प्रधान संपादक की कलम से
भारत में ‘महामारी जैसे’ स्तर पर पहुंच चुकी फंगल खुजली चिंता का विषय है क्योंकि इसमें तुरंत राहत का उपाय खुद बीमारी का हिस्सा बन सकता है

11 नवंबर, 2026
इंसानी जिंदगी की कुछ चीजें सचमुच लोकतांत्रिक होती हैं. आप सम्राट हों, सियासत के दिग्गज, धर्मगुरु या सोशल मीडिया स्टार—दुनिया की सबसे आम परेशानियों में से एक से समझी जाने वाली बला से कोई भी हैसियत आपको बचा नहीं सकती.
फिर भी हम इसे शायद ही उतनी अहमियत देते हैं जितनी दिल की बीमारी, डायबिटीज या ब्लड प्रेशर को मिलती है. बात प्रुरिटस यानी मामूली समझी जाने वाली खुजली की है. अब पहले से कहीं ज्यादा लोगों को खुजली हो रही है.
1990 से 2021 के बीच दुनिया में इसके मामले 11 फीसद बढ़े और पीड़ितों की दर्ज संख्या करीब दोगुनी होकर 8.07 करोड़ हो गई. भारत में 3,000 लोगों के एक सर्वे में 42.6 फीसद ने पिछले सात दिनों में खुजली होने की बात कही. हम खुजली को मामूली परेशानी मानकर तभी डर्मेटोलॉजिस्ट के पास दौड़ते हैं जब वह बेकाबू हो जाए.
मगर भूल जाते हैं कि त्वचा एक जीवित अंग है, हमारे शरीर का सबसे बड़ा अंग. लंबे समय से इसे ‘शरीर का आईना’ माना जाता है. उस पर दिखने वाले असामान्य बदलाव शरीर के भीतर चल रही गड़बड़ी को उजागर कर सकते हैं. फिर भी हम अक्सर इस खुली किताब को पढ़ नहीं पाते.
इसे ‘बस खुजली’ मान लेने से हमारी नजर सीमित हो जाती है. हम लक्षण को ही बीमारी समझ बैठते हैं. भारत जैसे देश में यह गलती आसानी से हो सकती है, जहां चिपचिपाती गर्मी, उमस, सिंथेटिक कपड़े, प्रदूषण, सौंदर्य प्रसाधनों का ज्यादा इस्तेमाल, तनाव और खराब खानपान त्वचा की समस्याएं पैदा कर सकते हैं.
ये सब तकलीफदेह हो सकते हैं मगर सतही समस्या और शरीर के भीतर की गड़बड़ी का संकेत देने वाली खुजली के बीच फर्क करना जरूरी है. खुजली लगातार बनी रहे, बार-बार लौटे या फैलने लगे तो ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है.
पुरानी खुजली नींद भी बिगाड़ सकती है और इससे दूसरी समस्याओं का सिलसिला शुरू हो सकता है. गुरुग्राम के आर्टेमिस हॉस्पिटल में डर्मेटोलॉजी और कॉस्मेटोलॉजी की हेड डॉ. मोनिका बांबरू कहती हैं, “हमारे पास ऐसे मरीज ज्यादा आ रहे हैं जिनकी खुजली एक बार की समस्या नहीं रही. उसे पैदा करने वाली असली वजह खत्म न होने से वह बार-बार होती है.”
वह वजह आखिर क्या हो सकती है? कुछ लोगों में खुजली लिवर या पित्त की नलियों की खराबी का संकेत हो सकती है. कुछ को यह लाल रक्त कोशिकाएं जरूरत से ज्यादा होने की चेतावनी दे सकती है.
दरअसल डायबिटीज, थायरॉइड, आंतों के माइक्रोबायोम की गड़बड़ी, ऑटोइम्यून बीमारी और लंबे समय से चली आ रही किडनी की खराबी तक सभी त्वचा के जरिए अपनी मौजूदगी जता सकती है. त्वचा के इस डैशबोर्ड पर चमकती शुरुआती चेतावनियां अंदरूनी बीमारी की समय रहते पहचान और इलाज तक ले जा सकती हैं. कभी-कभी इससे जिंदगी भी बच सकती है.
अच्छी खबर यह है कि जांच के नए तरीके खुजली की सही वजह और प्रकृति पहचानने में मदद कर सकते हैं, जिससे बिल्कुल सटीक इलाज का रास्ता खुलता है. पैच या फोटोपैच टेस्ट सौंदर्य प्रसाधनों में एलर्जी पैदा करने वाले खास तत्व की पहचान कर सकते हैं.
