छिपे हुए खतरे
एसबीआइ के 3,800 से ज्यादा ग्राहकों के अकाउंट और दूसरे डीटेल डार्क वेब पर लीक होना इस बात की एक गंभीर चेतावनी है कि व्यक्तिगत डेटा की चोरी और जालसाजों के हाथों पड़कर दुरुपयोग होने का खतरा कितना ज्यादा

इलस्ट्रेशन : नीलांजन दास
डार्क वेब पर एसबीआइ के 3,800 से ज्यादा ग्राहकों का डेटा लीक होना इस कड़वी हकीकत की याद दिलाता है कि निजी जानकारियां चोरों और जालसाजों के हाथों दुरुपयोग के लिए कितनी असुरक्षित हैं.
कल्पना कीजिए कि आपने अपने बैंक को जो भी गोपनीय जानकारी दी थी, वह इंटरनेट पर खुली पड़ी है और जालसाज उसका इस्तेमाल आपको झांसा देकर आपकी मेहनत की कमाई लूटने के लिए कर सकते हैं.
यह बेहद डरावना है क्योंकि जिस संस्था पर आप अपना पैसा सुरक्षित रखने का भरोसा करते हैं और अगर आप चौकन्ने न रहें तो उसी की चूक आपकी मुसीबत बन सकती है. मगर हाल के वर्षों में एक से ज्यादा भारतीय बैंकों में ऐसा हो चुका है.
डेटा लीक के इस शर्मनाक सिलसिले का ताजा शिकार देश का सबसे बड़ा वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक हुआ (एसबीआइ) है, जिसके करीब 53 करोड़ ग्राहक हैं. बैंक ने 21 अक्तूबर को बताया कि रक्षा साइबर एजेंसी, साइबर खतरों की जानकारी देने वाली उसकी संस्था और इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (सीईआरटी-इन या सर्ट-इन) ने 18 अक्तूबर को ग्राहकों का डेटा लीक होने की आशंका के बारे में उसे सचेत किया था.
डार्क वेब पर उपलब्ध करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में बैंक ने 3,897 ग्राहकों के ऐसे रिकॉर्ड पहचाने जिनमें “व्यक्ति की पहचान बताने वाली जानकारी” थी. डार्क वेब इंटरनेट का छोटा और छिपा हिस्सा है, जिसे गूगल जैसे सामान्य सर्च इंजन सूचीबद्ध नहीं करते और जहां पहुंचने के लिए खास सॉफ्टवेयर चाहिए.
लीक जानकारी में नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल और घर का पता, ग्राहक पहचान से जुड़ा ब्यौरा तथा लोन रिकॉर्ड से जुड़े मेटाडेटा समेत दूसरी जानकारियां थीं. मामला केवल इन 3,897 रिकॉर्ड तक सीमित नहीं भी हो सकता है, क्योंकि बैंक अभी लीक के स्रोत और उसके दायरे, दोनों की जांच कर रहा है.
एसबीआइ ने अपने बयान में कहा, “हम बताना चाहते हैं कि इसका बैंक के मुख्य बैंकिंग कारोबार, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. बैंक के प्रमुख कारोबार बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से जारी हैं.”
सेंध का लंबा सिलसिला
यह घटना भारतीय बैंकों और उन्हें तकनीकी सेवाएं देने वाली कंपनियों से जुड़े साइबर सुरक्षा उल्लंघनों की बढ़ती कड़ी में ताजा मामला है. कुछ घटनाओं में निजी जानकारी उजागर हुई तो कुछ में फर्जी निकासी संभव हुई या भुगतान सेवाएं बाधित हुईं.
बैंक ऑफ बड़ौदा ने 27 जुलाई को कारोबारी ईमेल से समझौते से जुड़ी एक साइबर सुरक्षा घटना की जानकारी दी थी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, डार्क वेब की एक साइट पर उपलब्ध मेटाडेटा के विश्लेषण से पता चला कि वहां 700 जीबी से ज्यादा जानकारी वाले डेटासेट का विज्ञापन किया गया था. बैंक ने फॉरेंसिक जांच शुरू की और कहा कि इस घटना से उसके कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की रफ्तार पर कोई बड़ा असर पड़ने का अंदेशा नहीं है.
इसी तरह जनवरी 2025 में बाशे रैनसमवेयर और साइबर एक्सटॉर्शन गिरोह ने दावा किया कि उसने आइसीआइसीआइ बैंक की सुरक्षा में सेंध लगाई है. उसने फिरौती न मिलने पर डेटा सार्वजनिक करने की धमकी दी. बैंक ने कथित सेंध की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की. उसी साल अप्रैल में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) ने साइबर सुरक्षा ढांचे के दिशानिर्देशों का पालन न करने पर बैंक पर 97.80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया.
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नवंबर 2021 में साइबर सुरक्षा कंपनी साइबरएक्स9 ने आरोप लगाया था कि पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के सर्वर की एक खामी की वजह से करीब सात महीने तक लगभग 18 करोड़ ग्राहकों की निजी और वित्तीय जानकारी उजागर होने का खतरा बना रहा. हालांकि पीएनबी ने अपने सिस्टम में सेंध लगने या ग्राहकों का डेटा चोरी होने से इनकार किया.
