पांच तरीके अपनाकर बी-स्कूल खुद में ला सकते हैं नयापन

नई टेक्नोलॉजी के कारण परंपरागत एमबीए का करिअर खतरे में. ऐसे में बिजनेस स्कूलों को अपनी दाखिला प्रक्रिया में विविधता लानी चाहिए और क्रिटिकल थिंकिंग के हुनर को देनी चाहिए प्राथमिकता

इलस्ट्रेशन: राज वर्मा

अश्वत्थ दामोदरन

जर्मन भाषा के मेरे पसंदीदा शब्दों में से एक है, शैडेनफ्रॉयड. यह शब्द सुनने में इसके जैसे अंग्रेजी शब्दों की तुलना में ज्यादा असरदार लगता है. उसी में एक यह भी है जिसका अर्थ है “जैसी करनी, वैसी भरनी”.

हमारे सबसे अच्छे छात्र बैंकर, सलाहकार और कंपनियों के एग्जीक्यूटिव बनकर दुनिया भर में पहुंचते हैं. सुरक्षित और बढ़िया पैकेज वाले ऊंचे पदों पर बैठकर वे बदलाव (डिसरप्शन) के बारे में ऐसे तर्क देते हैं जो अक्सर सकारात्मक होते हैं.

लेकिन जब उनका सामना उन लोगों से होता है जो इस उथल-पुथल का दंश झेल रहे होते हैं (जैसे इंटरनेट के कारण तबाही झेलने वाले पारंपरिक दुकानदार या विदेशों के सस्ते मजदूरों के कारण नौकरियां गंवाने वाले फैक्ट्री कामगार और खान मजदूर) तो वे उन्हें भाषण देते हैं कि टीम के लिए उन्हें इतना तो सहना ही चाहिए. वे उन्हें वैश्वीकरण के फायदे गिनाते हैं और यह भी कि क्यों उन्हें “कोडिंग सीखनी चाहिए”. 

एआइ ने निवेश और कारोबार के तौर-तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है. भले आपको भरोसा न हो कि डेटा सेंटरों में किए गए खरबों डॉलर के निवेश से कोई फायदा मिलेगा या नहीं, लेकिन इनसे बिजनेस इकोनॉमिक्स बदल रही है और नौकरियों के लिए खतरा पैदा हो रहा है.

फर्क इतना ही है कि इसके शिकार वे लोग बन रहे हैं, जिनकी सैलरी सबसे ज्यादा है. ऐसे में, जब भारतीय बिजनेस स्कूल भविष्य की योजना बना रहे हैं, तो उन्हें आगे बढ़ने के तरीकों के बारे में कुछ आम सलाह इस प्रकार है.

पहला, विस्तार बंद कर दीजिए. बिजनेस स्कूल, जो बढ़िया बिजनेस करते थे जिनकी कभी कीमत तय करने की ताकत और ज्यादा मांग होती थी, अब खराब कारोबार की ओर अग्रसर हैं. दूसरा, एमबीए करने का खर्च घटाएं. कम ट्यूशन फीस लें और डिग्री कोर्स को दो साल से घटाकर एक कर दें.

तीसरा, आंकड़ों के पीछे न भागें. इतिहास के सौ छात्रों को कंपनियों का मूल्यांकन करने के लिए आंकड़ों का कौशल सिखाना आसान है, बजाय इसके कि सौ इंजीनियरों को उनकी कल्पनाशीलता पर भरोसा करना सिखाना.

चौथा, कंटेंट कम, सोचने की क्षमता ज्यादा हो. ज्यादातर बिजनेस क्लासेज में छात्रों को मॉडल और तौर-तरीकों के जरिए काम करना सिखाया जाता है. बहुत ही कम ऐसे स्कूल हैं जो क्रिटिकल थिंकिंग सिखाने पर ध्यान देते हैं.

पांचवां, भर्ती का जुनून रोकें (या कम से कम इसे धीमा करें). इससे बिजनेस स्कूलों पर बहुत दबाव पड़ रहा है. छात्र अब यह नहीं देखते कि उन्हें क्या सीखना चाहिए, बल्कि वे क्लास का चुनाव इस आधार पर करते हैं कि किस कंपनी में उन्हें नौकरी मिल सकती है.

अंत में, अगर एमबीए प्रोग्राम की सोच रहे हैं, तो खर्चों पर फिर विचार करें. आप पहले से किसी एमबीए प्रोग्राम में हैं, तो भले ही आपको पैसे वापस न मिलें, लेकिन नौकरी देने वाले का चुनाव करते समय ज्यादा नखरे न दिखाएं.

(लेखक न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस में फाइनेंस एजुकेशन के 'कर्शनर फैमिली चेयर' और फाइनेंस के प्रोफेसर हैं)

Read more!