नवाचार की भावना को नई उड़ान
एसपीजेआइएमआर का मुख्य ध्यान नवाचार को जिम्मेदारी के साथ जोड़ने और इस सोच को आज के नवाचार वाले माहौल के हिसाब से ढालने पर है

नं.1 एस.पी. जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ऐंड रिसर्च, मुंबई
देश के बेस्ट बी-स्कूल
एस.पी. जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ऐंड रिसर्च (एसपीजेआइएमआर), मुंबई के डीन अरुण नागराज अपने संस्थान के शैक्षणिक माहौल में दो बातों को अहम मानते हैं. एक वह सिद्धांत है जिसने 45 वर्षों से इसकी अहमियत को बनाए रखा है, यानी व्यवसाय के सेवक की तरह ही समाज की भी सेवा करना.
नागराज कहते हैं, “बिजनेस में अच्छा मैनेजर बनने के लिए आप में सामाजिक जिम्मेदारी की वही मजबूत भावना होनी चाहिए, जिसे आप व्यवसाय में भी लागू करें.” हालिया वर्षों में उन्होंने यह बड़ा बदलाव देखा है कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन उस जिम्मेदारी को नए सिरे से गढ़ रहे हैं.
वे कहते हैं, “हम जिम्मेदारी और नवाचार को एकमेक होते देख रहे हैं. बहुत ही कम स्कूल होंगे जो 40 वर्षों की अपनी यह गाथा बता सकते हों कि कोई बुनियादी सिद्धांत आज भी क्यों प्रासंगिक है, और कैसे इसे नवाचार वाले आज के माहौल में ढाला गया है. यही वजह है कि एसपीजेआइएमआर अपनी बुनियादी पहचान और मूल्यों से जुड़ा रहा है.”
दूसरा वह है जिसे वे “गहन अनुभव” कहते हैं जिसे संस्थान हर साल अपने करीब 350 छात्रों को देता है. इस वर्ष, संस्थान ने उद्योग-अनुभव का दायरा बढ़ाया है. वे बताते हैं, ‘‘आइडिया यह है कि एक छात्र को विभिन्न परिदृश्यों में रखा जाए, उन्हें बाहर जाने दिया जाए, लोगों से बात करने दी जाए और वे काम करें उन्हें जितना संभव हो, उतना ज्यादा अनुभव मिले.”
ये अनुभव छात्रों को ग्रामीण चुनौतियों, निम्न आय समूहों और शहरी गरीबी जैसे मुद्दों से रू-ब-रू कराते हैं और इनसे उन्हें प्रमुख मुद्दों पर अपना नजरिया बनाने में मदद मिलेगी.
स्टार्टअप के कामकाज को समझना भी इसका एक हिस्सा है. वाइज टेक इंडिया पिचाथन 2026 में 22 शहरों के 1,500 स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया. यह पिचाथन संस्थान का बनाया एक प्रमुख स्टार्टअप डिस्कवरी नेटवर्क है जो स्टार्टअप्स को मान्यता दिलाने के साथ एक्सेलेरेटर प्रोग्राम तक पहुंचने में मदद करता है. छात्रों को इन स्टार्टअप्स, खासकर 500 सेमी-फाइनलिस्ट्स को समझने का मौका मिला.
उन्हें यह समझने में मदद मिली कि ये स्टार्टअप कैसे काम करते हैं. अच्छी बात यह कि इसमें मझोले और छोटे शहरों से अधिक कंपनियां आईं. मगर नागराज की चिंता यह थी कि इनमें डीप टेक कंपनियां नहीं थीं, जो नए और बुनियादी आविष्कारों की धुरी हैं और जिन्हें अलग तरह की जोखिम पूंजी की तलाश रहती है.
संस्थान के कई प्रमुख कार्यक्रम हैं. इनमें एक पारिवारिक व्यवसायों से जुड़ा कार्यक्रम है. इसमें छात्रों में मेकर माइंडसेट यानी नया बनाने का सोच विकसित किया जाता है; इसके तहत छात्रों को खुद से कुछ नया बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है. इंटरनेशनल एक्सचेंज प्रोग्राम का भी विस्तार किया गया है और अब इसमें 150 छात्र शामिल हैं जबकि नागराज के कार्यभार संभालते वक्त यह संख्या करीब 20 थी.
डीन मानते हैं कि ज्यादातर क्षेत्रों में एआइ का इस्तेमाल बढ़ रहा है, ऐसे में पढ़ाना एक चुनौती है. मगर, अपनी अनुभवी फैकल्टी की वजह से यह इंस्टीट्यूट सबसे जुदा है. नागराज कहते हैं, “ज्ञान सिर्फ तथ्य जानने के बारे में नहीं है, यह इस बारे में है कि आप इसे कैसे अपनाते हैं, वांछित नतीजा पाने के लिए इसे कैसे शामिल करते हैं. मायने यही रखता है. एआइ का हर तरह से यूज करें, मगर ज्ञान का सृजन, स्किल हासिल करना, और सही नजरिया बनाना—यही आज के शिक्षक का काम है.”
नागराज एक और बात पर जोर देते हैं, “हमें क्लासरूम में चुनौतियों को फिर लाना होगा, ताकि आप एआइ के बावजूद सीख सकें, न कि उसकी वजह से.” यानी लक्ष्य के लिए छात्रों से ज्यादा प्रयास करवाए जाएं और उन्हें सच्चे अनुभवों से रोमांच मिले. वे टीचिंग सेशन में इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स को शामिल करने के साथ नए शिक्षकों को व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव देने पर भी जोर देते हैं.