उत्तर प्रदेशः श्मशान में भी भ्रष्टाचार

ठेकेदार अजय त्यागी ने पुलिस को बताया कि सरकारी ठेके लेने के लिए अधिकारियों को 25 से 30 प्रतिशत कमिशन दिया जाता है

जानलेवा गाजियाबाद के मुरादनगर के श्मशान घाट में हादसे का दर्दनाक दृश्य
जानलेवा गाजियाबाद के मुरादनगर के श्मशान घाट में हादसे का दर्दनाक दृश्य

उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मुरादनगर के श्मशान घाट पर 3 जनवरी की सुबह बंबा रोड, संगम विहार निवासी एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा करीब साढ़े 11 बजे पहुंची थी. उस अंतिम यात्रा में करीब 50 लोग शामिल थे. अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू ही हुई थी कि बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए वे लोग श्मशान घाट के प्रवेश द्वार पर बने 70 फुट लंबे गलियारे में खड़े हो गए.

आधे घंटे बाद अंतिम संस्कार संपन्न होने पर गलियारे में खड़े लोगों ने मृतक की याद में दो मिनट का मौन रखा. इसी बीच गलियारे की छत भरभरा कर गिर गई. अचानक हुए इस हादसे से आसपास कोहराम मच गया. मौके पर पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस ने करीब पांच घंटे तक जद्दोजहद के साथ राहत कार्य किया. इस दौरान 24 लोगों के शव मलबे में दबे पाए गए. वहीं, 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सरकारी योजनाओं में किस कदर भ्रष्टाचार का बोलबाला है, इसकी बानगी मुरादनगर में 60 लाख रुपए की लागत से दो महीने पहले ही बने उस गलियारे में पूरी तरह से सामने आ गई है. मुरादनगर नगर पालिका में जिला योजना के तहत बंबा श्मशान घाट का निर्माण कार्य कराया गया था. श्मशान घाट में दो कमरे बनाने के साथ शवदाह के स्थान को टि‍नशेड से ढका गया था. लकड़ियां रखने के‍ लिए श्मशान के मुख्यद्वार पर गलियारा भी बनाया गया था. इस निर्माण कार्य पर शुरुआत से ही सवाल खड़े हो रहे थे. स्थानीय सभासद दिनेश कुमार शर्मा बताते हैं, ''निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने की शि‍कायत दो बार मैंने नगर पालिका की अधि‍शासी अधि‍कारी निहारिका सिंह चौहान से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. मैंने अधि‍शासी अधि‍कारी से कहा था कि एक बार जूनियर इंजीनियर को मौके पर भेजकर निर्माण कार्य की जांच करा ली जाए लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया.'' नगर पालिका से शि‍कायत पर कोई कार्रवाई न करने के बाद दिनेश कुमार शर्मा शांत नहीं बैठे. उन्होंने स्थानीय सांसद समेत अन्य अधि‍कारियों को भी घटिया निर्माण के बाबत शि‍कायती पत्र भेजे लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई.

मुरादनगर के इस हादसे के फौरन बाद मेरठ मंडल की कमिशनर अनीता सी. मेश्राम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की. पड़ताल में सामने आया कि 4 फरवरी, 2020 को राजनगर निवासी ठेकेदार अजय त्यागी की कंपनी को श्मशान के सौंदर्यीकरण का ठेका दिया गया था. जांच में यह भी पता चला कि नि‍यमानुसार 50 लाख रुपए से अधि‍क के निर्माण कार्य की जांच होनी चाहिए लेकिन मुरादनगर श्मशान घाट में हुए निर्माण में कोई जांच नहीं की गई.

गाजियाबाद जिला प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर तीन वरिष्ठ इंजीनियरों की टीम श्मशान घाट में जमींदोज हुए गलियारे में लगी निर्माण सामग्री और अन्य निर्माण की जांच के लिए गठित की है. जांच टीम को श्मशान घाट से जुड़े निर्माण कार्य में कदम-कदम पर गड़बड़ी मिली है. जांच टीम को श्मशान घाट में कराए गए चार बड़े निर्माण कार्यों में सिर्फ एक बरामदे का डिजाइन संबंधि‍त विभागीय फाइल में मिला. जमींदोज हुए गलियारे का डिजायन पत्रावली में था ही नहीं. श्मशान घाट में बने 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के नवनिर्मित हॉल में जांच टीम को चारों कोनों पर एक-एक यानी कुल चार पिलर मिले. हॉल के बीच में एक क्रास बीम मिला.

इस बीम की लंबाई ज्यादा होने की वजह से इसे झुकने से बचाने के लिए बीम के नीचे एक और पिलर बाद में खड़ा कर दिया गया. गाजियाबाद नगर निगम में तैनात एक इंजीनियर बताते हैं, ''मानकों के अनुसार इस हॉल में कुल आठ पिलर होने चाहिए थे और चूंकि इसमें लकड़ि‍यां रखी जानी थीं ऐसे में हाल के बीच में कोई पिलर नहीं होना चाहिए था. अगर समय पर इस निर्माण कार्य की जांच हो जाती तो इसकी तकनीकी खामी पकड़ी जा सकती थी.'' जाहिर है, सरकारी व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार ने दो दर्जन मासूम लोगों की जान ले ली.

भ्रष्टाचार और सत्ता के मेल से ठेकेदार त्यागी का सरकारी निर्माण कार्यों में दबदबा था. त्यागी ने नगर निगम में अलग-अलग नाम से तीन फर्में अजय त्यागी कंस्ट्रक्शंस, माही कंस्ट्रक्शंस ऐंड बिल्डर्स और कृष्णा एसोसिएट के नाम से रजिस्टर्ड करा रखी थी. हर वर्ष अफसरों से साठगांठ कर वह किसी न किसी एक फर्म को बड़ा ठेका दिलवा देता था. साल 2020 के शुरुआत में गाजियाबाद के सिकरोड इलाके में 1.80 करोड़ रुपए की लागत से अजय की फर्म ने एक नाला का निर्माण कराया था. इसके निर्माण में गड़बड़ी की जांच गाजियाबाद नगर निगम करा रहा है.

मुरादनगर की घटना के बाद अधि‍शासी अधि‍कारी निहारिका चौहान, ठेकेदार त्यागी, जूनियर इंजीनियर सी.पी. सिंह‍ पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया. पुलिस से पूछताछ में ठेकेदार त्यागी ने कबूला है कि उसकी फर्म को श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य का ठेका 55 लाख रुपए में मिला था. त्यागी ने पुलिस के सामने दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि उसने जेई के कहने पर अधि‍शासी अधि‍कारी निहारिका चौहान के कार्यालय में 16 लाख रुपए रिश्वत दी थी. उसने यह भी बताया कि अधि‍कारियों को 25 से 30 प्रतिशत कमिशन दिया जाता है. अजय के बयान के आधार पर पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है.

उधर, इस भीषण घटना के बाद डैमेज कंट्रोल करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर घटना की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआइटी) से कराने के साथ पीड़ित परिवारों के बच्चों की फीस माफ करने और मृतक परिवार को दस-दस लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की है. इसके अलावा, योगी सरकार ने 50 लाख रुपए से अधि‍क के सभी निर्माण कार्यों की जांच का आदेश भी दिया है. जाहिर है, भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से लगाम लगाए बिना इस तरह के हादसे नहीं रुकेंगे.

Read more!