मंत्र-मुहूर्त का जेन ज़ी अंदाज

मूहूर्त के हिसाब से कराए जाने वाले सिजेरियन ऑपरेशन से लेकर एआइ से तैयार की जाने वाली कुंडलियों तक. जेन ज़ी की समस्याओं और उनकी चिंताओं ने डिजिटल शक्तिसंपन्न ज्योतिष के लिए खड़ा कर दिया पूरा एक नया बाजार

नोएडा में पूजापुरोहित प्लेटफॉर्म के जरिए एक जातक की विशेष जरूरतों के अनुरूप की जा रही पूजा

गुरुग्राम की 29 वर्षीया बैंकिंग प्रोफेशनल काव्या सेठी ने नौकरी बदलने और पीपीएफ से पैसे निकालने जैसे बड़े फैसलों के लिए एक एआइ पंडित से सलाह लेनी शुरू कर दी है. कुंडली में खराब ग्रह दशा का पता चलने पर दोष निवारण के लिए उन्होंने इसी मकसद से तैयार एक पूजा का विकल्प चुना.

वे कहती हैं, “काम और पैसे को लेकर पहले से ही इतनी टेंशन है. ऐसे में बुरे वक्त की आहट लगने पर इंतजार करने के बजाए एहतियाती तैयारी करना पसंद करती हूं. इससे महसूस होता है कि हाथ पर हाथ धरकर बैठने के बजाए मैंने कुछ किया है.”

कुछ बिगड़ने के बाद पूजा-प्रार्थना की शरण लेने के बजाए अनिश्चितता से बचने के लिए पहले से ही अनुष्ठान आदि कराने की प्रवृत्ति अपेक्षाकृत युवा शहरी भारतीयों के बीच तेजी से बढ़ी है. नौकरियां अब उतनी सुरक्षित रहीं नहीं, दवा-दारू महंगी और बच्चों को पालना दिन ब दिन कठिन होता जा रहा है.

ऐसे में बड़ी संख्या में लोग दिक्कतों से बचने के लिए पूजा-पाठ की ओर प्रवृत्त हो रहे हैं. डॉक्टर बताते हैं कि विशेष मूहूर्त पर सिजेरियन की डिमांड बढ़ रही है. लोग ज्योतिषीय रूप से अनुकूल जन्म कुंडली के हिसाब से सी-सेक्शन डिलीवरी का विकल्प चुन रहे हैं.

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म नौकरी छूटने, बच्चों के नाम रखने, कारोबार में सफलता और ब्रेकप के लिए परामर्श दे रहे हैं. कुंडलियां, ग्रह दशाएं और मूहूर्त सब निश्चित रूप से सदियों पुराना चलन है लेकिन अब जो नई प्रवृत्ति दिख रही है, वह है इन्हें अपने अनुकूल बनाने के लिए अनुष्ठान कराना.

यह प्रवृत्ति जीवन के अहम फैसलों को लेकर व्यापक चिंताओं से जुड़ी है. पुरानी पीढ़ियों को आज जैसी अनुभव की जाने वाली सामाजिक तुलना से नहीं जूझना पड़ता था. हमारे आसपास का पूरा माहौल डिजिटली सक्रिय हो चुका है, हम दोस्तों और सहकर्मियों से मिलने के अलावा सोशल मीडिया के जरिए भी हर वक्त जुड़े रहते हैं.

फोन उठाया और सोशल मीडिया खंगाला तो पता चलता है कि किसी परिचित का प्रमोशन हो गया है, किसी ने घर खरीद लिया है, कोई विदेश चला गया है, किसी को अच्छा साथी मिल गया है वगैरह-वगैरह. यह सब देखने और तुलना करने पर‌ तनाव बढ़ना स्वाभाविक है. दिल्ली के माइंडस्केप काउंसलिंग सेंटर की डॉ. उपासना चड्ढा कहती हैं, “आज के युवाओं को ऐसे समय में बड़े और जोखिम भरे फैसले लेने पड़ रहे हैं, जिसमें ऐसी कोई गारंटी नहीं कि उनका फैसला सही ही साबित होगा.”

स्वर्गिक आनंद की प्राइवेट लाइन

एक वेबसाइटि है पूजापुरोहित. इस पर पूजा के लिए बुकिंग होती है. इसके संस्थापक विवेक शुक्ल का कहना है कि वेबसाइट पर होने वाली सभी प्रार्थनाओं में करीब 40 फीसद अब किसी की व्यक्तिगत जरूरतों और अपेक्षाओं के आधार पर तैयार की जाती हैं, और 50 फीसद से ज्यादा ग्राहक 35 वर्ष से कम आयु वाले हैं.