मल्टीडाइमेंशनल इच स्केल खुजली की गंभीरता, अवधि और फैलाव मापकर लिवर, किडनी तथा त्वचा रोगों से पैदा प्रुरिटस पर नजर रखते हैं. फंगल खुजली अब आपको किसी सामान्य मरहम तक नहीं बल्कि लैब कल्चर तक ले जाएगी, जो पहले फंगस की सही पहचान करता है.
उसके बाद सेंसिटिविटी टेस्ट बताते हैं कि उस पर कौन-सी दवा असर करेगी. यह जरूरी है क्योंकि अध्ययनों में दवा-प्रतिरोधी फंगस सामने आ रहे हैं. जेनेटिक टेस्ट भी इसी दिशा में मदद करते हुए ऐंटीफंगल प्रतिरोध से जुड़े जीन बदलावों की पहचान करते हैं.
इसी तरह इलाज भी ऐंटीहिस्टामिन से आगे बढ़कर बायोलॉजिक दवाओं और एंजाइम इनहिबिटर तक पहुंच गया है. इनके नाम भले ही बोलने में मुश्किल हों—डुपिलुमैब, ड्यूक्रावैसिटिनिब, डाइफेलिकेफालिन या जेनस काइनेज (जेएके) इनहिबिटर—लेकिन ये एक्जिमा, सोरायसिस, किडनी से पैदा खुजली, कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस और पित्ती जैसी पुरानी बीमारियों के नए इलाज हैं.
ये शरीर के भीतर की बारीक प्रक्रिया को निशाना बनाते हैं—सूजन के छोटे रास्ते और इम्यून सिस्टम तथा नसों के बीच आने-जाने वाले संकेत. दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल के डॉ. डी.एम. महाजन कहते हैं, “रोमांचक बात यह है कि अब हम हर गंभीर खुजली का इलाज एक ही तरह से नहीं कर रहे.”
इस हफ्ते हमारी आवरण कथा ऐसे विषय की पड़ताल करती है जिसे असली खुजली की तरह वह इलाज नहीं मिलता जिसका वह हकदार है. त्वचा की सतह से आगे जाकर सीनियर एडिटर सोनाली आचार्जी ने सतही पहलुओं को भी विस्तार से समेटा है. खुजली के तमाम प्रकार और उनके इलाज को समझाने वाले चार्ट भी इसमें हैं.
वे बताती हैं कि हम सभी अक्सर खुद दवा लेने लगते हैं. मगर रूखेपन, एलर्जी, एक्जिमा और फंगल संक्रमण पर एक ही क्रीम लगाने से इनमें से कोई भी समस्या सुधरने की बजाए और बिगड़ सकती है. भारत में ‘महामारी जैसे’ स्तर पर पहुंच चुकी फंगल खुजली चिंता का विषय है क्योंकि इसमें तुरंत राहत का उपाय खुद बीमारी का हिस्सा बन सकता है.
स्टेरॉइड क्रीम तुरंत आराम दे सकती हैं लेकिन फंगस को खत्म नहीं करतीं बल्कि उसे ज्यादा गंभीर बना सकती हैं. फिर भी बहुत-से भारतीय ऐसा करते हैंः एक अध्ययन में लंबे समय से फंगल खुजली झेल रहे 50.9 फीसद लोगों में यह आदत दिखी.
त्वचा की समस्या कुछ समय की हो या लगातार बनी रहे, वह सामाजिक चिंता पैदा कर सकती है. हमारी एक केस स्टडी में एक महिला गर्मी के बावजूद हमेशा पूरी बांह के कपड़े पहनती है, ताकि लोग उसके चकत्तों के बारे में सवाल न करें.
एक दूसरी महिला शादी से पहले एक्जिमा के तकलीफदेह दौर को याद करती है. इसके उलट, जरूरत से ज्यादा देखभाल भी त्वचा को नुक्सान पहुंचा सकती है. आज हर तरफ स्किनकेयर को लेकर जुनून दिखता है.
लोग एक के ऊपर एक उत्पाद, एसिड, रेटिनॉइड और स्क्रब लगा रहे हैं या किसी इन्फ्लुएंसर का नुस्खा आंख मूंदकर अपना रहे हैं. त्वचा की सतह और भीतर छिपे संकेतों की कई परतों को हमेशा समझिए. या डॉक्टर से पूछिए. दादी-नानी की पुरानी सलाह भी आज उतनी ही सही है—खुजाइए मत.