साइबर सुरक्षा जागरूकता और कर्मचारियों से जुड़े जोखिम की जांच में माहिर कंपनी कुलसाइट के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट गौतम एस. मेंगले कहते हैं कि ऐसी घटनाओं को कहीं ज्यादा गंभीरता से देखना चाहिए क्योंकि इनसे बड़े साइबर अपराध हो सकते हैं.
ऐसे अपराधों में लोग आम तौर पर केवल पैसे के नुक्सान पर ध्यान देते हैं और उन बड़े अपराधों के खतरे को अनदेखा कर देते हैं जिनका रास्ता इस डेटा से खुल सकता है. वे कहते हैं, “डार्क वेब पर सबसे महंगी चीज डेटा है. लोग ऑनलाइन बोली लगाकर ऐसे डेटा के लिए बड़ी कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं और यही साइबर अपराधों को बढ़ावा दे रहा है.”
ऐसी घटनाएं या तो बाहर से सिस्टम में सेंध लगने की वजह से होती हैं या बैंक कर्मचारी अनजाने में किसी गलत लिंक पर क्लिक कर देते हैं, जिससे बैंक का सिस्टम जालसाजों के सामने खुल जाता है (देखें—डेटा कैसे लीक होता है). एसबीआइ के मामले में असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगी.
डेटा लीक से धोखाधड़ी तक
लीक हुआ निजी डेटा बड़े अपराधों का रास्ता कैसे खोलता है? इसका इस्तेमाल नकली पहचानपत्र बनाने, धोखे से कर्ज लेने, फर्जी सिम हासिल करने और फर्जी बैंक खाते खोलने में हो सकता है.
जालसाज इसी डेटा से फिशिंग कर सकते हैं—यानी भरोसेमंद संस्था या व्यक्ति बनकर लोगों को पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड नंबर या बैंक की जानकारी देने अथवा नुक्सानदेह सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने के लिए फंसा सकते हैं. मेंगले कहते हैं, “एआइ से चलने वाले आधुनिक मालवेयर ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं क्योंकि वे उसी वक्त अपना कोड खुद लिख सकते हैं.”
इसका सबसे कारगर जवाब जागरूकता है. मेंगले कहते हैं, “सही जागरूकता पैदा करके किसी कर्मचारी को ‘इंसानी कमजोरी’ से ‘इंसानी फायरवॉल’ में बदला जा सकता है.” ज्यादातर संस्थानों में कर्मचारियों को बार-बार समझाया जाता है कि किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें.
मगर मेंगले के मुताबिक, जब कर्मचारी जागरूकता के लिए जानबूझकर बनाए गए ऐसे लिंक पर क्लिक करता है, तभी उसे खतरे की पूरी गंभीरता समझ आती है. इसके लिए कई संस्थान ‘इंटरनल फिशिंग सिमुलेशन’ की ट्रेनिंग देते हैं. इसके नतीजों का विश्लेषण करके पता लगाया जाता है कि कोई कर्मचारी साइबर हमले के प्रति कितना असुरक्षित है.
यह इसलिए अहम है क्योंकि आज कई साइबर हमले बिना किसी मालवेयर के किए जाते हैं. लोगों को केवल झांसा देकर उनके लॉगइन नाम, पासवर्ड या ओटीपी हासिल कर लिए जाते हैं. संस्थानों को कर्मचारियों को बार-बार पासवर्ड बदलने और मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए, क्योंकि साइबर हमलावर कमजोर या आम पासवर्ड आसानी से तोड़ सकते हैं—मसलन व्यक्ति के नाम के बाद 123 जोड़ देना.
कर्मचारियों को ऐसे प्रयास पहचानने और रोकने की ट्रेनिंग देने के अलावा विशेषज्ञ बड़े वित्तीय संस्थानों में डेटा लीक रोकने के कई दूसरे उपाय सुझाते हैं. पहला, सिस्टम तक पहुंच पर मजबूत नियंत्रण हो और कर्मचारियों को उनके काम के मुताबिक ही अधिकार दिए जाएं.
दूसरा, नेटवर्क, ऐप और सिस्टम की सुरक्षा में सेंध लगाने के नियमित परीक्षण और कमजोरियों का आकलन कराया जाए. हमलों की नकल और सुरक्षा जांच के लिए एथिकल हैकर भी रखे जा सकते हैं. तीसरा, भेजे जाते समय डेटा को एन्क्रिप्ट किया जाए. चौथा, घुसपैठ पहचानने और रोकने वाले पर्याप्त सिस्टम तथा फायरवॉल लगाए जाएं.
घटनाओं की रियल टाइम निगरानी और उभरते खतरों पर नजर रखना भी जरूरी है. साथ ही, तुरंत डेटा वापस पाने के लिए उसका सुरक्षित बैकअप रखा जाना चाहिए. क्योंकि निजी डेटा गलत हाथों में पहुंच जाए तो नुक्सान केवल पैसे गंवाने तक सीमित नहीं रहता.