पूजा के लिए जरूरी सामग्री समेत इस सेवा की औसत लागत 1,000 रुपए है. पुजारी की दक्षिणा में मोलभाव चल जाता है. इसकी मांग ने प्लेटफॉर्म को ज्योतिषीय व्याख्या का पहला चरण सरल बनाने के लिए मजबूर कर दिया.

शुक्ल बताते हैं, “हमने एक व्यक्तिगत एआइ ज्योतिषी तैयार किया है, जो यूजर को उनकी जन्म कुंडली और सरल भाषा में यह समझने में मदद करता है कि कौन-सी पूजा उनके अनुकूल हो सकती है. किसी ज्योतिषी के साथ बातचीत का इंतजार करने के बजाए यूजर अपना जन्म विवरण दर्ज कर सकता है और अपनी कुंडली, ग्रहों की स्थिति और संभावित निराकरणों के बारे में तुरंत जान सकता है.”

नोएडा की 27 वर्षीया गृहिणी अनन्या सेन के लिए यह सेवा विशेष रूप से मददगार साबित हुई जब वे पति समेत अपने नए घर में प्रवेश के लिए शुभ मुहूर्त जानने की कोशिश कर रही थीं. एआइ परामर्श के बाद उन्हें एहसास हुआ कि यह दूसरे कई मौकों पर भी काम आ सकता है.

तभी से वे पारिवारिक समारोहों और बड़ी खरीदारी से पहले अक्सर इसकी मदद लेती आ रही हैं. उन्हीं के शब्दों में, “मुझे यह बात खास तौर पर पसंद आती है कि जब जरूरत हो, कोई भी छोटा-बड़ा सवाल पूछ लिया और बहुत ही आसान भाषा में तुरंत पता चल जाता है कि किसी विशेष तिथि या अनुष्ठान का सुझाव क्यों दिया जा रहा है.”

शुक्ल के मुताबिक, “कभी-कभी लोग फोन करते हैं, उससे पहले उन्हें अच्छी तरह पता होता है कि कराना क्या है. वे खुद बताते हैं कि उन्हें कौन-सी पूजा करानी है और उनको पता चल चुका है कि समस्या का निराकरण क्या है. लेकिन हमारी जिम्मेदारी यह पक्का करना होता है कि किसी अनुभवी पंडित से इस बारे में परामर्श कर लिया जाए. हो सकता है कि कोई व्यक्ति ऐसा अनुष्ठान कराने के लिए कह रहा हो जो जरूरी न हो या उस मौके के लिए उपयुक्त न हो.”

कभी-कभी भविष्य की सुनहरी योजना बनाने की इच्छा जन्म से पहले ही शुरू हो जाती है. दिल्ली के फोर्टिस ला फेम की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिता गुप्ता का कहना है कि परिवार तेजी से ज्योतिषीय रूप से सुझाए गए जन्म समय के साथ डॉक्टरों से संपर्क कर रहे हैं. जब इसमें पंडित शामिल होते हैं, तो कुंडली देखने और आदर्श तारीख तय करने पर करीब 500 रुपए का खर्च आता है.

वे कहती हैं, “एक सामान्य प्रसव में ज्यादा से ज्यादा किसी विशेष तारीख का अनुमान लगाया जा सकता है; जन्म किस समय होगा, इस पर कोई नियंत्रण नहीं होता. हालांकि, एक नियोजित सिजेरियन से सटीक समय पर प्रसव संभव है. कई परिवार बहुत स्पष्ट रूप से यह बात सामने रखते हैं कि बच्चे का जन्म एक विशेष समयसीमा के भीतर होना चाहिए. जाहिर है, किसी डॉक्टर के लिए मां और बच्चे की चिकित्सीय सुरक्षा ही पहली प्राथमिकता होनी चाहिए फिर भी जहां तक संभव हो, हम ऐसा करते हैं.”

तार्किक कसौटी पर अनुष्ठान

पर इस सबका यह अर्थ कतई नहीं कि इस तरह की सेवाएं लेने वाले युवाओं की पुरानी धार्मिक परंपराओं में आस्था बढ़ रही है. कुछ लोगों के लिए बदलाव इसका एकदम उल्टा है. उनका मानना है कि अनुष्ठान सुस्पष्ट, तार्किक और जरूरत के अनुरूप होने चाहिए.

