एआइ के साथ इंसान पर जोर

शिखर पर कायम रहते हुए आइआइएम-ए अब एआइ को अपना रहा है, यह भूले बिना कि निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदारी ही मैनेजर को अपरिहार्य बनाती है

नं. 1 इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अहमदाबाद

देश के बेस्ट बी-स्कूल 

बिजनेस लीडर और आंत्रप्रेन्योर तैयार करने के लिए बना भारतीय प्रबंधन संस्थान 65 साल बाद इस सवाल से मुखातिब है कि जब विश्लेषण सॉफ्टवेयर करके दे रहा हो, तो मैनेजर भला किसलिए है. डायरेक्टर प्रो. भारत भास्कर का जवाब है कि वह निर्णय लेने के लिए है.

वे कहते हैं, “हमारे लिए सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब हम एनालिसिस (विश्लेषण) पढ़ाने के बजाए जजमेंट (निर्णय लेना) पढ़ा रहे हैं.” विश्लेषण सस्ता होता जा रहा है, ऐसे में दुर्लभ हुनर यह तय करना है कि क्या पूछें.

सांस्थानिक पहल कृष्णमूर्ति टंडन स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस है, जो पूर्व छात्रा चंद्रिका टंडन (पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम, 1975) से मिली 100 करोड़ रुपए की निधि से शुरू किया गया है.

यह टेक्नोलॉजी, प्रबंधन और लोगों पर असर के बीच काम करता है. छह महीनों में ही इसके अनुसंधान की कार्यसूची का विस्तार जनव्यवस्था और राजकाज, स्वास्थ्य सेवा और फिनटेक यानी वित्तीय टेक्नोलॉजी तक हो गया है.

इसी के तहत बिजनेज एनालिटिक्स और एआइ में बीपीजीए (ब्लेंडेड पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम) आता है, जिसे भारत में अपनी तरह का पहला ब्लेंडेड या संयुक्त एमबीए माना जा रहा है. इसमें ऑनलाइन सत्रों के साथ ऑन-कैंपस मॉड्यूल शामिल हैं ताकि कामकाजी पेशेवर करियर को विराम दिए बिना अपना हुनर बढ़ा सकें.

साझेदारियां बढ़ रही हैं. ओपनएआइ के साथ मिलकर काम करने का मकसद यह है कि उद्यम से जुड़े फैसलों और एआइ आधारित शिक्षण में जिम्मेदार एआइ का इस्तेमाल हो.

जुलाई में पूर्व छात्र रवि मट्टू (पीजीपी, 1979) के साथ स्थापित मट्टू सेंटर फॉर रिसर्च इन सिक्योरिटी प्राइसिंग ऐंड कॉर्पोरेट फाइनेंस भारत के लिए खास फाइनेंशियल डेटाबेस तैयार करेगा. अगस्त में आइआइएम-ए और कॉर्पोरेट वकील सिरिल श्रॉफ ने मिलकर भविष्य के कानूनी सलाहकारों के लिए लीडरशिप एकेडमी की सह-स्थापना की.

भास्कर कतई नहीं मानते कि एमबीए अंतिम सांसें गिन रहा है. भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, इसका उपभोक्ता बाजार करीब 1.5 अरब लोगों का है, और उसे फाइनेंस, ऑपरेशंस और संगठन को समझने वाले मैनेजरों की जरूरत है. उनका कहना है कि एआइ रोजमर्रा के कामों को संभाल लेगा, लेकिन जवाबदेही तो इंसानों की ही रहेगी.

वे कहते हैं, “बैंक कर्ज के आवेदन की जांच-पड़ताल के लिए एआइ का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन किसी न किसी को तय करना ही होगा कि कितना जोखिम लेना है, और नतीजों की जिम्मेदारी लेनी होगी.”

उनका कहना है कि नियोक्ता एआइ, एनालिटिक्स, क्लाउड और साइबरसिक्योरिटी में निपुण ग्रेजुएट चाहते हैं. मैनेजरों को एआइ के लिए समस्या को सटीक ढंग से बयान करना सीखने के साथ यह भी जानना होगा कि मॉडल पर संदेह कब करना है.

उधर विदेश में, सितंबर 2025 में शुरू हुए दुबई कैंपस ने अपने एक साल के एमबीए में दो साल का एग्जीक्यूटिव एमबीए जोड़ा है. यह रणनीतिक नेतृत्व की तरफ बढ़ रहे अनुभवी पेशेवरों के लिए है. मकसद दुबई को आइआइएम-ए का बड़ा केंद्र बनाना है.

Read more!