव और डेप्रीसिएशन शामिल नहीं हैं. इसके अलावा, वे कहते हैं कि भारतीय सर्वेक्षणों में आमदनी बताने से जुड़ा पूर्वाग्रह एक बुनियादी खामी है.

शहरी विकास नीति और उसके अमल के वरिष्ठ विशेषज्ञ जगन शाह कहते हैं, “लागत और दूरी तय करती हैं कि कोई परिवार किन नौकरियों तक पहुंच सकता है. बेहतर पहुंच लोगों के अवसर कई गुना बढ़ा देती है.”

वक्त की कीमत
करीब 83 फीसद कर्मचारी 30 मिनट के भीतर अपने कार्यस्थल पहुंच जाते हैं. शहरों में यह आंकड़ा 79 फीसद है. यात्रा का औसत समय 25 मिनट है. स्वामी पूछते हैं, “कम से कम 20 फीसद लोग 30 मिनट से ज्यादा सफर करते हैं. हमारे पास दिन में केवल 24 घंटे हैं. इनमें से कितना समय हम आने-जाने में खर्च करना चाहते हैं?”

चेन्नै के जिस अध्ययन का वे हवाला देते हैं, उसमें रोजाना 60 से 70 मिनट की यात्रा को सहने योग्य सीमा माना गया है. स्वामी के मुताबिक, इससे ज्यादा समय लगने पर वैवाहिक जीवन, बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर दबाव पड़ता है. वे कहते हैं, “बेंगलूरू, मुंबई और दिल्ली में हम पहले ही जरूरत से ज्यादा समय सफर में बिता रहे हैं.”

मुफ्त सफर से आगे
एक्सपर्ट स्वामी का तर्क है कि सार्वजनिक परिवहन के लिए पर्याप्त फंडिंग जरूरी है. व्यापक सब्सिडी या मुफ्त यात्रा अपने-आप में संपूर्ण समाधान नहीं. इनसे सरकारें आखिरी छोर तक जुड़ाव वाले भरोसेमंद, सुरक्षित और समग्र सार्वजनिक परिवहन के विकास की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो जातीं.

साथ ही, ऐसी परिवहन व्यवस्था चाहिए जिसमें पैदल यात्रियों को प्राथमिकता मिले. वे कहते हैं, “मुफ्त परिवहन का अपना सामाजिक योगदान है, लेकिन इसका परिवहन की समग्र वित्तीय स्थिरता पर बुरा असर भी पड़ता है, क्योंकि संसाधन असीमित नहीं हैं.”

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर काम करने वाले उदै‌ित फाउंडेशन में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट और स्ट्रैटजी ऐंड रिसर्च लीड कार्तिक एम.पी. बताते हैं कि 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजनाएं शुरू की हैं.

वे कहते हैं, “मुफ्त यात्रा योजनाओं का महिलाओं की बचत और पारिवारिक आय पर बड़ा असर पड़ता है, लेकिन महिला कार्यबल भागीदारी पर इनका कोई स्पष्ट प्रभाव नहीं दिखता.”

स्वामी कहते हैं, “आर्थिक गतिविधियों के लिए परिवहन का किफायती और सुलभ होना बेहद जरूरी है. इससे लोगों को बेहतर नौकरियां मिलती हैं और उद्यमियों को ज्यादा कुशल कर्मचारी. बेहतर आवाजाही यह सब संभव बनाती है.”  

Read more!