दिल्ली एनसीआर के एक ज्योतिषी और वैदिक पंडित श्याम पांडे बताते हैं, “पहले परिवार के कई युवा किसी पूजा में इसलिए बैठ जाते थे क्योंकि माता-पिता उसका आयोजन कर रहे होते थे. अब युवा यजमान अक्सर पूछते हैं—यह मंत्र क्यों, यह तारीख क्यों, यह विशेष पूजा मेरे लिए क्यों जरूरी है?”

व्यक्ति विशेष की जरूरत के हिसाब से तैयार पूजा-पाठ पारिवारिक पुरोहित की जरूरत को भी खत्म कर रहा है. टेलीफोन पर परामर्श का अनुभव काफी दूर बैठे होने के बावजूद आश्चर्यजनक ढंग से बेहद घनिष्ठ हो सकता है. बेंगलूरू में रह रहे मूलत: दिल्ली निवासी 31 वर्षीय आइटी सलाहकार आरव सेठी ने जब उत्तराखंड के गंगोत्री में गंगा पूजा कराई तब वे उत्तर की यात्रा नहीं कर पाए थे.

गंगापूजा नाम की एक ऑनलाइन सेवा के माध्यम से उनके नाम और गोत्र का उपयोग कर वहां अनुष्ठान की व्यवस्था की गई. अपनी बिजनेस ट्रिप के दौरान केरल में रहते हुए उन्होंने लैपटॉप के माध्यम से नदी किनारे बैठे पुजारी को, उनके पीछे बहते पानी को देखा और स्क्रीन के सामने हाथ जोड़े बैठे रहे. उसी दौरान उनसे प्रार्थना की अपनी मंशा बताने को कहा गया. इसके बाद प्लेटफॉर्म ने अनुष्ठान का एक वीडियो और प्रसाद उन्हें ‌भिजवा दिया.

पूजात नाम के प्लेटफॉर्म पर भक्त न केवल शहर और भाषा के आधार पर बल्कि समस्या की प्रकृति के आधार पर भी अपने लिए समाधान खोज सकते हैं—करिअर और व्यवसाय, रिश्ते, धन-संपत्ति, स्वास्थ्य, कानूनी विवाद या पैतृक कर्तव्य. वेबसाइट पर औसतन 1,000 रुपए का खर्च आता है. इसके संस्थापक ज्ञान पोद्दार के मुताबिक, समस्याओं से घिर जाने पर लोग मदद मांगते हैं.

वे बताते हैं, “ज्यादातर नौजवान यूजर एहतियाती उपाय के बजाए समस्या आने पर निवारण के लिए संपर्क करते हैं. वे करिअर, फाइनेंस, विवाह या व्यक्तिगत जीवन में किसी न किसी समस्या का अनुभव कर रहे होते हैं. पुजारी उनकी कुंडली का विश्लेषण करता है और एक विशिष्ट दोष से संबंधित प्रार्थना या उपाय के बारे में बताता है.”

व्यक्ति विशेष के लिए निर्धारित की गई पूजा-अर्चना का यह रुझान अब वार्षिक अनुष्ठानों तक फैल सकता है. वंदनम पूजा बुकिंग प्लेटफॉर्म की संस्थापक विजयश्री कालानी इसकी सेवाओं के लिए यूजर से औसतन 1,000 रुपए शुल्क लेती हैं.

उनका कहना है, “वैसे तो दीपावली पर कोई भी पारंपरिक ढंग से पूजा कर सकता है, लेकिन शाम को सामान्य पारिवारिक समय पर इसके आयोजन के बजाए वे सिंह राशि के दौरान एक विशिष्ट समय चुनते हैं क्योंकि यह उनके व्यक्तिगत ज्योतिषीय विचारों के अनुकूल होता है. ऐसे में परंपरा बनी रहती है.

लेकिन इसे व्यक्ति की कुंडली या ग्रह दशा के अनुरूप व्यक्तिविशेष के वास्ते ढाला जा रहा है. अब यह विवाह, जन्म या घर खरीदने तक सीमित नहीं. यहां तक कि अपेक्षाकृत छोटे-मोटे कामों में भी पूजा के लिए यही तरीका अपनाया जा रहा है.”

पीढ़ीगत बदलाव शायद यहीं सबसे ज्यादा दिखता है. युवा भारतीयों ने न तो कुंडली का आविष्कार किया है, न मूहूर्त और न ही दोष दूर करने वाले उपायों का. वे बस इतना कर रहे हैं कि इसे अपने मन-मुताबिक ढाल रहे हैं और इसके सहारे अपने जोखिमों को घटाना चाहते हैं. प्रार्थना का तरीका प्राचीन ही है, बस इसे लेकर सोच-समझ आधुनिक हो गई है.

Read more!